{"_id":"6aea0223fd54f4e7ec0c776f","slug":"sting-operation-controversy-contributed-to-cong-s-defeat-in-mlc-polls-ex-minister-rajanna-2026-11-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"कर्नाटक में कांग्रेस क्यों हारी MLC चुनाव?: पार्टी के बड़े नेता ने बताई ये वजह, 26 विधायकों का मांगा इस्तीफा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
कर्नाटक में कांग्रेस क्यों हारी MLC चुनाव?: पार्टी के बड़े नेता ने बताई ये वजह, 26 विधायकों का मांगा इस्तीफा
Tue, 03 Nov 2026 09:17 PM IST
राहुल कुमार
पीटीआई, बंगलूरू
पीटीआई, बंगलूरू
Published by: राहुल कुमार
Updated Tue, 03 Nov 2026 09:17 PM IST
सार
कर्नाटक में विधान परिषद की चारों सीटें हारने के बाद कांग्रेस में जवाबदेही की मांग, सरकार के पूर्व मंत्री ने दावा किया कि शिक्षित मतदाताओं ने वोट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की।
विज्ञापन
केएन राजन्ना, पूर्व सहकारिता मंत्री, कर्नाटक सरकार
- फोटो : एएनआई
विस्तार
कर्नाटक में विधान परिषद की चार सीटों पर हार के बाद कांग्रेस के भीतर जवाबदेही को लेकर आवाज उठने लगी है। पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री केएन राजन्ना ने मंगलवार को कहा कि स्टिंग ऑपरेशन विवाद भी हालिया चुनाव में कांग्रेस की हार की एक वजह हो सकता है। उन्होंने दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 35 विधानसभा क्षेत्रों के सभी 26 कांग्रेस विधायकों से हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। राजन्ना ने कहा कि इस जिम्मेदारी में वह खुद भी शामिल हैं।
विज्ञापन
कांग्रेस को विधान परिषद की चारों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। इन चुनावों के नतीजे 28 अक्तूबर को घोषित हुए थे। राजन्ना ने बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 35 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के 26 विधायक होने के बावजूद पार्टी जीत हासिल नहीं कर सकी। ऐसे में सभी को हार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, इन 35 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के 26 विधायक होने के बावजूद हम जीत नहीं सके। अगर 26 विधायकों के रहते हुए भी हम चुनाव नहीं जीत पाए तो हम सभी 26 लोगों को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। इसमें मुझे भी शामिल किया जाना चाहिए।
विज्ञापन
स्टिंग ऑपरेशन विवाद का चुनाव पर पड़ा असर
पूर्व मंत्री राजन्ना ने कहा कि स्टिंग ऑपरेशन विवाद का मतदाताओं पर असर पड़ा होगा। उनके मुताबिक, चुनाव में मतदान करने वाले लोग शिक्षित थे और वे हर मुद्दे का खुद आकलन करते हैं। उन्हें अपने वोट के जरिए नाराजगी जाहिर करने का भी मौका मिला।
उन्होंने कहा, इसका निश्चित रूप से असर पड़ा होगा। क्योंकि वोट देने वाले सभी लोग शिक्षित हैं। वे हर मुद्दे का खुद आकलन और विश्लेषण करते हैं। उन्हें अपने वोट के जरिए नाराजगी जाहिर करने का भी मौका मिला। मेरा मानना है कि ऐसा ही हुआ है। राजन्ना ने स्टिंग ऑपरेशन की उचित जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जांच उच्च स्तर की हो या निचले स्तर की, सबसे जरूरी यह है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए।
सिद्धारमैया ने राहुल गांधी को दी थी विवाद की जानकारी
राजन्ना ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की हाल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि सिद्धारमैया ने स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े घटनाक्रम, पार्टी पर इसके नकारात्मक असर और अपनी व्यक्तिगत छवि को हुए नुकसान के बारे में विस्तार से बताया था।
उन्होंने कहा, मैंने उनकी मुलाकात से पहले उनसे बात की थी। मुलाकात के बाद मेरी उनसे बात नहीं हुई है। मैं आज उनसे बात करूंगा। राजन्ना ने यह भी कहा कि चुनाव नहीं लड़ने और उसके बाद प्रचार नहीं करने को लेकर दिए गए विरोधाभासी बयानों का पार्टी पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इन सभी घटनाक्रमों का पार्टी पर बुरा प्रभाव पड़ना तय है।
'गलती हुई तो जवाबदेही और सजा भी होनी चाहिए'
पूर्व मंत्री ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों की जिम्मेदारी है कि वे संगठन की ओर से लिए गए फैसलों को लागू करें। अगर वे ऐसा करने में नाकाम रहते हैं तो उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।उन्होंने कहा, "अगर हम अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे हैं तो हम सभी ने गलती की है। इस गलती के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए और सजा भी मिलनी चाहिए।"
क्या है स्टिंग ऑपरेशन विवाद?
कांग्रेस के भीतर स्टिंग ऑपरेशन को लेकर विवाद तब बढ़ा जब पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो को बदनाम करने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता कृपा अल्वा इसके पीछे थीं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। कांग्रेस ने सिद्धारमैया के खिलाफ इस अभियान के लिए जनता दल (सेक्युलर) को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, सिद्धारमैया के बेटे और मंत्री यतींद्र सिद्धारमैया ने आरोप लगाया था कि इसमें कांग्रेस के कुछ नेता भी शामिल थे।