लंबी अनामिका उंगली वाले पुरुषों में कोरोना से मरने का खतरा बहुत कम: शोध
- लंबी अनामिका उंगली वाले पुरुषों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होती है
- पूरी दुनिया में कोरोना से मरने वालों में पुरुषों की संख्या अधिक
- स्वानसी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने किया शोध
विस्तार
कोरोना वायरस संभवतः दुनिया का पहला ऐसा वायरस है जिसके बारे में पिछले छह महीने से हर रोज एक नई जानकारी सामने आ रही है। शुरुआत में कोरोना के महज तीन ही लक्षण थे लेकिन बाद में छह और नए लक्षण सामने आए। अब हालत ऐसी हो गई है जिनलोगों में कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनमें भी संक्रमण पाया जा रहा है। अब एक नए शोध में पता चला है कि जिन पुरुषों की अनामिका उंगली लंबी है, उनमें कोरोना से मरने का खतरा बहुत कम है। आइए जानते हैं क्या कहती है नई शोध...
रिसर्च में पता चला है कि उन देशों में कोरोना से मृत्यु दर अधिक है जिन देशों के पुरुषों की अनामिका उंगली छोटी है। रिसर्च पेपर में कहा गया है कि अनामिका उंगली की लंबाई यह निर्धारित करती है कि गर्भ में बढ़ने पर भ्रूण का टेस्टोस्टेरोन कितना होता है और यह माना गया है कि जिस पुरुष का भ्रूण में जितना अधिक टेस्टोस्टेरोन होता है, उसकी अनामिका उतनी ही लंबी होती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि टेस्टोस्टेरोन वही हार्मोन है जिसे शरीर में एसीई -2 रिसेप्टर्स की बढ़ोत्तरी होती है और कोरोना से लड़ने में मदद मिलती है। ACE-2 रिसेप्टर्स को कोविद-19 का दुश्मन माना गया है।
कोरोना से मरने वालों में पुरुषों की संख्या अधिक
यदि अभी कोरोना से हुई मौत का आंकड़ा देखा जाए तो मरने वालों में पुरुषों की संख्या महिलाओं के मुकाबले बहुत ज्यादा है। एक अन्य सिद्धांत यह है भी है कि टेस्टोस्टेरोन यह दर्शाता है कि पुरुषों में प्रतिरक्षा प्रणाली कैसे काम करती है, जिन पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन कम है, उन्हें कोरोना से अधिक खतरा है। यह शोध स्वानसी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने किया है।
शोध के लिए वैज्ञानिकों ने 41 देशों के 2,00,000 लोगों के डाटा का अध्ययन किया है। शोध के दौरान (दूसरी) उंगली और अनामिका की लंबाई का अनुपात निकाला गया। अनुपात जितना कम था, अनामिका उंगली उतनी ही लंबी पाई गई। सबसे कम औसत अनुपात वाला देश मलेशिया था, जहां दूसरी उंगली और अनामिका उंगली की लंबाई का अनुपात 0.976 था, जबकि सर्वाधिक अनुपात बुल्गारिया (0.99) का था।
वैज्ञानिकों के मुताबिक दिन देशों में अनुपात कम था, वहां मरने वालों की संख्या बहुत कम है। इस सूची में मलेशिया, रूस और मैक्सिको शामिल हैं। वहीं जिन देशों में अनुपात अधिक रहा, वहां मरने वालों की संख्या अधिक है। इस सूची में ब्रिटेन, बुल्गारिया और स्पेन का नाम है। शोध से पता चला है कि लंबी अनामिका उंगली वाले टॉप 10 देशों में कोरोना से मृत्यु दर 3.1 है, जबकि छोटी उंगली वाले टॉप 10 देशों में मृत्यु दर 5 है।

कमेंट
कमेंट X