न्यूज अपडेट्स: कोयला खदान में फंसे 14 मजदूरों को निकाला गया, मणिपुर में सुरक्षा बलों ने की बड़ी कार्रवाई
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की कुमरडीही ए कोयला खदान में सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण भूमिगत फंसे सभी 14 मजदूरों को मंगलवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ईसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सतीश झा ने बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है। खदान में मजदूर करीब 50 मीटर की गहराई पर दो लिफ्टिंग केज में फंस गए थे। बताया गया कि पुली ड्रम से रस्सी खिसक जाने के कारण मजदूरों को ऊपर लाने वाली व्यवस्था बाधित हो गई थी। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी है।
मणिपुर में 11 हथियार, तीन हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान 11 आग्नेयास्त्र, तीन हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम ने बोंगबल खोलेन की पहाड़ियों की तलहटी में अभियान चलाया। बरामद हथियारों में एक ए1 राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, दो 12-बोर की दो नाल वाली बंदूकें, तीन 12-बोर की एक नाल वाली बंदूकें और एक स्थानीय रूप से निर्मित 9 एमएम पिस्तौल सहित अन्य हथियार शामिल हैं। जब्त किए गए सभी सामान को थौबल डैम पुलिस थाने को सौंप दिया गया है। मई 2023 में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़कने के बाद से राज्य में सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। इसके अलावा, इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।
थेनी जेल से 17 कैदी फरार, चार फिर पकड़े गए
तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्काम्पट्टी जिला जेल से सोमवार रात 17 कैदी गार्डों पर हमला कर फरार हो गए। एक कैदी ने मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया, जिससे गार्ड मदद के लिए अंदर आए। कैदियों ने गार्डों पर हमला किया और भाग निकले। इस हमले में एक गार्ड घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार सुबह तक पुलिस ने चार फरार कैदियों को फिर से पकड़ लिया। इनमें प्रवीण, सिलंबरासन, राजकुमार और राजा सिकंदर शामिल हैं। शेष 13 कैदियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण गौतम और पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी ने जेल का दौरा किया। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
असम के मानस नेशनल पार्क में फूलों की एक नई प्रजाति की खोज की गई है, जिसका नाम 'ओस्बेकिया असार्मेसिस' रखा गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पर्यावरण व वन मंत्री जयंत मल्लाबरुआ ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। नई प्रजाति की खोज शोधकर्ता बरनाली दास और नमिता नाथ ने की है। उन्होंने साल 2021 से 2025 के बीच मानस नेशनल पार्क के घास के मैदानों में व्यापक फील्ड सर्वे किया था।
गूगल सर्च और चैटजीपीटी की मदद से कर्नाटक की एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उनके परिवार से मिला दिया गया। तुमकुरु जिले की रहने वाली यह महिला रास्ता भटककर करीब 300 किलोमीटर दूर बेल्लारी बस स्टैंड पहुंच गई थीं। वे केवल अपनी स्थानीय भाषा में एक अनोखे मंदिर और पास में बहने वाले नाले का जिक्र कर रही थीं। वहां मौजूद पुलिस और एक जागरूक युवक ने महिला द्वारा बताए गए इन विवरणों को चैटजीपीटी में डाला। एआई ने इन सांस्कृतिक और भौगोलिक संकेतों का विश्लेषण कर संभावित गांवों की एक सूची तैयार की। इसके बाद, टीम ने गूगल सर्च की मदद से उन गांवों के स्थानीय पंचायत सदस्यों और दुकानों के नंबर खोजे। फोन पर संपर्क कर फोटो भेजने से महिला की पहचान हो गई और उनका बेटा उन्हें सुरक्षित घर ले गया।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने इंटरनेट के जरिये लाइव टीवी स्ट्रीमिंग और फास्ट (फ्री ऐड-समर्थित स्ट्रीमिंग टेलीविजन) सेवाओं को औपचारिक दायरे में लाने के लिए नए प्राधिकार फ्रेमवर्क की सिफारिश की है। इस नए प्रस्ताव के तहत अव इंटरनेट आधारित टीवी स्ट्रीमिंग एप्स के लिए सरकारी अनुमति अनिवार्य होगी। नई व्यवस्था के तहत, स्मार्ट टीवी निर्माताओं और ऑपरेटिंग सिस्टम प्रदार्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके डिवाइस और एप स्टोर पर केवल अधिकृत एप्स ही उपलब्ध हों। इसके साथ ही इन कंपनियों को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को वार्षिक अनुपालन रिपोर्ट भी सौंपनी होगी।
केरलम के कोच्चि में मर्सिडीज कार की टक्कर से स्कूटर सवार की मौत के मामले में पुलिस ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। कार जज के नाम पंजीकृत है, जिसे उनका बेटा (17) चला रहा था। हादसे में जयबालकृष्णन (55) की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी जज त्रिशूर जिले के इरिंजालाकुडा में तैनात हैं। केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को पुलिस को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की अनुमति दी। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए के तहत जज को आरोपी बनाया गया। यह धारा नाबालिग के अपराध के मामले में अभिभावक या वाहन मालिक को जिम्मेदार ठहराता है। पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर रविवार को थाने से जमानत पर छोड़ दिया था। बाद में मृतक के परिजनों ने प्रदर्शन किया तो पुलिस ने नाबालिग को फिर हिरासत में लेकर बीएनएस की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का आरोप जोड़ा।
असम में शख्स की गोली मारकर हत्या, दूसरा घायल
असम के बिस्वनाथ जिले में सोमवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। उसने पत्नी के दूसरे भाई को धारदार हथियार से घायल कर दिया। यह घटना राजगढ़ में असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास गोहपुर क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश का यह व्यक्ति अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए ससुराल आया था। वहां उसका अपनी पत्नी के दोनों भाइयों से विवाद हो गया। आरोपी ने पत्नी के एक भाई को गोली मार दी और दूसरे पर धारदार हथियार से हमला किया। घायल व्यक्ति को तेजपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
केरलम सोमवार को देश का पहला ऐसा राज्य बन गया जिसने वरिष्ठ नागरिकों को दुर्व्यवहार व शोषण से बचाने, बुजुर्गों की देखभाल करने वाले केंद्रों को विनियमित करने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवा तथा सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए एक व्यापक कानून पारित किया है। विधेयक राज्यपाल की मंजूरी के बाद कानून के रूप में अस्तित्व में आएगा। केरलम वरिष्ठ नागरिक विधेयक, 2026 को राज्य विधानसभा ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने सत्तारूढ़ और विपक्षी सदस्यों द्वारा प्रस्तावित कई संशोधनों को स्वीकार कर लिया था। इस विधेयक को 13 अक्तूबर को विधानसभा (विस) में पेश किया गया था। प्रस्तावित विधेयक में बुजुर्गों की देखभाल के लिए एक कानूनी ढांचा स्थापित करने और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने के प्रावधान हैं। विधेयक में वरिष्ठ नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करने, उनकी संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने और बुजुर्गों की देखभाल के लिए बिना पंजीकरण वाले केंद्र संचालित करने जैसे अपराधों के लिए कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।
तमिलनाडु में 1,000 रुपये से ज्यादा की शराब खरीद पर डिजिटल भुगतान अनिवार्य
तमिलनाडु में सरकारी शराब दुकानों पर 1 नवंबर से 1,000 रुपये से ज्यादा की शराब खरीदने पर डिजिटल भुगतान करना अनिवार्य होगा। तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन ने यह फैसला पारदर्शिता बढ़ाने और लेन-देन में गड़बड़ी रोकने के लिए लिया है। राज्य में फिलहाल 4,048 सरकारी शराब की दुकानें संचालित हैं। यहां यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा पहले से मौजूद है, लेकिन ज्यादातर ग्राहक अब भी नकद भुगतान करते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रोजाना बड़ी मात्रा में नकदी संभालने से कर्मचारियों की सुरक्षा, पैसों के हिसाब में अंतर और नकली नोटों जैसी समस्याएं सामने आती हैं। नए नियम के तहत 1,000 रुपये तक की खरीदारी के लिए ग्राहक नकद या डिजिटल, दोनों में से किसी भी तरीके से भुगतान कर सकेंगे।
एमआरपी से ज्यादा वसूली रोकने के लिए सख्ती
तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों के मुताबिक, शराब की बोतलों पर तय अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। डिजिटल भुगतान से हर लेन-देन का रिकॉर्ड समय और रकम के साथ दर्ज होगा और बिक्री की राशि सीधे सरकारी बैंक खातों में पहुंचेगी। नए नियम के तहत कर्मचारियों को अपने निजी क्यूआर कोड या व्यक्तिगत बैंक खातों के जरिए भुगतान लेने की अनुमति नहीं होगी। हर खरीद पर ग्राहकों को पक्का बिल देना और आधिकारिक पीओएस मशीन पर भुगतान की पुष्टि के बाद ही शराब की बोतल सौंपना अनिवार्य होगा। नियम तोड़ने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ग्राहकों को जानकारी देने के लिए दुकानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं, जिला प्रबंधकों को भुगतान मशीनों, इंटरनेट कनेक्टिविटी और नियमों के पालन की नियमित जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के इलेक्ट्रॉनिक सिटी में रोड रेज की एक घटना में एक युवक की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक की पहचान बिहार निवासी रंजीत कुमार साहू के रूप में हुई। वारदात 21 अक्तूबर की देर रात हुई। रंजीत अपने दोस्तों के साथ थे। प्रगति नगर में उनके दोस्त नीतीश ने एक तेज रफ्तार कार को धीमा करने का इशारा किया। इस पर कार सवारों ने नीतीश पर हमला कर दिया। जब साहू ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उन्हें कार से टक्कर मारी और करीब 150 मीटर तक घसीटा। गंभीर रूप से घायल साहू की 22 अक्तूबर को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने 24 अक्तूबर को अजय रविदास, सजल नामासुद्र और बिजोय रे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया। इस घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति अभी फरार है।
बंगाल से दिल्ली आएंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी, गंगा बाढ़ नियंत्रण पर बैठक में होंगे शामिल
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार को नई दिल्ली में गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल के साथ-साथ बिहार और झारखंड से संबंधित बाढ़ नियंत्रण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री अधिकारी ने जोर देकर कहा कि यह बैठक "बहुत महत्वपूर्ण" है। उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल को इस बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य के मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम ने रविवार को मालदा का दौरा किया था।
मणिपुर में कुकी नेशनल फ्रंट का कैडर गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में प्रतिबंधित 'कुकी नेशनल फ्रंट (एमसी)' के एक संदिग्ध सदस्य को दो विदेशी हथियारों और नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात को चुराचांदपुर जिला पुलिस, CRPF की 129वीं बटालियन और 5 असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर किंगकिन गांव में एक अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान, टीम ने एक संदिग्ध सफेद बोलेरो गाड़ी को रोका और उसकी तलाशी ली। इस दौरान हथियार और नशीले पदार्थ बरामद हुए और डी ल्हांगजोल गांव के रहने वाले लेतखोथांग खोंगसाई (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एक बयान में कहा, 'शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO)' समूह 'KNF (MC)' का सदस्य है।' जब्त की गई चीजों में विदेशी AK-सीरीज और MA1 राइफलें, अलग-अलग तरह के 240 राउंड कारतूस और 1.027 किलोग्राम ब्राउन शुगर के दो पैकेट शामिल हैं। 'कुकी नेशनल फ्रंट (MC)' उन कुकी और ज़ोमी उग्रवादी समूहों में से एक है, जिन्होंने केंद्र और मणिपुर सरकार के साथ 'सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO)' समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
गुवाहाटी गोलीकांड में एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति की हालत स्थिर
गुवाहाटी के एक होटल में सोमवार रात हुई गोलीबारी की घटना में एकमात्र जीवित बचे सत्येन पाठक की हालत स्थिर है। गुवाहाटी स्थित होटल बिलास इन में संपत्ति के मालिक और पट्टाधारक के बीच विवाद के दौरान छह लोगों को गोली मारी गई थी, जिनमें से पांच की मौत हो गई। गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के अधीक्षक देवजीत चौधरी ने मंगलवार को बताया कि गोली पाठक के दाहिने हाथ से आर-पार हो गई, लेकिन किसी महत्वपूर्ण अंग को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्हें कुछ और दिनों तक अस्पताल में रहना होगा और आगे की जांच की जाएगी। वहीं, पांचों मृतकों का पोस्टमार्टम जीएमसीएच में किया जा रहा है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस के अनुसार, मृतक होटल मालिक से जुड़े हुए थे और उनमें से चार एक ही परिवार के सदस्य थे। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि घटना रात करीब नौ बजे हुई थी। आरोपी घनकांत गोगोई, जो संपत्ति का पट्टाधारक है, को घटना के एक घंटे के भीतर पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल भी जब्त कर ली है।
तमिलनाडु में सात साल की बच्ची के लापता होने के मामले में संदिग्ध हिरासत में
तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले में सात साल की बच्ची के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। बच्ची पिछले 16 दिनों से लापता है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान जिंगजी के पास परसांथंगल इलाके के रहने वाले राजादुरई के रूप में हुई है। उसे संदेह के आधार पर पकड़ा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच पहले स्थानीय पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में इसे अपराध शाखा-अपराध जांच विभाग (सीबी-सीआईडी) को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध पहले भी मारपीट के मामलों में शामिल रहा है और जेल जा चुका है। जांच की जा रही है कि कहीं उसने बच्ची का अपहरण कर उसे बेच तो नहीं दिया। बच्ची ने हाल ही में अपना सातवां जन्मदिन मनाया था और इसके अगले ही दिन वह लापता हो गई। वह 11 अक्टूबर से लापता है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। बच्ची को खोजने के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें बनाई हैं और तलाशी अभियान का दायरा बढ़ाकर 20 किलोमीटर तक कर दिया गया है। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि बच्ची के जीवित होने की 90 प्रतिशत संभावना है और उसे जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल संदिग्ध से पूछताछ जारी है और पुलिस बच्ची का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
तमिलनाडु में लापता सात साल के बच्चे का शव मिला
तमिलनाडु के मदुरै जिले के थानियामंगलम में लापता हुए सात साल के बच्चे मुथुवेल का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने बच्चे की मौत को हादसा बताकर छिपाने और सबूत मिटाने के आरोप में पड़ोस में रहने वाली 32 वर्षीय महिला संध्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि बच्चा रविवार को एक स्थानीय मंदिर के पास दूसरे बच्चे के साथ खेल रहा था। इसी दौरान 10 साल के बच्चे ने खेल-खेल में मुथुवेल के गले में रस्सी कस दी। इसके बाद मुथुवेल भागने की कोशिश में चक्कर खाकर मंदिर की दीवार से टकरा गया, जिससे उसके आगे के दांतों में चोट लग गई। इसके बाद वह पानी मांगने के लिए दूसरे बच्चे के घर पहुंचा, जहां उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उस समय दूसरे बच्चे की मां संध्या भी वहां मौजूद थी। पुलिस के अनुसार, अपने बेटे को कार्रवाई से बचाने के डर से संध्या ने बच्चे का शव पास के एक खाली और जर्जर मकान में छिपा दिया, ताकि घटना का पता न चले। मुथुवेल रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से मंदिर के पास खेलने निकला था, लेकिन शाम चार बजे तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी मां ने कीलावलवु थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मदुरै जिले के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया और 90 पुलिसकर्मियों की पांच विशेष टीमें बनाकर रातभर तलाशी अभियान चलाया। सोमवार को तलाशी दल ने एक खाली मकान से बच्चे का शव बरामद किया। मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों और खोजी कुत्तों की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी राजाजी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि कानून के उल्लंघन के आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा, जबकि संध्या को शव छिपाने और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
केरलम में पिता ने बच्चे को थमाया चलती कार का स्टेयरिंग
केरलम के कझाकूट्टम में करीब तीन से चार साल के बच्चे को चलती कार का स्टेयरिंग थमाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने पिता की गोद में बैठा था और कार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने मंगलवार को मामले का संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया और जिला पुलिस प्रमुख तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना एयरपोर्ट रोड पर एक फ्लाईओवर की है। दूसरी कार में सवार लोगों ने इस खतरनाक हरकत का वीडियो बना लिया। वीडियो में कथित तौर पर रिकॉर्डिंग का पता चलने के बाद कार की रफ्तार बढ़ती दिखाई देती है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक अन्य हादसे में कथित तौर पर 17 साल के किशोर द्वारा वाहन चलाए जाने के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इन घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मिजोरम में एक किलो मेथामफेटामाइन के साथ युवक गिरफ्तार
मिजोरम के आइजोल जिले में पुलिस ने एक किलो मेथामफेटामाइन नामक नशीले पदार्थ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को बौंगकॉन थाना क्षेत्र के जे़माबॉक वन जांच चौकी के पास एक वैन को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान नशीला पदार्थ बरामद हुआ। वैन चालक की पहचान चम्फाई जिले के काहरावत वेंग निवासी 28 वर्षीय लालहमंगाइहा के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार को ही एक अन्य कार्रवाई में सेलिंग के जीरो प्वाइंट पर वाहन जांच के दौरान विदेशी सिगरेट के 13 गत्ते के डिब्बे जब्त किए। इनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। वाहन चला रहे चम्फाई जिले के जोटे गांव निवासी 33 वर्षीय लालरुआतलियाना को हिरासत में लिया गया। जब्त सिगरेट को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।