फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   new controversy linked to ‘India’s Got Latent’? What sparked the row over Samay Raina’s comedy show?

एक्सप्लेनर: क्या है इंडियाज गॉट लेटेंट से जुड़ा नया विवाद, समय रैना के कॉमेडी शो की कौन सी बात पर मचा बवाल?

Sun, 30 Aug 2026 06:21 AM IST
रिया दुबे स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: रिया दुबे Updated Sun, 30 Aug 2026 06:21 AM IST
सार

समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट में बिहार और कश्मीर को लेकर की गई टिप्पणी से विवाद बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स और नेताओं ने संवेदनशील मुद्दे को मजाक में शामिल करने पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि किस बात पर विवाद हुआ और क्या कहा गया?

विज्ञापन
new controversy linked to ‘India’s Got Latent’? What sparked the row over Samay Raina’s comedy show?
फिर एक नया विवाद - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सीजन 2 के हालिया एपिसोड में बिहार और कश्मीरी पंडितों को लेकर हुई टिप्पणियों से जुड़ा है। एपिसोड की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इन टिप्पणियों को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ नेताओं ने भी इस पर आपत्ति जताई है। 

विज्ञापन


ऐसे में आइए जानते हैं कि शो में आखिर क्या हुआ? किस बात पर विवाद हो रहा है? समय का कश्मीर से क्या नाता है? सोशल मीडिया पर  यूजर्स क्या कह रहे हैं? नेताओं ने इस पर क्या कहा? इससे पहले समय रैना कब-कब विवाद में पड़े? 

विज्ञापन

new controversy linked to ‘India’s Got Latent’? What sparked the row over Samay Raina’s comedy show?
दोनों के दूसरे को क्या कहा? - फोटो : Amar Ujala

शो में आखिर क्या हुआ?

हालिया एपिसोड में समय रैना और कॉमेडियन शेरोन वर्मा के बीच मजाक-मजाक में एक-दूसरे की क्षेत्रीय पृष्ठभूमि को लेकर बातचीत शुरू हुई। देखते ही देखते यह बातचीत बिहार और कश्मीर से जुड़े संदर्भों तक पहुंच गई। समय रैना ने शेरोन वर्मा के बिहार से होने पर कहा, “शेरोन इतनी बिहारी हैं कि उसे लगता है कि इबोला का मतलब है किसी ने कुछ कहा है यानी बोला है।”

इस पर शेरोन ने पलटवार करते हुए कहा, “समय इतना कश्मीरी है कि उसे ‘स्टोन’ (नशे में धुत होना) होना पसंद है।” इसके बाद समय ने कहा, “शेरोन वर्मा एक बिहारी है जो नौकरी की तलाश में मुंबई आई थीं। बिहारी अक्सर ऐसा करते हैं।” शेरोन ने इसका जवाब देते हुए कहा, “कम से कम मैंने अपना राज्य अपनी मर्जी से छोड़ा था।”

बातचीत के ये हिस्से सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ। कुछ लोगों ने इसे दोनों के बीच सामान्य रोस्ट और मजाक बताया, जबकि कुछ लोगों ने बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को लेकर आपत्ति जताई।

new controversy linked to ‘India’s Got Latent’? What sparked the row over Samay Raina’s comedy show?
दोनों ने एक-दूसरे को क्या कहा? - फोटो : Amar Ujala

कश्मीरी पंडित को लेकर कितना विवाद क्यों हो रहा है?

समय रैना खुद कश्मीरी पंडित परिवार से आते हैं। उनके परिवार को भी 1990 के दशक में कश्मीर से पलायन करना पड़ा था। समय ने अपने स्टैंड-अप विशेष कार्यक्रम ‘स्टिल अलाइव’ में अपने परिवार के इस अनुभव के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि उस समय कश्मीर के हालात लगातार खराब हो रहे थे और उनके परिवार ने वहां से निकलने का फैसला किया।

उन्होंने बताया था कि परिवार ने एक रात अचानक सामान बांधा और यह सोचकर कश्मीर छोड़ा था कि कुछ हफ्तों बाद वापस लौट आएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कई साल बीत गए।

समय ने यह भी बताया था कि उस मुश्किल समय में कुछ स्थानीय कश्मीरी मुस्लिम उनके परिवार के साथ खड़े रहे। उनके दादा जरूरतमंद लोगों का इलाज करते थे और कुछ स्थानीय लोगों ने उनके परिवार को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की। कश्मीर छोड़ने के बाद उनका परिवार जम्मू, दिल्ली और फिर हैदराबाद में जाकर बस गया। 

सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि जिस समुदाय के विस्थापन का अनुभव समय रैना के अपने परिवार से जुड़ा है, उससे जुड़े संदर्भ को कॉमेडी में शामिल करना कितना उचित है।

विज्ञापन

कश्मीरी पंडितों ने क्या कहा?

इस विवाद पर कश्मीरी पंडित समुदाय से मिली प्रतिक्रिया एक जैसी नहीं रही। आईएएनएस न्यूज एजेंसी से बातचीत करते हुए एक कश्मीरी पंडित ने कहा कि इस बातचीत को बहुत ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, यह एक कॉमेडी शो था और ऐसे कार्यक्रमों में मजाक होता रहता है। उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों को देश में कहीं भी जाने और रहने का अधिकार है। इसी तरह बिहार का कोई व्यक्ति भी रोजगार के लिए मुंबई या देश के किसी दूसरे हिस्से में जा सकता है। 

एक अन्य कश्मीरी पंडित ने कहा कि समय रैना एक अच्छे व्यक्ति हैं और वह उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कॉमेडियन का बात करने का तरीका अलग होता है और यह इस बात पर निर्भर करता है कि कोई व्यक्ति उसे किस तरह लेता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि कश्मीरी पंडितों का पलायन सामान्य तरीके से हुआ विस्थापन नहीं था, बल्कि उन्हें मजबूर होकर अपना घर छोड़ना पड़ा था। इसलिए इस पूरे संदर्भ को समझना जरूरी है।

सोशल मीडिया पर क्या कह रहे यूजर्स?

यूजर्स का कहना है कि समय रैना खुद कश्मीरी पंडित होकर उन पर हुए अत्याचारों को लेकर संवेदनशील नहीं है। कुछ यूजर्स ने कहा कि स्टिल अलाइव में समय का कश्मीरी पंडित की बात कहना केवल एक पब्लिसिटी स्टंट था, जिससे उन्हें व्यूज मिले, जबकि सच्चाई तो यही है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं है कि कश्मीरी पंडितों के लिए वह घटना कितना बड़ा जख्म है। वहीं, यूजर्स ये भी कह रहे हैं कि समय को शर्म आनी चाहिए इतने संवेदनशील मुद्दे को मजाक बनाकर स्टैंडिंग ओवेशन देते हुए। 

new controversy linked to ‘India’s Got Latent’? What sparked the row over Samay Raina’s comedy show?
क्यों हो रहा विवाद? - फोटो : Amar Ujala

नेताओं ने क्या कहा?

शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने समय रैना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि समय रैना एक कॉमेडियन हैं और उनके कार्यक्रमों में अक्सर अश्लीलता देखने को मिलती है। उन्होंने समय रैना और शेरोन वर्मा की बातचीत को लेकर कहा कि दोनों को बिहार और जम्मू-कश्मीर की सही समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को कॉमेडी तक ही सीमित रहना चाहिए और जाति, राज्य या धर्म को मजाक में नहीं घसीटना चाहिए।

भाजपा विधायक राम कदम ने भी इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ लोग जानबूझकर विवादित बयान देकर सिर्फ प्रचार हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के देवी-देवताओं और कश्मीरी पंडितों को मजाक का विषय नहीं बनाया जा सकता।  

बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि किसी भी तरह की टिप्पणी को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी समुदाय, राज्य या व्यक्ति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

वहीं शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि बिहार पर की गई टिप्पणी उन्हें ठीक नहीं लगी। कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचारों का मजाक उड़ाना भी उन्हें गलत लगा। हालांकि, उन्होंने इसे कॉमेडी मानते हुए दोनों को माफ करने की बात कही। 

कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि हास्य एक ऐसी कला है, जो लोगों को खुशी देती है और उनकी चिंताओं का बोझ हल्का करती है। लेकिन जब इसी कला का इस्तेमाल किसी जाति, समुदाय या क्षेत्र को अपमानित या मजाक का विषय बनाने के लिए किया जाता है, तो इससे हास्य की गरिमा कम होती है। 

शेरोन वर्मा कौन हैं?

शेरोन वर्मा साल 2024 में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में आने के बाद चर्चा में आई थीं। इसके बाद से उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी शुरू की। अभी हाल में भारत में कई शहरों में उनका टूर था। उन्होंने लेटेंट शो में बताया कि कुछ साल पहले वह दर्शकों के बीच बैठती थीं और अब उसी शो में जज की कुर्सी पर बैठी हैं।

new controversy linked to ‘India’s Got Latent’? What sparked the row over Samay Raina’s comedy show?
कब-कब विवादों में रहे रैना? - फोटो : Amar Ujala

पहले कब-कब विवादों में आए समय रैना?

समय रैना इससे पहले भी कई बार विवाद में रह चुके हैं। इनमें उनके पुराने सोशल मीडिया बयान से लेकर इंडियाज गॉट लेटेंट के अलग-अलग एपिसोड तक शामिल हैं।

गर्भपात पर टिप्पणी
साल 2022 में अमेरिका में गर्भपात के अधिकार से जुड़े फैसले के बाद समय रैना की सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद हुआ था। लोगों ने इसे महिलाओं और गर्भपात जैसे संवेदनशील मुद्दे पर आपत्तिजनक मजाक बताया था। इसके बाद उनकी आलोचना हुई।

कुशा कपिला को रोस्ट करना पड़ा भारी
दिसंबर 2024 में समय रैना आशीष सोलंकी के कॉमेडी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसमें सोशल मीडिया हस्ती कुशा कपिला को लेकर कई व्यक्तिगत मजाक किए गए थे। इनमें उनके तलाक और निजी जिंदगी से जुड़ी टिप्पणियां भी थीं।

कार्यक्रम के बाद कुशा कपिला ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि उन्हें पहले से यह जानकारी नहीं थी कि उनके बारे में किस तरह के मजाक किए जाएंगे और वह इस सामग्री को सार्वजनिक किए जाने से सहमत नहीं थीं। विवाद के बाद उन्होंने समय रैना और आशीष सोलंकी को सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था।

रणवीर इलाहाबादिया का विवाद 
समय रैना का सबसे बड़ा विवाद फरवरी 2025 में सामने आया। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने एक प्रतियोगी से माता-पिता और यौन संबंधों को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछा।

वीडियो का अंश सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और देशभर में विरोध शुरू हो गया। इसके बाद समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कई जगह शिकायतें और प्राथमिकी दर्ज हुईं। विवाद बढ़ने के बाद समय रैना ने शो के पुराने सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए और जांच में सहयोग करने की बात कही। मामला सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा और अदालत ने भी रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई।

दिव्यांग लोगों को लेकर विवाद
इसके बाद ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक अन्य एपिसोड में दिव्यांग लोगों और स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी जैसी बीमारी को लेकर कथित असंवेदनशील टिप्पणियों का मामला सामने आया। क्योर एसएमए इंडिया फाउंडेशन ने इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया। याचिका में आरोप लगाया गया कि कार्यक्रम में दिव्यांग लोगों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गईं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed