SSC Scam: TMC विधायक माणिक भट्टाचार्य गिरफ्तार, ED ने लंबी पूछताछ के बाद की कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने शिक्षक भर्ती घोटाले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक माणिक भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार विधायक बंगाल शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
विस्तार
पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक माणिक भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार विधायक बंगाल शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। ईडी ने यह कार्रवाई माणिक से लंबी पूछताछ के बाद की है। पूरा मामला प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्तियों में अनियमितताओं से संबंधित है।
जांच में सहयोग न करने पर किया गया गिरफ्तार
ईडी की टीम ने माणिक भट्टाचार्य से सोमवार दोपहर पूछताछ शुरू की थी। लंबी पूछताछ के दौरान जांच में सहयोग न करने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई है। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की हिरासत में भेज दिया। बता दें, सीबीआई ने भी इस मामले में 27 सितंबर को टीएमसी विधायक को पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन वे जांच एजेंसी के सामने हाजिर नहीं हुए थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे
पश्चिम बंगाल बोर्ड ऑफ प्राइमरी एजुकेशन के पूर्व अध्यक्ष और टीएमसी विधायक माणिक भट्टाचार्य को कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट में लाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं प्रदर्शन किया। उनके खिलाफ नारेबाजी भी की गई। कार्यकर्ताओं ने चप्पल दिखाये और 'चोर चोर' के नारे भी लगाए।
#WATCH | BJP workers show slippers and raise 'Chor Chor' slogans as former chairman of West Bengal Board of Primary Education & TMC MLA Manik Bhattacharya brought to Bankshall Court in Kolkata
He was arrested today by ED in the School Service Commission (SSC) scam case. pic.twitter.com/3bYMrM4hBy — ANI (@ANI) October 11, 2022
सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई थी अंतरिम रोक
सीबीआई के समन के बाद विधायक ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद शीर्ष अदालत ने अगले आदेश तक सीबीआई की गिरफ्तारी से उन्हें छूट प्रदान की थी। हालांकि, ताजा गिरफ्तारी ईडी ने की है। इससे पहले ईडी ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के तत्कालीन उद्योग मंत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया है।
एम्स-कल्याणी मामले में CID के सामने पेश हुए भाजपा विधायक
एम्स-कल्याणी में कथित भर्ती अनियमितताओं के मामले में भाजपा विधायक नीलाद्री शेखर दाना आज पश्चिम बंगाल सीआईडी के सामने पेश हुए। अधिकारियों ने बताया, मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा विधायक सीआईडी कार्यालय पहुंचे। सीआईडी ने इससे पहले एम्स-कल्याणी में भर्ती मामले में भाजपा नेता की बेटी मैत्री दाना से भी पूछताछ कर चुकी है। आरोप है कि भाजपा नेता ने अपने प्रभाव का प्रयोग अपनी बेटी गलत तरीके से नियुक्ति के लिए किया। इस मामले में सीबीआई द्वारा कार्रवाई एक अभ्यर्थी द्वार की गई शिकायत के बाद की गई है।