Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   India emerged third largest power Modi become Mighty revealed Lowy Institute Asia Power Index 2026 report

'आप भारत को बदनाम क्यों कर रहे?': राहुल गांधी पर रविशंकर प्रसाद का तीखा हमला, गिनाए देश की तरक्की के आंकड़े

Mon, 23 Nov 2026 04:18 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Mon, 23 Nov 2026 04:18 PM IST
सार

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर विदेशों में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 समेत गोल्डमैन सैक्स, IMF और विश्व बैंक की रिपोर्टों का हवाला देकर भारत की बढ़ती आर्थिक और कूटनीतिक ताकत का दावा किया है।

विज्ञापन
India emerged third largest power Modi become Mighty revealed Lowy Institute Asia Power Index 2026 report
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बताते हैं, जबकि दुनिया के कई बड़े और भरोसेमंद संस्थानों की रिपोर्टें भारत की बढ़ती ताकत और आर्थिक तरक्की की गवाही दे रही हैं। रविशंकर प्रसाद ने ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट, गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक की रिपोर्टों का हवाला देते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि आखिर वे किस आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बता रहे हैं?

विज्ञापन


लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में भारत को तीसरा स्थान
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के स्वतंत्र थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की 'एशिया पावर इंडेक्स 2026' रिपोर्ट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2003 में स्थापित यह संस्थान एशिया के देशों की राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक ताकत का आकलन करता है। इस बार की रिपोर्ट में 131 अलग-अलग मानकों के आधार पर एशिया के 27 देशों का अध्ययन किया गया है। प्रसाद के मुताबिक, इस रिपोर्ट में भारत को 40.5 अंक मिले हैं और वह एशिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह भारत के बढ़ते राजनीतिक और आर्थिक प्रभाव को दिखाता है। रिपोर्ट में भारत की आर्थिक क्षमता और भविष्य की संभावनाओं में भी सुधार दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


भविष्य की ताकत के मामले में भी भारत ने लगाई छलांग
भाजपा सांसद ने बताया कि रिपोर्ट में 'फ्यूचर रिसोर्सेज' यानी भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। इस श्रेणी में भारत को 56.2 अंक मिले हैं। इसका मतलब है कि आने वाले समय में भारत के पास विकास, निवेश और आर्थिक विस्तार के अच्छे अवसर हैं। उन्होंने भारत के कूटनीतिक प्रभाव का स्कोर 70.3 बताया। प्रसाद ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर हैं। उनके मुताबिक, यह भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय साख और दुनिया के देशों के साथ मजबूत होते रिश्तों का संकेत है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आर्थिक रिश्तों और रक्षा नेटवर्क में भी सुधार
रविशंकर प्रसाद ने रिपोर्ट के हवाले से कहा कि भारत उन देशों में शामिल है, जिनके आर्थिक संबंधों में गिरावट नहीं आई है। उन्होंने खास तौर पर दावा किया कि भारत इकलौता ऐसा देश है, जिसके आर्थिक रिश्ते इस दौरान स्थिर बने रहे हैं। रक्षा नेटवर्क के मामले में भी भारत की स्थिति मजबूत हुई है। इस श्रेणी में भारत को 18.6 अंक मिले हैं और वह दो पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गया है। प्रसाद ने कहा कि आर्थिक रिश्तों की मजबूती, बढ़ता कूटनीतिक प्रभाव और रक्षा नेटवर्क में सुधार बताते हैं कि भारत लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

2027 में सबसे तेजी से बढ़ सकती है भारत की अर्थव्यवस्था
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सांसद ने गोल्डमैन सैक्स की 26 नवंबर को जारी रिपोर्ट का भी हवाला दिया। उनके मुताबिक, इस रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2027 में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है और आर्थिक विकास की रफ्तार के मामले में चीन को पीछे छोड़ सकता है। उन्होंने अक्टूबर 2026 की IMF रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट का हवाला देकर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी भारत की विकास दर और आर्थिक संभावनाओं को लेकर सकारात्मक हैं।

राहुल गांधी से पूछा, किस आधार पर कमजोर बता रहे हैं भारत को?
इन रिपोर्टों का हवाला देते हुए रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हैं, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की रिपोर्टें भी पढ़नी चाहिए। प्रसाद ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी न तो खुद ठीक से पढ़ते हैं और न ही उनके आसपास रहने वाले लोग जरूरी जानकारी जुटाते हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी रिपोर्टें सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। ऐसे में राहुल गांधी को बताना चाहिए कि वे किस आधार पर विदेशों में भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बता रहे हैं।

'भारत को बदनाम करने का ठेका किसने दिया?'
भाजपा सांसद ने आगे कहा कि उन्होंने भारत सरकार की किसी रिपोर्ट का सहारा नहीं लिया, बल्कि दुनिया के जाने-माने संस्थानों के आंकड़े सामने रखे हैं। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या उन्होंने भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है? प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत के खिलाफ बयान देते हैं और देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बार-बार आलोचना का सामना करना पड़ता है, फिर भी उनके बयानों में कोई बदलाव नहीं आता। प्रसाद ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि वे बोलने से पहले तथ्यों को समझें।


ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट: वोटर लिस्ट से नाम कटने पर अपील की सुनवाई तेजी से होगी; अदालत बोली- ट्रिब्यूनल की संख्या बढ़ाएं

प्रधानमंत्री मोदी के संयम की तारीफ, राहुल पर फिर साधा निशाना

रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के बारे में कई बार बेबुनियाद और शर्मनाक बातें कहते हैं, लेकिन इसके बावजूद मोदी ने हमेशा संयम बनाए रखा है। राहुल गांधी की राजनीतिक भूमिका पर टिप्पणी करते हुए प्रसाद ने कहा कि पहले वे सिर्फ सांसद थे और अब नेता प्रतिपक्ष हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगले 10-15 वर्षों में भी राहुल गांधी इससे आगे बढ़ पाएंगे, ऐसा उन्हें नहीं लगता। प्रसाद ने विदेशों में राहुल गांधी की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली भाषा को भी चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को देश की छवि और अपनी जिम्मेदारी, दोनों का ध्यान रखना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed