Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   thiruparankundram karthigai deepam dispute Tamil Nadu Govt Supreme Court explainer

एक्सप्लेनर: भगवान मुरुगन की पहाड़ी पर दरगाह और दीप पर विवाद, परंपरा दशकों पुरानी; कार्तिगई दीपम की कहानी क्या?

Tue, 24 Nov 2026 05:27 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमन तिवारी Updated Tue, 24 Nov 2026 05:27 PM IST
सार

मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम के मौके पर दीपथून पर दीप जलाने को लेकर विवाद गहरा गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस साल के लिए एक बार की विशेष अनुमति दी है, वहीं राज्य सरकार ने इस आदेश पर पुनर्विचार की मांग की है। इस बीच, पारंपरिक कार्तिगई दीपम पहले की तरह उचिपिल्लैयार दीप मंडपम में ही प्रज्वलित किया गया। आइए, इस पूरे विवाद को विस्तार से समझते हैं...

विज्ञापन
thiruparankundram karthigai deepam dispute Tamil Nadu Govt Supreme Court explainer
कार्तिगई दीपम - फोटो : अमर उजाला/ पीटीआई

विस्तार

तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई में पवित्र मानी जाने वाली पहाड़ी की चोटी पर और मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम स्थित पारंपरिक स्थान उचि पिल्लैयार मंडपम में मंगलवार, 24 नवंबर को भक्तिपूर्ण नारों के बीच 'कार्तिगई दीपम' प्रज्वलित किया गया। तिरुवन्नमलाई में इस वार्षिक आयोजन को देखने और मन्नतें पूरी करने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े, जिसके बाद राज्य भर के मंदिरों और घरों में भी दीप जलाए गए।
विज्ञापन


हालांकि, मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक स्तंभ 'दीपथून' पर दीप प्रज्वलित करने को लेकर सियासी और कानूनी विवाद बना हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दिए अपने अंतरिम आदेश में 24 नवंबर के उत्सव के लिए दीपथून पर दीपक जलाने की एक बार की सशर्त अनुमति दी थी, हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि इससे भविष्य के लिए कोई स्थायी धार्मिक अधिकार या नई परंपरा स्थापित नहीं होगी। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री विजय की सरकार इस फैसले के खिलाफ है और उसने अदालत में पुनर्विचार याचिका भी दाखिल की है, लेकिन 23 नवंबर तक इस याचिका पर तत्काल सुनवाई नहीं हो सकी। वहीं, मंगलवार को मद्रास हाईकोर्ट ने भी मदुरै जिलाधिकारी और प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन


इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य में सियासी और धार्मिक हलचल तेज हो गई है। जहां हिंदू संगठन दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति को आस्था की जीत मान रहे हैं, वहीं दरगाह पक्ष और मुस्लिम संगठन इसे दशकों पुरानी व्यवस्था और सौहार्द से जोड़कर देख रहे हैं। संवेदनशील माहौल और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सोमवार रात से पूरे तिरुपरनकुंद्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


आखिर कार्तिगई दीपम पर्व का महत्व क्या है? इस स्तंभ को लेकर विवाद की शुरुआत कब और कैसे हुई? दोनों पक्षों की मुख्य दलीलें क्या हैं? और राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख क्यों किया? आइए, सिलसिलेवार ढंग से पूरा मामला समझते हैं...
Trending Videos

क्या है कार्तिगई दीपम?
कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का एक प्रमुख हिंदू त्योहार है। इसे रोशनी के पर्व के रूप में मनाया जाता है। तमिल कैलेंडर के कार्तिगई महीने में पूर्णिमा के आसपास यह त्योहार आता है। इस दिन घरों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीपक जलाए जाते हैं। भगवान शिव और भगवान मुरुगन की पूजा से भी इस पर्व का विशेष संबंध है।

तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई में अरुणाचलेश्वर मंदिर का कार्तिगई दीपम उत्सव विशेष रूप से प्रसिद्ध है। यहां पहाड़ी की चोटी पर विशाल दीपक जलाया जाता है, जिसे देखने के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम में भी इसी त्योहार के दौरान दीप जलाने की पुरानी परंपरा है। यहां विवाद इस बात पर है कि दीपक केवल उसी पारंपरिक जगह (उचिपिल्लैयार मंदिर के पास) जलाया जाए, जहां वर्षों से जलता आ रहा है या फिर पहाड़ी की चोटी पर मौजूद एक दूसरे पत्थर के स्तंभ पर भी जलाने की इजाजत दी जाए। जो हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह की दरगाह के बेहद करीब है।

इस विवाद में दो स्थानों की पहचान समझना जरूरी 
दीप मंडपम: यह उचिपिल्लैयार मंदिर के पास पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित है। यहां दशकों से कार्तिगई दीपम जलाया जाता रहा है।
दीपथून: यह पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित एक पत्थर का स्तंभ है। हिंदू श्रद्धालुओं का दावा है कि यह परंपरागत दीपस्तंभ है और यहां भी दीपक जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। विवाद इसी दूसरे स्थान को लेकर है।

कहां स्थित है विवादित पहाड़ी और क्यों है खास?
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी तमिलनाडु के मदुरै शहर के बाहरी इलाके में स्थित है। इसकी ऊंचाई लगभग 1050 फीट है। यह पहाड़ी धार्मिक और ऐतिहासिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पहाड़ी के निचले हिस्से में भगवान मुरुगन का अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर है। इसे तमिलनाडु के प्रमुख मुरुगन मंदिरों में गिना जाता है। यह भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों यानी अरुपदई वीडू में से एक है।

इस पहाड़ी का इतिहास केवल हिंदू धर्म तक सीमित नहीं है। यहां जैन धर्म से जुड़े प्राचीन शैलाश्रय और शिलाशय्याएं भी मौजूद हैं। वहीं, पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में सूफी संत हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया की दरगाह स्थित है। इसी वजह से इस पहाड़ी को अलग-अलग धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान मिली है। जैन परंपरा के कारण इसे समनार हिल और सूफी संत के नाम पर सिकंदर हिल भी कहा जाता है। दरगाह और विवादित दीपथून के बीच की दूरी लगभग 50 मीटर बताई जाती है। इतनी कम दूरी होने के कारण दीपक जलाने के सवाल ने धार्मिक संवेदनशीलता का रूप ले लिया है। 

कैसे शुरू हुआ विवाद, क्या है 100 साल पुराना इतिहास?
इस विवाद की जड़ें आज से नहीं, बल्कि लगभग एक सदी पहले के संपत्ति विवाद में हैं। साल 1920 में अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर देवस्थानम ने पूरी तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर मालिकाना हक का दावा करते हुए मुकदमा दायर किया था। मंदिर प्रशासन का कहना था कि पहाड़ी का अधिकांश हिस्सा मंदिर की संपत्ति है। 1923 में निचली अदालत ने इस मामले में फैसला सुनाया। अदालत ने पहाड़ी के अधिकतर खाली हिस्से और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्ते को मंदिर की संपत्ति माना। हालांकि, पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी, मस्जिद के आसपास का क्षेत्र, नेल्लिथोपे और दरगाह तक जाने वाली सीढ़ियों को मुस्लिम पक्ष की संपत्ति माना गया। अदालत के इस फैसले ने पहाड़ी के अलग-अलग हिस्सों पर दोनों पक्षों के अधिकार तय कर दिए। आगे चलकर इसी व्यवस्था को लेकर कई बार विवाद हुए।

1994-1996 में फिर उठा दीपक जलाने का सवाल
1994 में कुछ लोगों ने पहाड़ी की चोटी पर दीपम जलाने की अनुमति मांगी। इस मांग को लेकर मामला अदालत पहुंचा। 1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस पर फैसला सुनाते हुए कार्तिगई दीपम को पहाड़ी के निचले हिस्से में उचिपिल्लैयार मंदिर के पास जलाने का निर्देश दिया। अदालत ने मंदिर प्रशासन को वैकल्पिक स्थान पर दीपक जलाने की अनुमति भी दी, लेकिन इसके लिए शर्त रखी कि वह स्थान दरगाह, सीढ़ियों और नेल्लिथोपे क्षेत्र से कम से कम 15 मीटर दूर होना चाहिए। इसके बाद कई दशकों तक दीपक उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में ही जलाया जाता रहा। इस दौरान दीपथून पर दीपक जलाने का सवाल फिर भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। 

2025 में अचानक क्यों बढ़ गया विवाद?
दिसंबर 2025 में यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। एक श्रद्धालु राम रविकुमार ने मंदिर प्रशासन से पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मांगी थी। मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की। इसके बाद उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया। 1 दिसंबर 2025 को मद्रास हाईकोर्ट के जस्टिस जीआर स्वामीनाथन ने याचिका पर सुनवाई करते हुए मंदिर प्रशासन को दीपथून पर भी दीपक जलाने का निर्देश दिया। अदालत का तर्क था कि कार्तिगई दीपम रोशनी का त्योहार है। ऐसे में दीपक केवल पूजा स्थल तक सीमित नहीं होना चाहिए। अदालत ने कहा कि दीपथून पर भी दीपक जलाया जाना चाहिए।

अदालत ने मंदिर प्रशासन को निर्देश दिया कि वह पारंपरिक स्थान के अलावा दीपथून पर भी दीपक जलाने की व्यवस्था करे। इसके लिए पुलिस की मदद लेने की बात भी कही गई। लेकिन मंदिर प्रशासन और राज्य सरकार ने इस आदेश को लागू करने में कानून-व्यवस्था की समस्या का हवाला दिया। इस पर जस्टिस स्वामीनाथन ने अवमानना की कार्यवाही शुरू की और सीमित संख्या में लोगों को सुरक्षा के साथ पहाड़ी पर जाने की अनुमति देने का निर्देश दिया। यहां से विवाद ने नया मोड़ ले लिया। एक तरफ अदालत का आदेश था, दूसरी तरफ राज्य सरकार और मंदिर प्रशासन की आपत्तियां थीं। आखिरकार 2025 में दीपथून पर दीपक नहीं जलाया जा सका। 

हिंदू पक्ष का क्या कहना है?
  • दीपथून पर दीपक जलाने की मांग करने वाले श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि उनकी आस्था और पूजा करने की स्वतंत्रता से जुड़ा मामला है।
  • हिंदू पक्ष का दावा है कि पहाड़ी पर स्थित पत्थर का स्तंभ दीपक जलाने के लिए बनाया गया था। इसलिए कार्तिगई दीपम पर यहां दीपक जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए।
  • उनका कहना है कि उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीपक जलाने की व्यवस्था पहले से है, लेकिन इससे पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दीपक जलाने का धार्मिक अधिकार समाप्त नहीं हो जाता। वे इसे पुरानी धार्मिक परंपरा को बहाल करने की मांग बताते हैं।
  • हिंदू संगठनों का तर्क है कि संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता प्राप्त है। जब तक किसी धार्मिक गतिविधि से कानून का उल्लंघन नहीं होता, तब तक प्रशासन को उसमें बाधा नहीं डालनी चाहिए।
  • हिंदू संगठनों का कहना है कि जब हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने दीपक जलाने की अनुमति दी है, तो प्रशासन को इसका पालन करना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), हिंदू मुन्नानी और हिंदू धर्म परिषद जैसे संगठनों ने इस मुद्दे पर तमिलनाडु सरकार की आलोचना की है। उनका आरोप है कि सरकार धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के बजाय दीपक जलाने की मांग का विरोध कर रही है। भाजपा नेताओं ने सरकार के रुख को हिंदू विरोधी बताते हुए सवाल उठाए हैं।

मुस्लिम पक्ष और दरगाह से जुड़े लोगों की क्या दलील है?
दरगाह से जुड़े लोगों और मुस्लिम संगठनों का कहना है कि वे कार्तिगई दीपम के खिलाफ नहीं हैं। उनका विरोध दीपक जलाने के स्थान को बदलने और दरगाह के नजदीक स्थित विवादित स्तंभ पर धार्मिक गतिविधि शुरू करने को लेकर है।
  • दशकों से दीपक उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में जलाया जा रहा है। इसलिए उसी परंपरा को जारी रखा जाना चाहिए।
  • विवादित स्तंभ दरगाह के बहुत करीब है। वहां नई धार्मिक गतिविधि शुरू करने से इलाके में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है।
  • पहाड़ी की चोटी और दरगाह के आसपास की जमीन को लेकर पुराने अदालती फैसले मौजूद हैं। इसलिए किसी भी नई गतिविधि से पहले संपत्ति और रास्ते से जुड़े अधिकार स्पष्ट होने चाहिए।
  • केवल किसी पत्थर के स्तंभ को दीपथून बताने से यह साबित नहीं हो जाता कि वहां दीपक जलाने की स्थापित धार्मिक परंपरा रही है।
  • 22 नवंबर 2026 को फेडरेशन ऑफ ऑल मुस्लिम ऑर्गेनाइजेशंस एंड पॉलिटिकल पार्टीज ने बैठक कर राज्य सरकार की पुनर्विचार याचिका का समर्थन किया।
संगठन के अध्यक्ष मौलाना पीए खाजा मोहिद्दीन बाकावी ने कहा कि उनका संगठन दीपम जलाने के खिलाफ नहीं है। उनकी मांग है कि दीपक उसी पारंपरिक स्थान पर जलाया जाए, जहां दशकों से यह अनुष्ठान होता आया है। उन्होंने धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की। बैठक में दरगाह समिति, मुस्लिम संगठनों और कुछ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। 

