Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   india nepal development assistance agreements and major projects during balendra shah visit

बालेंद्र शाह का भारत दौरा: 24000 करोड़ नेपाली रुपये की मदद देगा भारत; किन आठ क्षेत्रों में हुए अहम समझौते?

Mon, 23 Nov 2026 02:43 PM IST
निर्मल कांत एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Mon, 23 Nov 2026 02:43 PM IST
सार

भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए बड़ी आर्थिक मदद का एलान किया है। पीएम नरेंद्र मोदी और उनके नेपाली समकक्ष बालेंद्र शाह की मुलाकात में कई अहम समझौतों पर मुहर लगी। अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से लेकर जलविद्युत और पेट्रोलियम परियोजनाओं तक, दोनों देशों ने सहयोग के नए रास्ते खोले। आखिर इन समझौतों से दोनों देशों को क्या-क्या फायदा होगा? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
india nepal development assistance agreements and major projects during balendra shah visit
बालेंद्र शाह, नरेंद्र मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एएनआई

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के लिए बड़ी मदद का एलान किया है। भारत नेपाल को 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये देगा। यह राशि बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और दीर्घकालीन विकास पर खर्च होगी।
विज्ञापन


पीएम मोदी ने सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भारत में स्वागत किया। पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है। दोनों नेताओं के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में बातचीत हुई। इसके बाद उन्होंने संयुक्त बयान दिया। पीएम मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ में लोगों की मौत पर दुख जताया। साथ ही मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। आज नेपाल के पुनर्निर्माण और लंबे समय के विकास को नई ताकत देने के लिए हम 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा करते हैं'।
विज्ञापन
विज्ञापन




उन्होंने आर्थिक पैकेज का मकसद भी बताया। कहा, 'हमारा संकल्प है कि प्रभावित परिवारों का जीवन फिर से पटरी पर लौटे। नए अवसर पैदा हों। भविष्य में आने वाली आपदाओं से निपटने की नेपाल की क्षमता भी और मजबूत हो'।

बालेंद्र शाह की तारीफ कर क्या कहा?
पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले शाह ने संयुक्त राष्ट्र में भाषण दिया था। उस समय वह दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। मोदी ने उनके नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने इस साल नेपाल की जनता की ओर से शाह को मिले जनादेश का भी जिक्र किया।

मोदी ने कहा, 'नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की पहली द्विपक्षीय यात्रा पर भारत में उनका स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। कुछ महीने पहले जब उन्होंने दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र को संबोधित किया था, तब हमें उनकी सोच की साफ झलक मिली थी। आज पिछले कुछ घंटों की बातचीत के दौरान भी मैंने नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर उनकी स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता महसूस की है'।

उन्होंने आगे कहा, 'इस साल नेपाल की जनता ने उन्हें जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह नेपाल की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दिखाता है'।

भारत-नेपाल संबंध पर क्या कहा?
पीएम मोदी ने दोनों देशों के पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध गहरे हैं। दोनों देशों के बीच पारिवारिक जुड़ाव और अटूट भरोसा है। मोदी ने कहा, 'भारत हमेशा से एक मजबूत और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में भागीदार रहा है। इसी भावना के साथ आज हमने अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई अहम फैसले किए हैं'।

ये भी पढ़ें: PM मोदी-बालेंद्र शाह की आज अहम मुलाकात: अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक का होगा उद्घाटन; कई बड़े समझौतों पर लगेगी मुहर

उन्होंने कहा, 'दोस्तों, भारत और नेपाल का संबंध सिर्फ पड़ोस का नहीं है। यह गहरे पारिवारिक जुड़ाव और अटूट भरोसे का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझा हैं और चुनौतियां भी। हम एक-दूसरे की तरक्की में भागीदार हैं। मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी बनते हैं'।

किन आठ क्षेत्रों में हुए समझौते?
बालेन शाह की यात्रा के दौरान भारत और नेपाल ने आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौते कई अहम क्षेत्रों से जुड़े हैं। इनमें अंतरिक्ष तकनीक, सुरक्षा प्रशिक्षण, सरकारी कर्मचारियों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, टिकाऊ शहरी विकास और कृषि शामिल हैं।



अंतरिक्ष और संचार के क्षेत्र में क्या हुआ?
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच समझौता हुआ। इसका मकसद दक्षिण एशिया उपग्रह के इस्तेमाल के लिए उपग्रह संचार नेटवर्क बनाना है।

पुलिस और फॉरेंसिक विज्ञान में क्या सहयोग होगा?
इस क्षेत्र में दो समझौते हुए। पहला समझौता गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच हुआ। इसका मकसद पढ़ाई और शोध में सहयोग बढ़ाना है। दूसरा समझौता भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के बीच हुआ।

सरकारी कर्मचारियों को कैसे मिलेगा प्रशिक्षण?
भारत के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के तहत राष्ट्रीय सुशासन केंद्र ने नेपाल के प्रशासनिक कर्मचारी कॉलेज के साथ समझौता किया। नेपाल का यह कॉलेज वहां के संघीय मामलों और सामान्य प्रशासन मंत्रालय के तहत आता है। इस समझौते का मकसद नेपाल के सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना है। इससे उनकी काम करने की क्षमता बढ़ाई जाएगी।



स्वास्थ्य के क्षेत्र में कौन से समझौते हुए?
दोनों देशों ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में दो समझौते किए। पहला समझौता भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच हुआ। इसका मकसद स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है। दूसरा समझौता आयुर्वेद और चिकित्सा की अन्य पारंपरिक पद्धतियों से जुड़ा है। 

शहरी विकास और पशुपालन में क्या होगा?
दोनों देशों ने टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग का समझौता किया। इसके अलावा पशुपालन और मत्स्य पालन के विकास में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

छह बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत भी हुई
दोनों नेताओं ने सीमा पार संपर्क, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी छह बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत की। कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। वहीं, कुछ की आधारशिला रखी गई।

कौन सी रेल सेवा शुरू हुई?
दोनों नेताओं ने सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया। यह सेवा भारत के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ेगी। इससे दोनों देशों के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। सांस्कृतिक जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलेगा।


धारचूला और दार्चुला के बीच पुल का उद्घाटन
सीमा पर सड़क और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक नए पुल का उद्घाटन किया गया। यह पुल भारत के धारचूला को नेपाल के दार्चुला से जोड़ेगा। इस पर मोटर वाहन भी चल सकेंगे। इसके अलावा बनबसा में नए एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई। दोनों नेताओं ने भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में बन रही एकीकृत जांच चौकियों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की।



जलविद्युत परियोजना पर क्या फैसला हुआ?
ऊर्जा और जलविद्युत क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाया गया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। इससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें: बालेन शाह का दौरा LIVE: पीएम मोदी बोले- नेपाल के बिना राम अधूरे, नेपाली प्रधानमंत्री ने क्यों कहा शुक्रिया?

पेट्रोलियम क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग
दोनों नेताओं ने मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अलावा, झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। यह प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन का हिस्सा है।

दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद हुए कार्यक्रम
इन परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखने के कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से हुए। ये कार्यक्रम हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बातचीत के बाद हुए। इसी दौरान भारत और नेपाल ने आठ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का भी आदान-प्रदान किया। इन समझौतों में अंतरिक्ष तकनीक, सुरक्षा प्रशिक्षण, सरकारी कर्मचारियों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, शहरी विकास और कृषि जैसे क्षेत्र शामिल हैं।



दो दिवसीय राजकीय दौरे का अंतिम दिन
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। यह उनकी दो दिवसीय राजकीय यात्रा है। मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। इससे पहले उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed