Gujarat New MLA: 29 के हार्दिक-पायल सबसे युवा, 100 करोड़ से ज्यादा संपत्ति वाले पांच विधायकों में चार भाजपा के
नई विधानसभा की औसत उम्र 54 साल 4 महीने से ज्यादा है। हार्दिक पटेल और नरोदा से भाजपा के टिकट पर जीतीं पायल कुकरानी नई विधानसभा के सबसे युवा चेहरे हैं। दागी विधायकों में सबसे ज्यादा 22 मामले वीरमगाम से भाजपा के टिकट पर जीते हार्दिक पटेल पर चल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजरात की नई विधानसभा पिछली विधानसभा के मुकाबले ज्यादा अमीर होगी। 2017 के मुकाबले करोड़पति विधायकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। पांच विधायक ऐसे हैं जिनके पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। हार्दिक नई विधानसभा के सबसे युवा दो चेहरों में शामिल हैं। हार्दिक और नरोदा से जीतीं पायल कुकरानी की उम्र 29 साल है। नई विधानसभा में 2017 के मुकाबले दागियों की संख्या में भी कमी आई है।
आइए जानते हैं कि गुजरात की नई विधानसभा में चुनकर आए नए चेहरे कितने पढ़े-लिखे हैं? नवनिर्वाचित विधायकों की औसत उम्र क्या है? कितने युवा और कितने बुजुर्ग हैं? कितने ऐसे विधायक हैं, जिनपर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं? कितने करोड़पति इस विधानसभा में पहुंचे हैं।
नई विधानसभा की औसत उम्र 54 साल
नई विधानसभा की औसत उम्र 54 साल 4 महीने से ज्यादा है। हार्दिक पटेल और नरोदा से भाजपा के टिकट पर जीतीं पायल कुकरानी नई विधानसभा के सबसे युवा चेहरे हैं। दोनों की उम्र 29 साल है। पायल पूर्व मंत्री माया कोडनानी की बेटी हैं। रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा नई विधानसभा की तीसरी सबसे युवा विधायक होंगी। रिवाबा की उम्र 32 साल है।
इन तीनों के अलावा डेडीआपाडा से आप के टिकट पर जीते 34 साल के चैतर वसावा और गांधीधाम से भाजपा के टिकट पर जीतीं 34 साल की मालती महेश्वरी पांच सबसे युवा विधायकों में शामिल होंगी। यही पांच नव निर्वाचित विधायक ऐसे हैं जिनकी उम्र 35 साल से कम है। 35 से 50 साल उम्र के कुल 45 उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। 73 नव निर्वाचित विधायक ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 से 60 साल के बीच है।
60 साल और उससे अधिक उम्र के 59 उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। इनमें दो की उम्र 75 साल से ज्यादा है। दोनों भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं। 79 साल के गोविंद परमार सबसे उम्रदराज विधायक होंगे।
40 विधायकों पर चल रहे आपराधिक मामले
नई विधानभा के करीब 22 फीसदी विधायकों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। कुल 40 विधायकों पर मुकदमें चल रहे हैं। पिछली विधानसभा के मुकाबले नई विधानसभा में दागियों की संख्या घटी है। 2017 में जीते विधायकों में 26 फीसदी यानी 47 दागी थे।
पांच सबसे दागी विधायकों में हार्दिक, जिग्नेश और अल्पेश शामिल
दागी विधायकों में सबसे ज्यादा 22 मामले वीरमगाम से भाजपा के टिकट पर जीते हार्दिक पटेल पर चल रहे हैं। हार्दिक के बाद सबसे ज्यादा 10 मामले कांग्रेस के टिकट पर वडगाम से जीते जिग्नेश मेवाणी पर चल रहे हैं। कांग्रेस के टिकट पर पाटन सीट से जीते डॉ. किरीटकुमार पटेल (नौ मामले), आप के टिकट पर डेडिआपाडा से जीते चैतर वसावा (आठ मामले) और भाजपा के टिकट पर गांधीनगर दक्षिण से जीते अल्पेश ठाकोर (छह मामले) सबसे दागी पांच नवनिर्वाचित विधायकों में शामिल हैं।
कितने अमीर हैं गुजरात के नए विधायक?
नई विधानसभा के लिए चुने गए विधायकों की औसत संपत्ति 16.41 करोड़ रुपये है। 182 में से 151 नए विधायक करोड़पति होंगे। 2017 के मुकाबले करोड़पति विधायकों की संख्या में इजाफा हुआ है। पिछली विधानसभा में 141 करोड़पति विधायक बने थे। इस बार इसमें करीब सात फीसदी का इजाफा हुआ है। भाजपा के 156 में से 132 विधायक करोड़पति हैं। कांग्रेस के 17 में से 14, आप के पांच में से एक विधायक करोड़पति हैं। तीनों निर्दलीय और सपा के इकलौते विधायक भी करोड़पतियों में शामिल हैं।
नई विधानसभा में केवल विधायक 31 ऐसे होंगे जिनकी संपत्ति एक करोड़ से कम है। भाजपा के मोहनभाई कोंकणी नई विधानसभा के सबसे कम संपत्ति वाले विधायक होंगे। मोहनभाई ने अपने चुनावी हलफनामे में कुल 18.56 लाख रुपये की संपत्ति बताई है। कुल 11 नवनिर्वाचित विधायक ऐसे हैं जिनकी संपत्ति 50 लाख रुपये से कम है। इनमें एक-एक कांग्रेस और आप के टिकट पर जीते हैं। वहीं नौ भाजपा के टिकट पर जीते हैं। कांग्रेस के सबसे कम संपत्ति वाले नवनिर्वाचित विधायक जिग्नेश मेवानी हैं। जिग्नेश के पास 35.48 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं, आप के सबसे कम संपत्ति वाले विधायक सुधीर वाघाणी के पास 19.03 लाख रुपये की संपत्ति है। सुधीर नई विधानसभा के दूसरे सबसे कम संपत्ति वाले विधायक होंगे।
सबसे अमीर विधायकों की बात करें तो नई विधानसभा में पांच ऐसे विधायक होंगे जिनकी संपत्ति 100 करोड़ रुपये से ज्यादा होगी। इन पांच में से चार भाजपा के टिकट पर जीते हैं। जबकि, एक निर्दलीय विधायक हैं। भाजपा के जेएस पटेल नई विधानसभा के सबसे अमीर विधायक होंगे। उनके पास 661.28 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
कितने पढ़ी-लिखी होगी नई विधानसभा?
नई विधानसभा में सात विधायक साक्षर होंगे। वहीं, चार ने पांचवीं तक की पढ़ाई की है। चुनाव जीते 16 उम्मीदवारों ने 8वीं तक की पढ़ाई की है। वहीं, 36 10वीं पास हैं। इनमें रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा भी शामिल हैं। चुनाव जीते 30 उम्मीदवार 12वीं तो 35 स्नातक तक की पढ़ाई की है। 23 स्नातक पेशेवर हैं तो 19 के पास परास्नातक की डिग्री है। छह के पास अन्य डिग्रियां हैं। वहीं, छह ने पीएचडी की है।