News Updates: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने एमके स्टालिन से की मुलाकात, गर्मजोशी से हुआ स्वागत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर रहेंगे। वह सबसे पहले गिर सोमनाथ जिले में स्थित सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। यहां वह सोमनाथ अमृत महोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जो मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही वह स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री वडोदरा पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत के लिए रोड शो की तैयारी की गई है। हाल ही में गुजरात और पश्चिम बंगाल में भाजपा की चुनावी जीत के बाद बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। वडोदरा में पीएम मोदी ‘सरदार धाम भवन-3’ का उद्घाटन करेंगे। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बने इस विशाल परिसर में 278 कमरे, एनआरआई गेस्ट हाउस, ई-लाइब्रेरी, करियर गाइडेंस सेंटर, प्रशिक्षण सुविधाएं और करीब 1,000 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कई नेता और समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रधानमंत्री को इस दौरान ‘सरदार रत्न’ सम्मान भी दिया जाएगा।
ओडिशा में जीआरपी के एक कांस्टेबल की पीट-पीटकर हत्या के मामले में सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, पीसीआर में तैनात दो होम गार्ड्स की सेवा समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई रविवार को ऐसे समय में हुई, जब कुछ ही घंटे पहले ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू की। एक दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे।
एक महिला ने सात मई को कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन (32) पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया था, जिसके बाद भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में भीड़ ने उन्हें जमकर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। स्वैन के परिजनों का दावा है कि महिला झूठ बोल रही है और उन्होंने उसके पॉलीग्राफ परीक्षण की मांग की है। उधर, अपराध शाखा ने इस संबंध में दर्ज दो मामलों की जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। एक टीम महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप की जांच कर रही है, जबकि दूसरी टीम पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले की जांच कर रही है। अपराध शाखा के एसपी अनिरुद्ध राउत्रे और डीएसपी रत्नप्रवा सतपथी की निगरानी में दोनों टीमों ने जांच शुरू कर दी है।
केरलम के अंगदान रैकेट में फर्जी दस्तावेज सप्लाई करने वाले मास्टरमाइंड नजीब को रविवार को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया। एर्नाकुलम ग्रामीण पुलिस प्रमुख के एस सुदर्शन के अनुसार, नजीब मोबाइल बंद कर केरल से भाग गया था और नेपाल निकलने की योजना बना रहा था। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अगस्त 2023 से सक्रिय था। आरोपी सांसदों, विधायकों, डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों के फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का उपयोग कर अंगदान के लिए जरूरी जटिल दस्तावेज तैयार करते थे। नजीब की पत्नी को शनिवार को ही गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अब तक सनी वर्गीज, सिनी वर्गीज और सनोज समेत कई अन्य लोग पकड़े जा चुके हैं। आरोपियों ने दो निजी अस्पतालों और कई सम्मानित व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पुलिस क्लीयरेंस और सिफारिशी पत्र तैयार किए थे।
कोच्चि के एलमक्कारा पुलिस स्टेशन में तैनात ग्रेड सब-इंस्पेक्टर मुजीब एच के खिलाफ महिला से दुर्व्यवहार, रिश्वत मांगने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला का एक मित्र पिछले वर्ष दर्ज मादक पदार्थ मामले में आरोपी था, जिसकी जांच मुजीब कर रहा था। आरोप है कि मुजीब ने महिला को केस में फंसाने की धमकी देकर यौन संबंध बनाने और रिश्वत की मांग की। पुलिस के मुताबिक, मुजीब पर एक डॉक्टर से भी डेढ़ लाख रिश्वत मांगने का आरोप है। डॉक्टर भी ड्रग्स मामले के आरोपी का परिचित था। पैसे नहीं देने पर उसे केस में आरोपी बनाने की धमकी दी गई थी। मामले में आपराधिक जांच के साथ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के योजना एवं सांख्यिकी मंत्री डी सुधाकर का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। सुधाकर कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती थे। उनका पिछले दो महीनों से फेफड़ों के संक्रमण का इलाज चल रहा था। सुधाकर चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर परिजनों को सांत्वना दी।
चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस को शुरुआती जांच में यह जानकारी मिली है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार झारखंड से लाई गई थी। घटना के दौरान और उसके बाद ऑनलाइन माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए जाने के भी संकेत मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार, बाली टोल प्लाजा क्षेत्र में डिजिटल पेमेंट के जरिए लेनदेन की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन डाटा को भी खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों की कड़ी जोड़ी जा सके। इस बीच जांच में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है कि जिस कार में चंद्रनाथ रथ मौजूद थे, उसमें उनके और ड्राइवर के अलावा एक तीसरा व्यक्ति भी था। हमले में बचा व्यक्ति सदमे में है और अभी कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।
हत्या में अभिषेक बनर्जी का हाथ : भाजपा विधायक
इस हत्याकांड को लेकर बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने दावा किया कि चंद्रनाथ की हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी का हाथ है और उनकी गिरफ्तारी तय है। इससे पहले मृतक चंद्रनाथ की मां ने भी परोक्ष रूप से तृणमूल कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उनके बेटे को धमकियां मिल रही थीं और वह लगातार राजनीतिक दबाव में थे।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने फ्रांस की प्रमुख शराब कंपनी पर्नोड रिकर्ड और सात अन्य इकाइयों के खिलाफ विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। इन कंपनियों पर भारत में निर्मित विदेशी शराब बाजार में कथित गठजोड़ बनाने और प्रतिस्पर्धा-रोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पर्नोड रिकर्ड के अलावा जिन अन्य कंपनियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं, उनमें इंडो स्पिरिट्स, पैथवे एचआर सॉल्यूशंस, यूनिवर्सल डिस्ट्रिब्यूटर्स, खाओ गली, बबली बेवरेजेज, शिव एसोसिएट्स और ऑर्गनॉमिक्स इकोसिस्टम्स शामिल हैं। सीसीआई ने कहा, 2024 में दायर शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया लगता है कि पर्नोड रिकर्ड ने दिल्ली के आईएमएफएल बाजार में अधिक हिस्सेदारी हासिल करने और अपने ब्रांड को बढ़ावा देने के लिए खुदरा एवं थोक विक्रेताओं के साथ प्रतिबंधात्मक समझौते किए। खुदरा विक्रेताओं को कथित रूप से कॉरपोरेट गारंटी देकर पर्नोड रिकर्ड के उत्पादों की बिक्री बढ़ाने का प्रयास प्रतिस्पर्धा पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। यह आचरण प्रतिस्पर्धा अधिनियम के तहत विशिष्ट सौदे के लिए करार की श्रेणी में आता है और कानून का उल्लंघन हो सकता है।
यह शिकायत कुल 41 कंपनियों के खिलाफ दायर की गई थी। जांच के बाद आयोग ने 34 इकाइयों के खिलाफ आरोपों को प्रथम दृष्टया उचित नहीं माना, जबकि सात के खिलाफ जांच जारी रखने का आदेश दिया। अब भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के महानिदेशक इस मामले की विस्तृत जांच करेंगे। जांच में उन अधिकारियों और व्यक्तियों की भूमिका भी देखी जाएगी, जिनकी कथित गतिविधियों में सहमति या मिलीभगत रही हो। एब्सोल्यूट, शिवास रीगल और ग्लेनलिवेट जैसे ब्रांड का संचालन करने वाली पर्नोड रिकर्ड के लिए भारत वाल्यूम के हिसाब से सर्वाधिक और मूल्य के लिहाज से दूसरा सबसे बड़ा बाजार है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर से तृणमूल कांग्रेस पार्षद भीष्मदेव कर्मकार को कांग्रेस की चुनावी रैली में बाधा डालने और हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को बताया कि तृणमूल युवा शाखा के जिलाध्यक्ष और बहरामपुर नगरपालिका के वार्ड 19 के पार्षद को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया। कर्मकार पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान चार अप्रैल को बहरामपुर के वार्ड 19 में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के चुनावी रैली को रोकने के साथ ही उनके खिलाफ अपने समर्थकों के साथ मिलकर वापस जाओ और जय बांग्ला जैसे नारे लगाने का आरोप है। इस वजह से दोनों पक्षों में झड़प हो गई थी। हालांकि, कर्माकर ने उस वक्त इन आरोपों से इनकार करते हुए चौधरी के अशांति फैलाने के लिए बाहरी लोगों को बुलाने का दावा किया था। तृणमूल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध कहा, लेकिन पुलिस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि जांच कानून के मुताबिक ही की जा रही है।
केरलम के कोठामंगलम के पास वडाट्टुपारा में रविवार को एक निजी डेंटल कॉलेज के तीन छात्रों की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान तिरुवल्ला के बियॉन, कोट्टयम के अतुल और तिरुवनंतपुरम के हरीश के रूप में हुई है। ये तीनों कोठामंगलम स्थित मार बेसेलियस डेंटल कॉलेज के छात्र थे। पुलिस के अनुसार, नौ दोस्तों का समूह वडाट्टुपारा के पलवनपाड़ी पहुंचा था। नदी में नहाने के दौरान तीनों छात्र डूब गए। अन्य साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय निवासियों और दमकल विभाग ने तलाशी अभियान शुरू किया। दोपहर करीब 2.15 बजे तीनों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में रविवार को तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। तृणमूल के अनुसार मृतक सहदेब बाग गोघाट-1 ब्लॉक के नोकुंडा ग्राम पंचायत के सदस्य थे। पार्टी ने आरोप लगाया कि चुनाव बाद हुई हिंसा में अब तक उनके छह कार्यकर्ताओं की जान जा चुकी है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता और राजनीतिक पहलुओं की जांच कर रही है। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हत्या आपसी रंजिश या तृणमूल के ही गुटीय संघर्ष का नतीजा हो सकती है। इसी बीच, तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने 60 से अधिक दुकानों को फूंका है।
नीट यूजी 2026 की 3 मई को आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र और एक सैंपल पेपर के सवालों में समानता मिलने के मामले की अब जांच एजेंसियां पड़ताल करेंगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्रों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सैंपल पेपर और मुख्य प्रश्नपत्र में समानता को सीधे तौर पर पेपर लीक नहीं माना जा सकता। इसका कारण यह है कि प्रश्नपत्र और सैंपल पेपर दोनों ही एनसीईआरटी पाठ्यक्रम और पिछले वर्षों के पैटर्न पर आधारित होते हैं। हालांकि, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दी गई है। इसके लिए औपचारिक पत्र भी लिखा गया है।
राजस्थान के कोटा में सामने आया था मामला
बता दें कि राजस्थान के कोटा में ऐसा मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस पहले से जांच कर रही है। अब केंद्रीय एजेंसियां जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई तय करेंगी। एनटीए ने अपील की है कि अभिभावक किसी भी अफवाह से परेशान न हों।
आंध्र प्रदेश के कड़पा जिले में अलमास पेट चौराहे का नाम बदलने को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पथराव में पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए। तनाव बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और मामला शांत करवाया। प्रशासन ने बाद में निषेधाज्ञा लागू कर दी, जिसके बाद से स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव बरकरार है। पुलिस के अनुसार, एक समुदाय के सदस्य चाहते थे कि चौराहे का नाम मैसूर साम्राज्य के पूर्व शासक टीपू सुल्तान के नाम पर रखा जाए, जबकि दूसरे वर्ग ने बजरंगबली के नाम पर नामकरण की मांग की थी। इस बात को लेकर प्रदर्शन हुए जो कुछ देर बाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर ईंट- पत्थर, लाठियां और बोतलें चलीं। हालात पर काबू करने पहुंचे सर्कल इंस्पेक्टर नरसिम्हा राजू के सिर पर गंभीर चोट आई है।
फ्लेक्स और बैनर लगाने से उपजा 12 साल पुराना विवाद
यह विवाद पिछले 12 वर्षों से रुक-रुक कर सामने आता रहा है। ताजा विवाद एक धार्मिक आयोजन को लेकर शुरू हुआ। आयोजकों ने चौक पर हनुमान सर्कल के नाम वाले फ्लेक्स और बैनर लगा दिए, जिस पर दूसरे पक्ष ने कड़ा एतराज जताया क्योंकि पहले इसे टीपू सुल्तान सर्कल के नाम से जाना जाता था। विवाद तब और गहरा गया जब किसी ने इन बैनरों के ऊपर टीपू सुल्तान सर्कल वाले स्टिकर चिपका दिए गए। चौक पर हनुमान जी की एक प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश से विवाद बढ़ा।
गुजरात के आणंद जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तारापुर-बगोदरा स्टेट हाईवे पर एक टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा। इस भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। तारापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मयूर शर्मा ने बताया कि मृतकों में एक पांच साल का बच्चा, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। टेंपो में सवार सभी लोग मजदूर थे और वे काम के सिलसिले में दाहोद से आ रहे थे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तारापुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने यहां सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी बोर्ड (साइनबोर्ड) या संकेत नहीं लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके (DMK) अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात की। यह मुलाकात स्टालिन के अलवरपेट स्थित आवास पर हुई। चुनाव जीतने और मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद विजय की स्टालिन से यह पहली मुलाकात है। इस मुलाकात को एक शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय का बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। जब मुख्यमंत्री वहां पहुंचे, तो उदयनिधि ने हाथ मिलाकर और गले लगकर उनका स्वागत किया। इसके बाद स्टालिन ने भी विजय को गले लगाया। विजय और स्टालिन ने एक-दूसरे को रेशमी शॉल और गुलदस्ते भेंट किए और एक-दूसरे का सम्मान किया। यह मुलाकात डीएमके और विजय की पार्टी टीवीके (TVK) के बीच हुए कड़े चुनावी मुकाबले के बाद हुई है। 23 अप्रैल को हुए इन चुनावों में विजय की पार्टी ने जीत हासिल की थी। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों के बीच काफी कड़वाहट देखने को मिली थी।
दिग्गज टेक कंपनी गूगल ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए किए जा रहे साइबर हमलों को लेकर एक बड़ी चेतावनी जारी की है। सोमवार को गूगल ने बताया कि उसने एक शातिर आपराधिक गिरोह की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है, जो एआई का इस्तेमाल करके किसी अन्य कंपनी की डिजिटल सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा था। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि अब एआई-संचालित साइबर हमलों का नया और खतरनाक युग शुरू हो चुका है।
गूगल के मुताबिक, हैकर्स ने 'जीरो-डे' (ऐसी खामी जिसे ठीक करने का वक्त नहीं मिलता) नामक खामी खोज निकाली थी। इसकी मदद से वे एक लोकप्रिय सिस्टम के टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन को चकमा देने की योजना बना रहे थे। एंथ्रोपिक के मायथोस जैसे नए एआई टूल्स ने सुरक्षा में खामियां ढूंढना आसान कर दिया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। इस बढ़ते साइबर खतरे के बीच, ट्रंप मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति हैं और उनका व्हाइट हाउस भी अपनी रक्षा रणनीति में बड़े बदलाव कर रहा है। हालांकि प्रशासन ने पहले सुरक्षा नियमों को ढीला करने की बात कही थी, लेकिन अब एआई की निगरानी पर सरकार की भूमिका को लेकर मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं।