ओटीटी रिलीज: वीकएंड पर जमेगी मनोरंजन की महफिल; 'गजब रात' से 'दुनिया की ठांय ठांय' तक क्या-क्या लिस्ट में?
Friday OTT Release: वीकएंड पर इस बार ओटीटी पर एंटरटेनमेंट का तगड़ा डोज मिलने वाला है। कई दिलचस्प फिल्मों और सीरीज के विकल्प दर्शकों को मिलेंगे।
विस्तार
त्योहारों वाला मौसम चल रहा है। हर तरफ रौनक है। सिनेमाघर में बड़े-बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में रिलीज की कतार में हैं। माहौल ओटीटी पर भी शानदार है। इस वीकएंड दर्शकों के लिए मनोरंजन की खूब बढ़िया महफिल जमने वाली है। जानिए कौन-कौन सी सीरीज और फिल्में देख सकते हैं?
गजब रात
मनोज बाजपेयी और नुसरत भरूचा अभिनीत यह एक क्राइम थ्रिलर ड्रामा फिल्म है। फिल्म की कहानी एक पुलिस अधिकारी पर आधारित है। पहले इस फिल्म का टाइटल 'घूसघोर पंडत' था। इस पर काफी विवाद हुआ। इसके बाद नाम बदलकर 'गजब रात' किया गया। यह फिल्म 23 अक्तूबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इस फिल्म में साकिब सलीम, दिव्या दत्ता और कीकू शारदा जैसे सितारे भी हैं। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है।
चार यार
वेब सीरीज ‘चार यार’ भी इस वीक दस्तक देगी। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है। यह दोस्तों पर आधारित है। इसमें गरीबी और क्राइम को साथ मिलाजुला कर दिखाया जाएगा। 'चार यार' में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयाग मेहता अहम किरादारों में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा साथ ही साईं तम्हाणकर, सिकंदर खेर, दिब्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम किरदार निभाते दिखाई देने वाले हैं। सीरीज 23 अक्तूबर 2026 से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल ने किया है।
द लीजेंड ऑफ हनुमान सीजन 7
भगवान हनुमान पर आधारित सीरीज ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ का सातवां सीजन भी इस वीक दस्तक देगा। इस सीजन में लंका का युद्ध अपने सबसे निर्णायक और भयावह मोड़ पर पहुंचता है। वानर सेना निराश होती है। मगर, तभी बजरंगबली उस अस्त्र की तलाश में निकलते हैं, जो हमेशा के लिए रावण का अंत कर सकता है। यह सीरीज 23 अक्तबूर 2026 को जियोहॉटस्टार पर दस्तक देगी।
सूमो दीदी
यह स्पोर्ट्स बायोपिक है। 'सूमो दीदी', भारत की पहली प्रोफेशनल महिला सूमो पहलवान हेतल दवे की जिंदगी से प्रेरित है। यह फिल्म 23 अक्तूबर 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर दस्तक देगी। इसमें श्रियम भगनानी लीड रोल में हैं। वहीं, चैतन्य शर्मा, अनुभा फतेहपुरिया, नितेश पांडे, राघव धीर और मीनल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं। जयंत रोहतगी ने निर्देशन की कमान संभाली है।
'लुपिन 4'
इसके अलावा नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज 'लुपिन' भी अपने चौथे सीजन के साथ वापसी कर रही है। लोकप्रिय फ्रेंच क्राइम-ड्रामा सीरीज है। 'लुपिन 4' 23 अक्तूबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
द पैराडाइज
तेलुगु सुपरस्टार नानी की एक्शन पीरियड ड्रामा फिल्म 'द पैराडाइज' सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर आ गई है। यह नेटफ्लिक्स पर 22 अक्तूबर को रिलीज हुई है। इसका हिंदी डब वर्जन भी उपलब्ध है। श्रीकांत ओडेला निर्देशित फिल्म में में राघव जुयाल, कयादु लोहार और मोहन बाबू भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'नोबडी वॉन्ट्स दिस सीजन 3'
अगर आपको रोमांटिक कॉमेडी सीरीज में दिलचस्पी है तो इस वीक 'नोबडी वॉन्ट्स दिस' के तीसरे सीजन का भी विकल्प है। यह सीरीज 22 अक्तूबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इसमें क्रिस्टन बेल और एडम ब्रॉडी अहम भूमिका में होंगे।
दुनिया की ठांय ठांय
यह वेब सीरीज भी इस वीक की लिस्ट में शामिल है। इसे सचिन पांडे ने बनाया है। वहीं, निर्देशन सुमित चावला ने किया है। ऋषभ जायसवाल और दीपाली शर्मा अभिनीत सीरीज 'दुनिया की ठांय ठांय' प्राइम वीडियो एमएक्स प्लेयर पर 22 अक्तूबर से उपलब्ध है।
मोआना
वीकएंड पर बच्चों के साथ फिल्म देखने का मन है तो यह एक बढ़िया ऑप्शन है। यह चर्चित एनिमेटेड फिल्म है। 'मोआना' सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर आ रही है। 21 अक्तूबर को यह जियो हॉटस्टार पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म का निर्देशन थॉमस कैल ने किया है। बता दें कि यह डिज्नी की साल 2016 की एनिमेटेड फिल्म का लाइव-एक्शन रीमेक है। यह 10 जुलाई 2026 को रिलीज हुई थी। अब ओटीटी पर भी उपलब्ध है।
लव इन डिस्गाइज
अगर के-ड्रामा में दिलचस्पी है तो इस वीक आप इसे देख सकते हैं। यह एक रोमांटिक थ्रिलर ड्रामा है। इम सिवान, सियोल इन आह, किम जंग ह्यून और येनवू अभिनीत 'लव इन डिस्गाइज' 19 अक्तूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर आ चुकी है।