अजय देवगन को ब्रेक देने वाले निर्देशक कुकू कोहली का निधन; 77 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
Kuku Kohli Death: नामी निर्देशक कुकू कोहली नहीं रहे। 77 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। उन्होंने अजय देवगन को ब्रेक दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की बॉलीवुड में बोहनी कराने वाले निर्देशक कूकू कोहली नहीं रहे। उनके निधन की खबर है। आज मंगलवार 25 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने के चलते उनका निधन हुआ है। वे 77 वर्ष के थे। बता दें कि कुकू कोहली, दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति थे।
मुंबई के अस्पताल में भर्ती थे कुकू कोहली
फिल्म निर्माता-निर्देशक को आज मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अरुणा ईरानी के भाई बलराज ईरानी ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में इस दुखद खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उनके जीजा कुकू कोहली की तबीयत ठीक नहीं थी और कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने बताया कि कुकू कोहली को ब्लॉकेज की समस्या थी और कल ही उनके स्टेंट लगाया गया था।
बलराज ईरानी ने कहा, 'वे बिल्कुल ठीक थे, लेकिन आज शाम उन्हें हार्ट अटैक आया। वे हमसे बात कर रहे थे और अचानक गिर पड़े'।
कुकू कोहली की निजी जिंदगी
बता दें कि कुकू कोहली ने साल 1990 में अरुणा ईरानी से शादी की थी। अरुणा ईरानी से पहले कुकू कोहली की शादी रीता कोहली से हुई थी, जिनके साथ उनकी दो बेटियां- पूजा कोहली और करिश्मा कोहली हैं।
कुकू कोहली की फिल्में
कुकू कोहली ने ही अजय देवगन को फिल्म 'फूल और कांटे' से पहला ब्रेक दिया था। उन्होंने अभिनेता का आइकॉनिक एंट्री सीन भी बनाया था, जिसमें अजय देवगन दो चलती हुई मोटरसाइकिलों पर पैर फैलाकर (स्प्लिट स्टंट) कॉलेज में प्रवेश करते हैं।
इसके अलावा उन्होंने 'सुहाग' फिल्म (1994) बनाई, जिसमें अजय और अक्षय कुमार थे। इस फिल्म ने 'अंदाज अपना अपना' के साथ टक्कर में जीत हासिल की थी। इसके अलावा 'कोहराम', 'आंटी नंबर 1' और 'हकीकत' जैसी फिल्में भी कुकू कोहली ने दर्शकों को दीं।
कल होगा अंतिम संस्कार
कुकू कोहली का अंतिम संस्कार कल बुधवार सुबह साढ़े दस बजे मुंबई के ओशिवारा में होगा। इससे पहले सुबह साढ़े नौ बजे निर्देशक के आवास पर उनके अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे।