MCA Election: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में हाईकोर्ट की सख्ती, उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर लगाई रोक
12 नवंबर को होने वाले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के चुनाव को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है। कोर्ट ने एमसीए चुनाव में उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर सात नवंबर तक रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि चुनाव अधिकारी पहले मतदाता सूची पर उठी आपत्तियों पर कारणयुक्त आदेश दें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को 12 नवंबर को होने वाले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के चुनाव में उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर गुरुवार (7 नवंबर) तक अस्थायी रोक लगा दी है। मामले में सुनवाई के दौरान जस्टिस रियाज चागला और फरहान दुबाश की खंडपीठ ने कहा कि चुनाव अधिकारी को पहले उन सदस्यों की आपत्तियों पर कारण सहित आदेश जारी करना होगा, जिन्होंने मतदाता सूची पर आपत्ति जताई है। तब तक वैध उम्मीदवारों की सूची घोषित नहीं की जाएगी।
कोर्ट ने कहा कि हमारा मत है कि चुनाव अधिकारी को फिलहाल वैध उम्मीदवारों की सूची घोषित करने से रोका जाए। यह रोक अगले आदेश तक लागू रहेगी। मामले की अगली सुनवाई अब गुरुवार को होगी। कोर्ट ने यह भी कहा कि यदि चुनाव कार्यक्रम में बदलाव होता है तो उसके लगातार पड़ने वाले असर पर भी अगली सुनवाई में विचार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- SIR: बिहार में बेअसर रहा SIR क्या पश्चिम बंगाल में बनेगा मुद्दा, ममता दीदी के तेवर तय करेंगे राजनीति की दिशा
समझिए क्या है मामला?
बता दें कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवारों की जांच के बाद वैध उम्मीदवारों की सूची मंगलवार को जारी होनी थी। साथ ही 5 से 7 नवंबर तक नाम वापस लेने की समयसीमा तय थी। ऐसे में याचिकाकर्ताओं ने अदालत को बताया कि उन्होंने 20 अक्तूबर को मतदाता सूची पर आपत्तियां दी थीं, लेकिन चुनाव अधिकारी ने 24 अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी करने से पहले उन पर कोई लिखित या कारणयुक्त आदेश नहीं दिया।
कौन-कौन से उम्मीदवार मैदान में?
गौरतलब है कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष पद के लिए इस बार आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान डायना एडुल्जी, मौजूदा अध्यक्ष अजिंक्य नाइक (जिन पर ‘कूलिंग ऑफ’ अवधि लागू होने की संभावना है), भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड, शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी और उद्धव ठाकरे के करीबी मिलिंद नारवेकर, एनसीपी विधायक जीतेन्द्र आव्हाड, राज्य मंत्री प्रताप सरनाईक के बेटे और टी20 मुंबई लीग के चेयरमैन विहंग सरनाईक, पिछले साल सचिव पद का चुनाव हारने वाले सुरज समत, और पूर्व संयुक्त सचिव शाहालम शेख शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:- India-Indonesia: इंडोनेशिया को ब्रह्मोस बेचने के करीब पहुंचा भारत, जल्द हो सकते हैं सौदे पर हस्ताक्षर