पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन 6: पक्की हो गई जॉनी डेप की एंट्री? जैक स्पैरो के रूप में वापसी पर एक्टर ने तोड़ी चुप्पी
- हॉलीवुड की मशहूर फिल्म फ्रैंचाइजी ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ की छठी किस्त में जॉनी डेप की वापसी के कयास लगाए जा रहे हैं।
- इस फिल्म के निर्माता जेरी ब्रुकहाइमर पहले ही छठा पार्ट बनाने की बात कह चुके हैं। तब से यह सवाल किया जा रहा है कि क्या जॉनी डेप भी नजर आएंगे?
- हाल ही में खुद हॉलीवुड एक्टर ने अपनी भूमिका को लेकर चुप्पी तोड़ी है। जानिए क्या कहा?
विस्तार
हॉलीवुड की मशहूर फैंटेसी-एडवेंचर फिल्म फ्रैंचाइजी ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ के छठे पार्ट की तैयारियां चल रही हैं। जॉनी डेप अभिनीत इस फ्रेंचाइजी की अगली किस्त को लेकर निर्माता जेरी ब्रुकहाइमर पहले ही बात कर चुके हैं कि वे इसे बनाएंगे। मगर, सवाल है कि क्या जॉनी डेप भी छठी किस्त में नजर आएंगे? इसे लेकर हॉलीवुड एक्टर ने प्रतिक्रिया दी है।
वापसी की संभावनाओं पर क्या कहा?
हॉलीवुड एक्टर जॉनी डेप ने ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन 6’ में जैक स्पैरो के रूप में अपनी वापसी की संभावनाओं पर बात की है। ‘एबेनेजर’ प्रेस टूर के दौरान बात करते हुए जॉनी डेप ने संकेत दिया कि वे एक बार फिर समुद्री डाकू की कॉस्ट्यूम पहनेंगे। साथ ही कहा कि वे अपने दोस्त और फ्रैंचाइजी के प्रोड्यूसर जेरी ब्रुकहाइमर को कभी मना नहीं करेंगे।
बोले- 'जेरी ब्रुकहाइमर पर पूरा भरोसा '
वैराइटी के मुताबिक, एक्टर ने कहा, 'अगर ‘पाइरेट्स’ फ्रैंचाइजी को टॉप पर लाने के मामले में चीजें ठीक वैसी ही हैं, जैसी होनी चाहिए तो मैं सच में बस यही चाहता हूं कि उन्हें एक बेहतर नोट पर विदा करूं। मैं कल किसी भी चीज के लिए जेरी ब्रुकहाइमर के साथ काम करने जाऊंगा। कोई बात नहीं। अगर वह जेरी हैं, तो मुझे उस पर भरोसा है। हमारी गहरी दोस्ती है'। बता दें कि 2025 की शुरुआत में ब्रुकहाइमर ने पुष्टि की थी कि उन्होंने जॉनी डेप से एक नई ‘पाइरेट्स’ फिल्म के बारे में बात की है।
निर्माता ने क्या कहा था?
ब्रुकहाइमर ने कहा था, 'अगर उन्हें (जॉनी) यह पार्ट लिखने का तरीका पसंद आया, तो मुझे लगता है कि वह इसे करेंगे। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि पेज पर क्या है, जैसा कि हम सब जानते । हम अभी भी एक स्क्रीनप्ले पर काम कर रहे हैं। हम इसे बनाना चाहते हैं। हमें बस सही स्क्रीनप्ले मिलना है। अभी तक वहां तक नहीं पहुंचे हैं, लेकिन हम करीब हैं'।
वहीं, D23 पर डेडलाइन से बात करते हुए फिल्म प्रोड्यूसर ने बताया, 'हम जॉनी से बात कर रहे हैं, हम एक स्क्रीनप्ले पर काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि हम इसे पूरा कर लेंगे'।
कब रिलीज हुई थी 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन'?
फिल्म 'पाइरेट्स ऑफ द कैरिबियन: द कर्स ऑफ द ब्लैक पर्ल' साल 2003 में रिलीज हुई थी। फिल्म में जॉनी डेप ने कैप्टन जैक स्पैरो की भूमिका निभाई थी। वहीं फिल्म का निर्देशन वर्बिंस्की ने किया था। फिल्म ने दुनियाभर में 6,252.92 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। इसके बाद से लेकर अब तक इस सीरीज के कुछ पांच भाग रिलीज हो चुके हैं।