News Update: बंगाल में TMC सांसद काकोली दस्तिदार ने छोड़ा जिलाध्यक्ष पद; असम में छात्र नेता समेत पांच गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तृणमूल कांग्रेस सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने रविवार को बारासात संसदीय क्षेत्र की जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए यह फैसला किया। काकोली घोष दस्तिदार ने कहा कि चुनाव परिणामों से लगता है कि पार्टी के लिए उनके कामकाज में कहीं न कहीं कमी रह गई। उन्होंने कहा कि अब ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलनी चाहिए, जो उनसे बेहतर तरीके से काम कर सके। उन्होंने चुनाव में टीएमसी के लिए काम कर रही राजनीतिक सलाहकार संस्था आई-पैक की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। दस्तिदार ने कहा कि संगठन ने जिस तरह दबाव बनाकर काम किया, वह सही तरीका नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी आई-पैक जाएगी, वहां चुनाव में खतरनाक नतीजे सामने आएंगे। अपने इस्तीफे पत्र में उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए राजनीतिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवीय मूल्यों पर जोर देने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम जारी रखने की अपील की।
असम में अंतर-राज्यीय आतंकी फंडिंग नेटवर्क का खुलासा, छात्र नेता समेत 5 गिरफ्तार
असम पुलिस ने एक संदिग्ध अंतर-राज्यीय आतंकी फंडिंग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक छात्र नेता और महाराष्ट्र के एक आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि तिनसुकिया जिले से वसूली गई रकम क्षेत्र के बाहर भेजी जा रही थी। मामले में एक पत्रकार देबाशीष गोहेन और महाराष्ट्र निवासी शेख वसीम को पकड़ा गया है। इसके अलावा दीपों चेतिया पात्रा, मृत्युंजय कोंवर और छात्र नेता समर ज्योति गोहेन को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों पर यूएपीए और शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूछताछ के जरिये उगाही के पीछे के संगठन और मुख्य मकसद का पता लगा रही है।
सेवा तीर्थ में PM मोदी ने बच्चों संग साझा किए खास पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि कल सेवा तीर्थ में दो युवा मित्र उनसे मिलने आए थे। इस पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे क्षण किसी भी परिवार के लिए जीवनभर याद रहने वाले होते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा बच्चों के प्रति दिखाया गया स्नेह और अपनापन उनके जीवन में हमेशा एक सुंदर स्मृति बनकर रहेगा। उन्होंने पीएम मोदी की गर्मजोशी और आशीर्वाद के लिए आभार भी व्यक्त किया।

केंद्रीय मंत्री ने एक दिन पहले साझा की थीं तस्वीरें
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को राम मोहन नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपने परिवार के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर साझा की थी। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए एक बेहद भावुक और यादगार क्षण बताया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री का व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली है कि उनकी उपस्थिति ने परिवार की तीन पीढ़ियों को समान रूप से प्रभावित किया। यह अनुभव एक असाधारण जननेता की छवि को और मजबूत करता है। उन्होंने यह भी बताया कि सबसे खास पल वह था जब उनकी माँ ने प्रधानमंत्री को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरित होकर एक पौधा भेंट किया। मंत्री ने प्रधानमंत्री की आत्मीयता और आशीर्वाद के लिए गहरा आभार व्यक्त किया।
असम सिविल सेवा (एसीएस) के एक अधिकारी को शुक्रवार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 1.66 करोड़ से अधिक नकदी, 86 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट रसीदें और कई निवेश संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गुवाहाटी में अतिरिक्त निदेशक, भूमि अभिलेख के पद पर तैनात लचित कुमार दास को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय की टीम ने गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दास ने जमीन बिक्री की अनुमति के लिए एनओसी जारी करने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने को तैयार नहीं था और उसने विजिलेंस निदेशालय से संपर्क किया। विजिलेंस टीम ने उसे अपने कक्ष में 45 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम ने उसके दो घरों में तलाशी ली थी।
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर भाजपा का हमला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि पिछले तीन वर्षों में सरकार ने जनता के साथ विश्वासघात किया है और विकास व कल्याणकारी योजनाओं से ध्यान हटा लिया है। अपने दो दिवसीय कर्नाटक दौरे के दौरान, नवीन ने कहा कि राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस आंतरिक कलह से जूझ रही है और इसके नेता शासन के बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए सत्ता का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच सत्ता संघर्ष चल रहा है। नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कर्नाटक को राष्ट्रीय नेतृत्व के लाभ के लिए वित्तीय रूप से शोषण कर रही है और इसे दिल्ली में पार्टी को बनाए रखने के लिए एक 'एटीएम' की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी तथा 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिए।
बंगलूरू में एक महिला बॉक्सर के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक निजी क्लब के कोच ने वहां प्रशिक्षण ले रही 17 साल की मुक्केबाज का यौन उत्पीड़न किया और उसके परिवार को धमकी दी। पीड़िता की मां की शिकायत पर संपंगी रामनगर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लायन बॉक्सिंग क्लब (कांतिरवा स्टेडियम) के कोच रामचंद्र (50) के रूप में हुई है। दावा है कि वह पिछले चार साल से नाबालिग मुक्केबाज के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 17 मई को जब उनकी बेटी मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए चेन्नई गई थी, तब कोच ने उसे अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना के बारे में किसी को नहीं बताने की धमकी भी दी थी। इसलिए डर के मारे वह अब तक चुप रही।
ईडी ने मुर्शिदाबाद जिले में कोलकाता के पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास के आलीशान बंगले को अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकारियों ने मुर्शिदाबाद के कंडी कस्बे में बिस्बास की पैतृक संपत्ति पर ताला तोड़कर तलाशी ली थी और कोलकाता में कई स्थानों पर छापे मारे थे।
मामले से जुड़े अवैध भूमि अधिग्रहण, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान बिस्वास के आरोपी सोना पप्पू से संबंध भी सामने आए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व पुलिस अधिकारी का पैतृक घर कुछ साल पहले जर्जर हालत में था, जिसे कुछ ही समय में पुनर्निर्मित कर आलीशान बना दिया गया था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि घर के नवीनीकरण के लिए सोना पप्पू की ओर से दी गई बड़ी रकम का इस्तेमाल किया गया था।
ईडी अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पूर्व डीसीपी से जुड़ी कई अन्य संपत्तियों का भी पता लगाया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि बिस्वास कभी-कभार ही इस बंगले में आते थे, जबकि उनकी बहन गौरी सिन्हा बिस्वास नियमित रूप से वहां रहती थीं। गौरी, कंडी नगरपालिका की उपाध्यक्ष हैं। जांचकर्ताओं के अनुसार, कई बंद कमरों की तलाशी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले।
अमर उजाला के प्रतिष्ठित आकाशदीप सम्मान से सम्मानित मणिपुर की प्रख्यात साहित्यकार अरमबाम ओंगबी मेमचौबी को मणिपुर स्टेट अवॉर्ड फॉर लिटरेचर 2024 से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को इंफाल में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। मेमचौबी को उनकी कविता पुस्तक ‘थामाम्बा आहिंग’ के लिए यह पुरस्कार दिया गया। मेमचौबी को प्रशस्ति पत्र, शॉल और तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पूर्वोत्तर भारत की साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। कांगजाम इबोहल सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट से सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल और चार लाख रुपये की राशि दी गई।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और यौन शोषण के बाद हत्या ने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कार्तिक और उसके साथी मोहन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पश्चिमी क्षेत्र की आईजीपी आरवी राम्या भारती ने बताया कि बच्ची बृहस्पतिवार शाम घर के बाहर खेलते समय लापता हुई थी।
शुक्रवार को उसका शव कन्नमपलयम टैंक के पास मिला। मुख्यमंत्री विजय ने पुलिस को मामले की त्वरित जांच कर तत्काल चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आया कि पीड़ित परिवार का परिचित और पड़ोसी 33 वर्षीय कार्तिक बच्ची को बहला-फुसलाकर साथ ले गया था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे मारिया रोज गार्डन अपार्टमेंट में घेरा। भागने की कोशिश में पहली मंजिल से कूदने के कारण कार्तिक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसने बच्ची के साथ यौन शोषण और फिर उसकी हत्या की बात स्वीकार की है। मोहन पर मदद करने का आरोप है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को कहा कि कांगपोकपी जिले से अगवा किए गए छह नगा ग्रामीणों के मामले की जांच राष्ट्रीय जांच (एनआईए) को सौंपी जाएगी। यह फैसला यूनाइटेड नागा काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में लिया गया। यूनाइटेड नागा काउंसिल के अध्यक्ष एनजी लोर्हो के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लापता ग्रामीणों को जल्द खोजने की मांग की। उपमुख्यमंत्री लोसी दीखो, गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजाम और कई नागा विधायक भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 मई से खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कुकी संगठनों और समुदायों से भी लापता नगा ग्रामीणों का पता लगाने में सहयोग की अपील की।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद संजय दास का शव शनिवार को उनके घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले में नागेरबाजार थाने में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 50 वर्षीय दास दक्षिण दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 के पार्षद थे और नगर निकाय में चेयरमैन इन काउंसिल के पद पर भी तैनात थे। वह उत्तर कोलकाता के नागेरबाजार इलाके में रहते थे। परिवार के लोग उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल के बाहर उनके समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुट गई। देबराज, पूर्व तृणमूल विधायक अदिति मुंशी के पति हैं। एक दिन पहले शुक्रवार को देबराज और अदिति ने आय से अधिक संपत्ति मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी।
बंगाल: बोस के लापता होने की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच की मांग
नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर शोध करने वाले नेताजी अनुसंधान संगठन ने शनिवार को उनके लापता होने की जांच के लिए एक अंतरराष्ट्रीय आयोग बनाने की मांग की है। संगठन के सदस्य बिट्टू रॉय चौधरी का कहना है कि उनके साथ क्या हुआ, इस सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच की जानी चाहिए।
तमिलनाडु की एक जिला और सत्र अदालत ने भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में 25 बांग्लादेशियों को दो वर्ष जेल की सजा सुनाई है। इन सभी को पल्लाडम पुलिस ने पिछले साल जून में कराईपुदुर इलाके में छापा मारकर पकड़ा था। पुलिस जांच में पता चला कि इनमें से किसी के पास भी वैध पासपोर्ट और वीजा नहीं था, बल्कि उनके पास से बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र बरामद हुए थे।
पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को चालू वित्त वर्ष में करीब 3000 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य में जुलाई से कार्ड वितरण शुरू होने की संभावना है। इसके लिए मंजूर राशि में से पहली किस्त 500 करोड़ रुपये की जारी भी कर दी गई है। नबान्न में प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत बंगाल को 2,103 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के लिए भी केंद्र की ओर से वित्तीय मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच समन्वय बढ़ने से अब लोगों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचेगा।
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल कस्बे में एक धार्मिक ढांचे के पुनर्निर्माण को लेकर विवाद के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमला करने की भी सूचना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जगटे कट्टे इलाके में स्थित एक धार्मिक मंच ‘मूरी कट्टे’ को पहले राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के दौरान हटा दिया गया था। हाल ही में उसी स्थान पर इस ढांचे का पुनर्निर्माण किया गया, जो राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की भूमि पर आता है।
इसके बाद एक समुदाय के कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए ढांचे को हटाने की मांग की। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और कथित तौर पर पुनर्निर्मित मंच को गिराने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात पुलिस बल के साथ झड़प हो गई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालात को काबू में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीएम मोदी के दौरे से पहले बंगलूरू में जिलेटिन स्टिक्स मिलने पर छह पुलिसकर्मी निलंबित
बंगलूरू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा में लापरवाही के मामले में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर के पास 10 मई को जिलेटिन स्टिक्स मिलने के बाद की गई। बंगलूरू दक्षिण जिले के पुलिस अधीक्षक आर. श्रीनिवास गौड़ा ने एक सब-इंस्पेक्टर, एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबलों को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया। जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल को जिलेटिन स्टिक्स, सर्किट और टाइमर मिले थे। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी जांच में शामिल हो गई है।
आरजी कर मेडिकल कॉलेज की जूनियर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले में विवादों में आए निलंबित डॉक्टर अविक डे के खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार ने विभागीय जांच शुरू कर दी है। डे पर सेवा कोटा के जरिये अस्पताल में पीजी प्रशिक्षण में अनियमितता के आरोप हैं। सरकार ने सेवा कोटा के तहत पीजी पाठ्यक्रम में दाखिले की भी अलग से जांच कराने का आदेश दिया है।
साल्ट लेक स्टेडियम से हटाई गई विवादित प्रतिमा
पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता स्थित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (साल्ट लेक स्टेडियम) के वीवीआईपी गेट के बाहर लगी विवादित मूर्ति को शनिवार सुबह हटवा दिया। राज्य के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने कुछ दिन पहले ही संकेत दिया था कि स्टेडियम परिसर से इस मूर्ति को हटाया जाएगा। शनिवार सुबह लोक निर्माण विभाग और खेल विभाग की मौजूदगी में इसे ध्वस्त कर दिया गया। फिलहाल स्थल पर केवल फुटबॉल और जूतों का हिस्सा बचा है। यह मूर्ति 2017 में स्टेडियम के नवीनीकरण के दौरान लगाई गई थी।
कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनियमितताओं की जांच के लिए एक तथ्य-जांच समिति का गठन किया है।
Indian National Congress constitutes Fact-Finding Committee to inquire into anti-party activities and irregularities in Tamil Nadu Assembly Elections 2026 pic.twitter.com/D9CECakPPp
— ANI (@ANI) May 23, 2026
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के नुआडीही गांव में श्राद्ध का खाना खाने से चार लोगों की मौत हो गई। खाना खाने के बाद सुंदरगढ़ और पड़ोसी जिले झारसुगुड़ा के 20 से अधिक लोगों को उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत हुई। बीमार लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो महिलाओं सहित चार लोगों ने दम तोड़ दिया। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए मेडिकल टीम तैनात कर दी है और खाने के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं।
ओडिशा: 2016 के नबरंगपुर संघर्ष मामले में 19 लोगों को उम्रकैद, तीन की हुई थी मौत
अभियोजन पक्ष के अनुसार, बौंशबेड़ा गांव के बलराम हरिजन पास के तेलगांव गांव में सरकारी जमीन के एक हिस्से पर खेती कर रहे थे। आदिवासी ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और वन विभाग से वहां पौधारोपण कराने की मांग की। आरोप है कि बलराम ने लगाए गए पौधों को उखाड़ दिया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
इसके बाद आदिवासी ग्रामीणों का एक समूह बलराम के घर पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। इसी दौरान बलराम ने कथित तौर पर गुरुबहरू भतरा पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि एक अन्य आरोपी गणपति हरिजन ने फगुनु भतरा का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल गुरुबहरू ने पुलिस के समक्ष मरने से पहले बयान दर्ज कराया था। बाद में अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद सैकड़ों आदिवासी ग्रामीणों ने कथित तौर पर बलराम के घर को घेर लिया, पथराव किया और मकान में आग लगा दी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, जब बलराम छत के रास्ते भागने की कोशिश कर रहा था, तब भीड़ ने उसे पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला। सरकारी वकील अशोक कुमार पाधी ने बताया कि पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने 19 लोगों को दोषी ठहराते हुए उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
अहमदाबाद में बैंक कर्मचारी ने उड़ाए ₹8.7 करोड़
गुजरात के अहमदाबाद में एक सरकारी बैंक कर्मचारी को आरबीआई करेंसी चेस्ट से 8.7 करोड़ रुपये चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा की गांधी रोड शाखा में जूनियर कस्टोडियन के पद पर तैनात था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने दो कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की मदद से लोहे के पुराने बॉक्स बाहर ले जाने के बहाने करोड़ों रुपये बैंक से बाहर निकाले। पुलिस का कहना है कि इन बॉक्सों में नकदी भरी हुई थी। चोरी के बाद आरोपी कई दिनों तक सामान्य रूप से ड्यूटी करता रहा ताकि किसी को शक न हो। बाद में वह अचानक छुट्टी पर चला गया। मामले का खुलासा RBI निरीक्षण से पहले हुई जांच में हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से 2.2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में उसने चोरी के पैसों से मकान, दुकान और वाहन खरीदने की बात कबूल की है। साथ ही उसने क्रिप्टोकरेंसी में भी बड़ी रकम निवेश की थी।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोलकाता में एक कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। इसके साथ ही जांच एजेंसी को एक संदिग्ध डायरी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई गिरफ्तार कारोबारी जय एस कमदार के घर पर की गई। सूत्रों के अनुसार, जय एस कमदार को पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास का करीबी माना जाता है। ईडी की टीम ने शुक्रवार को मध्य कोलकाता स्थित मार्क्विस स्ट्रीट इलाके में कमदार के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई चर्चित ‘सोना पप्पू’ मामले में चल रही जांच का हिस्सा बताई जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि बरामद सोना कहीं उन पैसों से तो नहीं खरीदा गया, जिनका संबंध कथित तौर पर शांतनु सिन्हा बिस्वास से जुड़ा हुआ है। वहीं, बरामद डायरी में दर्ज जानकारी को भी अहम सुराग माना जा रहा है। ईडी फिलहाल जब्त दस्तावेजों और सोने के स्रोत की जांच में जुटी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।