फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 16th Oct Andhra PAK link spy arrest Assam Bhutan north east west south politics crime news

न्यूज डायरी: तमिलनाडु के इडुम्बन मंदिर में चोरी, दो गिरफ्तार; पश्चिम बंगाल में माकपा के बुक स्टॉल में तोड़फोड़

Fri, 16 Oct 2026 04:13 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 16 Oct 2026 04:13 PM IST
विज्ञापन
National Updates 16th Oct Andhra PAK link spy arrest Assam Bhutan north east west south politics crime news
देश की बड़ी खबरें - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

तमिलनाडु के पलानी स्थित इडुम्बन मंदिर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मंदिर कार्यालय की पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर और उसका सहयोगी प्रबाकरन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मंदिर के कार्यालय में रखी तिजोरी से 20.5 सॉवरेन सोने के आभूषण और करीब तीन किलो चांदी के सामान गायब हुए थे। जांच में पता चला कि फरवरी से मई 2024 के बीच धीरे-धीरे चोरी की गई थी। आरोपियों ने आभूषणों को पिघलाकर बेच दिया था। पुलिस ने पिघला हुआ सोना और चांदी बरामद कर ली है। मामले की आगे जांच जारी है।

विज्ञापन


आंध्र में पाकिस्तान से जुड़े दो जासूस गिरफ्तार
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी को गोपनीय जानकारी मुहैया कराने के आरोप में आंध्र प्रदेश पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस जासूसी कांड में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बोंगु रवि और कादरी श्रीनिवास के रूप में हुई है। जांच अधिकारियों के अनुसार, विशाखापत्तनम स्थित नौसेना डॉकयार्ड की एक इंजीनियरिंग कंपनी के कर्मचारी रवि से 2023 में फेसबुक पर एंजेल पायल नाम की एक अज्ञात महिला ने संपर्क साधा था। उसने खुद को दुबई की एक शिपिंग कंपनी का कर्मचारी बताया और पैसों का लालच देकर नौसैनिक डॉकयार्ड में मौजूद युद्धपोतों और पनडुब्बियों से संबंधित संवेदनशील जानकारियां जुटाने का प्रलोभन दिया। रवि ने अपने सहयोगी कादरी श्रीनिवास के साथ मिलकर इस प्रतिबंधित रक्षा प्रतिष्ठान से जुड़े अहम विवरण उस महिला को भेजे। इसके बदले रवि के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए, जिसका एक हिस्सा उसने श्रीनिवास को भी दिया। यह मामला विशाखापत्तनम के मलकपुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता और शासकीय गोपनीयता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। रवि को गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि श्रीनिवास घटना के समय सऊदी अरब चला गया था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के सहयोग से श्रीनिवास को सऊदी अरब से लौटते समय दिल्ली हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। मामले में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है और आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन

भूटान के लिए असम के हतिसार में बनेगा अस्थायी आव्रजन पोस्ट

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने असम के हतीसार को एक अस्थायी अधिकृत इमिग्रेशन चेक पोस्ट घोषित किया है। यह व्यवस्था भूटान में आयोजित होने वाले एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम प्रोजेक्ट 108 में शामिल होने वाले यात्रियों के लिए की गई है। यह कार्यक्रम असम सीमा से लगे भूटान के सरपांग जिले के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आयोजित किया जा रहा है। यह विशेष सुविधा 24 अक्तूबर से 6 नवंबर 2026 तक चालू रहेगी। इस दौरान यह चेक पोस्ट ई-वीजा से लैस होगा, जिससे वैध यात्रा दस्तावेज वाले भूटान और अन्य तीसरे देशों के नागरिकों को भारत में प्रवेश और निकास की सुविधा मिलेगी। इस परियोजना के तहत एक ही दिन में 108 जांगचूब चोरतेन (स्तूप) बनाए जाएंगे। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम में दुनिया भर से बौद्ध भिक्षु, शिक्षक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

गुजरात के डिप्टी सीएम ने खेला गरबा
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सूरत में कई उत्सवी कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान वे समारोहों में लोगों के साथ घुलते-मिलते और जश्न में शामिल होते नजर आए। खास बात यह रही कि हर्ष सांघवी ने खुद भी गरबा किया और उत्सव के माहौल में पूरे जोश के साथ भाग लिया। उनके इस अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के उत्साह को और बढ़ा दिया।

300 करोड़ की लागत से बना ‘पेरियार अरिवुलगम’ का उद्घाटन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कोयंबटूर में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘पेरियार अरिवुलगम’ पुस्तकालय और विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया। यहां डिजिटल लाइब्रेरी और तारामंडल समेत कई सुविधाएं मौजूद हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और सड़कों के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई। सरकारी कार्यक्रम पूरा करने के बाद विजय हेलीकॉप्टर से केरल के त्रिशूर जाएंगे, जहां उन्हें नवरात्रि के एक कार्यक्रम में शामिल होना है। इसके बाद वह कोयंबटूर लौटकर चेन्नई रवाना होंगे।

इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में टीवीके की भागीदारी
इससे पहले विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने चेन्नई में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में हिस्सा लिया। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में किया गया। तीन अक्टूबर को इंडिया गठबंधन में शामिल होने के बाद टीवीके की इस अभियान में यह पहली भागीदारी थी। प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद बी. मणिकम टैगोर, टीवीके नेता ए. राजमोहन, वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन और एमडीएमके महासचिव वाइको समेत विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए।

ओडिशा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई, आठ घायल
ओडिशा के गंजाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-59 पर हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को छामाखंडी चौक पर एक ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक ने कई दोपहिया वाहनों और एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में बेरहामपुर निवासी 42 वर्षीय रोजालिनी मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, उत्तर प्रदेश के 40 वर्षीय बिनोद कुमार और जिले के नाउली गांव निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मीधर गौड़ा ने गुरुवार को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल आठ अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर राजमार्ग जाम कर दिया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है, जबकि फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

पश्चिम बंगाल में माकपा के बुक स्टॉल में तोड़फोड़, आग लगाने का आरोप
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में माकपा (सीपीआई-एम) के एक बुक स्टॉल में कथित तौर पर तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह घटना 15 अक्तूबर की रात बिजपुर के पलाशी माझीपाड़ा इलाके में हुई। स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। माकपा नेताओं ने इस घटना के पीछे भाजपा समर्थित लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, इलाके में स्थिति सामान्य है और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दुर्गा पूजा के दौरान वामपंथी दलों के बुक स्टॉल लगाने को लेकर भी विवाद सामने आया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed