सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Modi Road Show: Why did PM Modi do road show in Delhi? Understand BJP's political strategy in three points

PM Modi Road Show: दिल्ली में पीएम मोदी ने क्यों किया रोड शो? तीन बिंदुओं में समझें BJP की सियासी रणनीति

स्पेशल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु मिश्रा Updated Mon, 16 Jan 2023 05:40 PM IST
विज्ञापन
सार

पीएम मोदी के रोड शो की चर्चा हो रही है। आइए इसके राजनीतिक कारणों को जानने की कोशिश करते हैं। ये भी कि पीएम मोदी के इस रोड शो से किसे और कितना फायदा होगा? 
 

PM Modi Road Show: Why did PM Modi do road show in Delhi? Understand BJP's political strategy in three points
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में रोड शो किया। इसके बाद वह भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे। बैठक से ठीक पहले पीएम मोदी का ये रोड शो चर्चा का विषय बना रहा। इसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। ये सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं, क्योंकि दिल्ली में आने वाले दिनों में कोई चुनाव नहीं होना है। ऐसे में पीएम मोदी के रोड शो की चर्चा हो रही है। आइए इसके राजनीतिक कारणों को जानने की कोशिश करते हैं। ये भी कि पीएम मोदी के इस रोड शो से किसे और कितना फायदा होगा? 
Trending Videos

 

पहले जान लीजिए आज क्या-क्या हुआ? 
आज से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य शामिल हो रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता इसमें शिरकत कर रहे हैं। भाजपा की ये बैठक काफी अहम है, क्योंकि इस साल देश के नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। 

अगले साल की शुरुआत में लोकसभा चुनाव भी होना है। इस बैठक में इन चुनावों की तैयारियों पर मंथन तो होगा ही साथ में उन राज्यों को लेकर भी बातचीत होगी, जहां भाजपा अभी जीत से दूर है। बैठक से ठीक पहले पीएम मोदी ने 15 मिनट का एक रोड शो किया। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी ने पटेल चौक से रोड शो शुरू किया और संसद मार्ग, जय सिंह रोड पर जाकर खत्म किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लोगों की भीड़ जुटी। इसके बाद पीएम मोदी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुए। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

पीएम मोदी ने क्यों किया रोड शो? 
इसे समझने के लिए हमने राजनीतिक विश्लेषक प्रो. अजय कुमार सिंह से बात की। उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है। पिछले साल सात राज्यों में चुनाव हुए। इनमें से पांच पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई। गुजरात और उत्तर प्रदेश में भाजपा ने बंपर जीत हासिल की। लेकिन हिमाचल प्रदेश, पंजाब और दिल्ली एमसीडी के नतीजों ने पार्टी को निराश भी किया। सबसे ज्यादा चौंकाने वाले नतीजे दिल्ली एमसीडी के रहे। यहां भारतीय जनता पार्टी को मिली हार ने कई बिंदुओं पर सोचने को मजबूर कर दिया है।'

प्रो. सिंह कहते हैं, 'आम आदमी पार्टी ने पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली और आसपास के राज्यों में काफी पैठ बना ली है। पंजाब और दिल्ली एमसीडी के नतीजे इस ओर इशारा करते हैं। ऐसे में भाजपा कभी नहीं चाहेगी कि दिल्ली में पार्टी कमजोर हो। अभी दिल्ली में लोकसभा की सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है, लेकिन जिस तरह से आम आदमी पार्टी का ग्राफ बढ़ रहा है, वो भाजपा के लिए जरूर चिंताजनक है। इसलिए भाजपा हर तरह से दिल्ली में मजबूत होना चाहती है। पीएम मोदी का रोड शो इसी का एक हिस्सा हो सकता है।'

प्रो. सिंह के अनुसार, राष्ट्रीय कार्यकारिणी से जुड़ी खबरें ज्यादा मीडिया में जगह नहीं बना पाती हैं। बशर्ते कोई बड़ा बयान न आ गया हो या फिर कोई बड़ा फैसला न ले लिया गया हो। लेकिन पीएम मोदी का रोड शो सभी को अपनी तरफ आकर्षित करता है। इसलिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को मेगा बनाने के लिहाज से भी प्रधानमंत्री का रोड शो करवाया जा सकता है। आने वाले दिनों में इस तरह के रोड शो का आयोजन बढ़ भी सकता है। 
 

कांग्रेस ने क्या कहा? 
कांग्रेस ने पीएम मोदी के रोड शो को लेकर तंज कसा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से आतंकित भाजपा पीएम मोदी का इस्तेमाल बार-बार रोड शो में कर रही है। राहुल के पैदल मार्च को पीएम मोदी की तरह टीवी चैनलों ने कवर नहीं किया, लेकिन इसके बावजूद राहुल इस यात्रा के जरिए जनमानस पर छा गए हैं। राहुल की छवि इस यात्रा ने बदल दी है। तमाम सर्वे बता रहे हैं कि राहुल की लोकप्रियता बढ़ी है। 
 

पीएम मोदी के रोड शो से भाजपा को कितना फायदा? 
   इसे लेकर प्रोफेसर अजय कुमार सिंह ने तीन संभावित फायदे बताए…

 

1. दिल्ली में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा: दिल्ली एमसीडी में आम आदमी पार्टी से मिली हार से भाजपा कार्यकर्ता निराश हैं। 15 साल तक एमसीडी में भाजपा का राज था और अब आम आदमी पार्टी ने सत्ता छीन ली है। आम आदमी पार्टी भाजपा को लेकर काफी अग्रेसिव रहती है। ऐसे में पीएम मोदी के इस रोड शो से फिर से भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश आएगा और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। 

 

2. जनता को भी मैसेज: पीएम मोदी ने अपने इस रोड शो के जरिए दिल्ली की जनता को भी संदेश दिया है कि वह अभी भी उनके साथ हैं। इस बार दिल्ली एमसीडी चुनाव में पीएम मोदी ने कोई रैली और न ही कोई रोड शो किया था। अलग-अलग रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार एमसीडी चुनाव में भाजपा के वोटर्स घरों से ही नहीं निकले। इसके चलते पार्टी को काफी नुकसान हुआ। पीएम मोदी ने अपने रोड शो के जरिए उन लेागों को फिर से सक्रिय होने का भी संदेश दिया। 

 

3. चर्चा में बने रहना: राजनीतिक सुधार और फायदा तभी होता है जब किसी नेता या पार्टी की सभी चर्चा करें। चुनाव के बाद राजनीतिक चर्चाओं पर एक तरह से विराम ही लग गया था। अब पीएम मोदी ने अपने रोड शो के जरिए एक बार फिर से लोगों के बीच चर्चा शुरू करवा दी। विपक्ष भी पीएम मोदी के इस रोड शो पर अलग-अलग तरह के बयान दे रहा है। इसका फायदा भी भाजपा को मिल सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed