Maharashtra Updates: मुंबई में मनसे कार्यकर्ता के नौ हत्यारोपी गिरफ्तार; मराठी अभिनेता अतुल परचुरे का निधन
मुंबई के मलाड पूर्व इलाके में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के एक कार्यकर्ता पर कथित तौर पर हमला करने और उसकी हत्या करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डिंडोशी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि शनिवार शाम को, आकाश माईन (27) पर एक ऑटोरिक्शा चालक के समर्थन में इकट्ठा हुए लोगों के एक समूह ने हमला किया था, जिसके साथ शिवाजी चौक पर उसका झगड़ा हुआ था। माईन को लात और घूंसे मारे गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मराठी हास्य अभिनेता अतुल परचुरे का 57 वर्ष की उम्र में निधन
प्रसिद्ध मराठी हास्य अभिनेता अतुल परचुरे का सोमवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में 57 साल की उम्र में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि परचुरे हाल ही में कैंसर से उबरे थे, मंच पर वापसी करने वाले थे, लेकिन अचानक स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं पैदा हो गईं और पिछले दो दिनों में उनकी हालत खराब हो गई। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में की और जल्द ही "तरुण तुर्क, म्हातरे आर्क' और 'नाटी गोटी' जैसे नाटकों में भूमिकाओं के साथ प्रसिद्धि प्राप्त की। परचुरे ने कई मराठी और हिंदी टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में भी काम किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त की। शिंदे ने राज्य सरकार की ओर से परचुरे की असामयिक मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और खुद को वरिष्ठ अभिनेता के हजारों प्रशंसकों में से एक बताया।
पालघर के जव्हार और दहानू में बिजली गिरने से सात घायल
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने की दो घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने सोमवार को बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें ठाणे सिविल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम 4:30 बजे, जव्हार तालुका अपटाले क्षेत्र के केलिचा पाड़ा में बिजली गिरने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से दो गंभीर हैं और उनका इलाज ठाणे सिविल अस्पताल में किया जा रहा है। शेष तीन जव्हार में एक चिकित्सा सुविधा में हैं। कदम ने कहा, सोमवार को दहानू के धरमपुर में बिजली गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं।
भाजपा नेता विजय सहस्रबुद्धे महाराष्ट्र के सांस्कृतिक पैनल के अध्यक्ष नियुक्त
वरिष्ठ भाजपा नेता विनय सहस्रबुद्धे को सोमवार को राज्य सांस्कृतिक नीति कार्यान्वयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जो राज्य मंत्री के स्तर का पद है। इस संबंध में एक सरकारी संकल्प दिन में जारी किया गया। पूर्व राज्यसभा सांसद सहस्रबुद्धे की नियुक्ति तीन साल की अवधि के लिए है। सहस्रबुद्धे ने राज्य संस्कृति नीति कार्यान्वयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार का धन्यवाद किया।