Congress: मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप बजट में मणिपुर के लिए कुछ नहीं, कहा राज्य का पुनर्वास करे सरकार
मणिपुर में कांग्रेस के अध्यक्ष ने केंद्र के बजट पर सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लिए बजट में कोई खास ऐलान नहीं है। इसी के साथ राज्य के लिए विशेष संकट पैकेज की भी मांग की है।
विस्तार
मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष केशम मेघचंद्र ने बजट में में मणिपुर के कोई विशेष पैकेज नहीं देने पर आपत्ति जताई है। मणिपुर कांग्रेस ने केंद्र सरकार से राज्य को विशेष संकट पैकेज देने की मांग की है। जिससे राज्य का पुनर्वास और खराब इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक किया जा सके।
मेघचंद्र ने पत्रकारों से कहा कि केंद्रीय बजट में राज्य के संकट को गंभीरता से नहीं लिया गया है। मणिपुर में 3 मई, 2023 से जातीय हिंसा हो रही है, जब पहाड़ी ज़िलों में बहुसंख्यक मैतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग के विरोध में एक आदिवासी एकजुटता मार्च निकाला गया था।
तब से, हिंसा में कुकी और मैतेई दोनों समुदायों के सदस्यों के साथ-साथ सुरक्षाकर्मियों सहित कम से कम 260 लोग मारे गए हैं, जबकि हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं। राज्य में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है।
मेघचंद्र ने कहा कि मणिपुर जिम्मेदारी की मांग कर रहा है, और वह भीख नहीं मांग रहा है। एक ऐसा देश जो वैश्विक शक्ति बनने की आकांक्षा रखता है, वह एक सीमावर्ती राज्य की उपेक्षा नहीं कर सकता जो उसकी एकता और सुरक्षा के लिए जरूरी है।