तमिलनाडु सरकार का क्या कहना है?
तमिलनाडु सरकार का रुख इस पूरे विवाद का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। 2025 में डीएमके सरकार के समय शुरू हुआ यह कानूनी विरोध नवंबर 2026 में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की टीवीके सरकार के कार्यकाल में भी जारी रहा। सरकार का कहना है कि दीपथून पर दीपक जलाने की कोई प्रमाणित और स्थापित धार्मिक परंपरा नहीं है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक, कार्तिगई दीपम परंपरागत रूप से उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में ही जलाया जाता रहा है।

मद्रास हाईकोर्ट ने क्या फैसला दिया?
इस मामले में मद्रास हाईकोर्ट ने दो स्तरों पर महत्वपूर्ण आदेश दिए।
1 दिसंबर 2025 का आदेश: जस्टिस जीआर स्वामीनाथन ने मंदिर प्रशासन को दीपथून पर दीपक जलाने का निर्देश दिया। अदालत ने इसे धार्मिक अनुष्ठान के विस्तार और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला माना।
6 जनवरी 2026 का फैसला: इसके बाद मामला मद्रास हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के पास पहुंचा। 6 जनवरी 2026 को डिवीजन बेंच ने एकल पीठ के आदेश को बरकरार रखा।

अदालत ने माना कि विवादित स्तंभ में तेल और बाती रखने के लिए बनी जगह मौजूद है। इसलिए इसे केवल सर्वेक्षण स्तंभ बताने की दलील स्वीकार नहीं की जा सकती। हाईकोर्ट ने कहा कि कार्तिगई दीपम जलाना मंदिर की धार्मिक गतिविधि का हिस्सा है और राज्य केवल कानून-व्यवस्था की आशंका के आधार पर इस धार्मिक गतिविधि को रोक नहीं सकता।

अदालत ने प्रशासन की कानून-व्यवस्था संबंधी आशंकाओं को भी पर्याप्त नहीं माना। हालांकि, उसने दीपक जलाने के लिए आम श्रद्धालुओं की भीड़ को अनुमति नहीं दी। केवल मंदिर प्रशासन की सीमित टीम को यह अनुष्ठान करने की अनुमति दी गई। जिलाधिकारी को पूरी व्यवस्था का समन्वय करने और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की शर्तों का पालन करने का निर्देश दिया गया, ताकि संरक्षित स्मारक को नुकसान न पहुंचे।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जमीन के मालिकाना हक, रास्ते के अधिकार और स्तंभ की सटीक कानूनी स्थिति जैसे सवालों का फैसला रिट याचिका में नहीं किया जा सकता। इसके लिए उचित दीवानी मुकदमे की जरूरत होगी। इस तरह हाईकोर्ट ने दीपक जलाने की अनुमति दी, लेकिन जमीन के मालिकाना हक का अंतिम फैसला नहीं सुनाया। 

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा? 
तमिलनाडु सरकार ने मद्रास हाईकोर्ट के 6 जनवरी 2026 के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। जून 2026 में राज्य सरकार ने इस संबंध में अपील दाखिल की। दरगाह से जुड़े पक्षों और अन्य पक्षकारों ने भी सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। 20 नवंबर 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने इस मामले में महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर 2026 को कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीपथून पर दीपक जलाने की एक बार की अनुमति दे दी। लेकिन इस अनुमति के साथ अदालत ने कई शर्तें भी रखीं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रमुख बातें:
  • दीपक जलाने की अनुमति केवल 24 नवंबर 2026 के लिए एक बार के विशेष इंतजाम के तौर पर दी गई।
  • केवल मंदिर देवस्थानम के अधिकृत प्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी ही स्तंभ तक जा सकेंगे।
  • आम लोगों को दीपथून तक जाने की अनुमति नहीं होगी। वहां जुलूस, सार्वजनिक जमावड़ा, नारेबाजी या प्रदर्शन नहीं होगा।
  • मंदिर प्रशासन द्वारा गठित सीमित टीम के सदस्यों की संख्या और संरचना मदुरै के जिलाधिकारी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, एएसआई और पुलिस आयुक्त से परामर्श करके तय करेंगे।
  • सुरक्षा के लिए जरूरी पुलिस व्यवस्था की जाएगी।
  • इस अनुमति को भविष्य में हर साल दीपक जलाने के स्थायी अधिकार के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
  • इस आदेश से यह साबित नहीं होगा कि वहां पहले से कोई स्थापित धार्मिक परंपरा मौजूद थी।
  • स्तंभ की जमीन के मालिकाना हक और रास्ते के अधिकार का अंतिम निर्णय भी इस आदेश से नहीं होगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के फैसले के संबंधित निष्कर्षों पर रोक लगा दी। यानी हाईकोर्ट ने स्तंभ को दीपथून मानने और उससे जुड़े धार्मिक अधिकारों के बारे में जो निष्कर्ष दिए थे, वे फिलहाल प्रभावी नहीं रहेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि त्योहार की तारीख निकल जाने के बाद उस दिन का अनुष्ठान दोबारा नहीं किया जा सकता। इसलिए सीमित और विशेष व्यवस्था के जरिए इस वर्ष दीपक जलाने की अनुमति दी जा रही है। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि दीपक जलाने की अनुमति देना और किसी स्थायी धार्मिक अधिकार को मान्यता देना दो अलग-अलग बातें हैं। इसलिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश को हिंदू या मुस्लिम पक्ष के पक्ष में विवाद का अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। 

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद भी सरकार ने पुनर्विचार याचिका क्यों लगाई?
सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के बाद भी विवाद समाप्त नहीं हुआ। तमिलनाडु सरकार ने 21 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी। यह याचिका राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त की ओर से दाखिल की गई। सरकार का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने एक अंतरिम आदेश के जरिए याचिकाकर्ताओं को लगभग अंतिम राहत दे दी है। इससे पहले विवादित स्तंभ पर दीपक जलाने की कोई स्थापित परंपरा साबित नहीं हुई है।

भाजपा, डीएमके और दूसरे राजनीतिक संगठनों का क्या रुख है?
भाजपा और हिंदू संगठन:
भाजपा, हिंदू मुन्नानी और हिंदू धर्म परिषद ने दीपथून पर दीपक जलाने की मांग का समर्थन किया है। इन संगठनों ने मुख्यमंत्री विजय की सरकार की पुनर्विचार याचिका की आलोचना की है। उनका कहना है कि सरकार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करना चाहिए। हिंदू धर्म परिषद से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी कि आदेश का पालन नहीं करने पर अदालत की अवमानना की कार्रवाई हो सकती है।
डीएमके का रुख: इस विवाद के शुरुआती दौर में डीएमके सरकार ने कानून-व्यवस्था और स्थापित परंपरा का हवाला देते हुए दीपथून पर दीपक जलाने का विरोध किया था। 2025 में हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद दीपक नहीं जलाया जा सका था। भाजपा और हिंदू संगठनों ने मौजूदा टीवीके सरकार की तुलना डीएमके सरकार से करते हुए उस पर भी इसी तरह का रुख अपनाने का आरोप लगाया है।
धार्मिक सौहार्द के पक्षधर संगठन: कुछ संगठनों ने इसे सांप्रदायिक सौहार्द से जुड़ा मामला बताते हुए दोनों समुदायों से संयम बरतने की अपील की है। मदनल्लिनक्का कूटमाइप्पु जैसे संगठनों ने मदुरै में प्रदर्शन कर क्षेत्र की सामाजिक एकता और शांति बनाए रखने की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed