सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Who Is Real Mastermind Behind Ketan Agarwals Murder Siya goyal Chetan chaudhary Blame Each police custody

केतन हत्याकांड का असली मास्टरमाइंड कौन?: सिया और चेतन ने एक-दूसरे पर फोड़ा ठीकरा, जांच में नया ट्विस्ट

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुणे Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Fri, 26 Jun 2026 11:47 AM IST
सार

Who Is Real Mastermind Behind Ketan Agarwal's Murder: केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने एक-दूसरे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। दोनों के बदलते बयानों ने मामले को और उलझा दिया है। वहीं, जांच में सामने आए कुछ सबूत सिया को कथित मास्टरमाइंड बता रहे हैं। आखिर केतन की मौत के पीछे किसका दिमाग था? आइए, अब विस्तार से जानते हैं ये दोनों पुलिस हिरासत में क्या खेल खेल रहे हैं...

विज्ञापन
Who Is Real Mastermind Behind Ketan Agarwals Murder Siya goyal Chetan chaudhary Blame Each police custody
आरोपी सिया और उसका प्रेमी चेतन। - फोटो : आईएएनएस

विस्तार

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। लोहगढ़ किले से गिरकर हुई 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत अब एक सुनियोजित हत्या के रूप में जांच के दायरे में है। मामले में गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी अब पूछताछ के दौरान एक-दूसरे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस को दोनों के बयानों में कई विरोधाभास मिले हैं। हालांकि, जांच अधिकारियों का दावा है कि अब तक जुटाए गए सबूत सिया गोयल की ओर इशारा कर रहे हैं।
विज्ञापन




पुलिस के अनुसार, फरवरी में सगाई के बाद सिया और केतन की इसी साल शादी होने वाली थी। पूछताछ में सिया ने दावा किया है कि वह यह शादी नहीं करना चाहती थी और उसने कई बार केतन को इसके बारे में बताया था। वहीं, सिया का आरोप है कि चेतन चौधरी ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दूसरी ओर, चेतन ने पुलिस को बताया है कि सिया ने ही उस पर केतन की हत्या करने का दबाव बनाया था। इन विरोधाभासी बयानों के बीच पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन

क्या सिया ही थी पूरी साजिश की मास्टरमाइंड?

जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अब तक जुटाए गए सबूतों से यह संकेत मिलता है कि पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार सिया गोयल हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन की मुलाकात पिछले साल दिवाली पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लगातार संपर्क में रहे। जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की योजना बनाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


कई महीनों से लगातार संपर्क में थे सिया और चेतन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि सिया गोयल और चेतन चौधरी कई महीनों से लगातार संपर्क में थे। दोनों के बीच छह महीने में 2,000 से अधिक बार बातचीत हुई थी और कुल बातचीत का समय 238 घंटे से ज्यादा था। कुछ कॉल तो दो-दो और तीन-तीन घंटे तक चली थीं।

पुलिस का मानना है कि यह केवल सामान्य दोस्ती नहीं थी। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से एक दिन पहले दोनों शहर के एक कैफे में मिले थे। पुलिस को शक है कि इसी मुलाकात में केतन को रास्ते से हटाने की योजना पर चर्चा हुई थी। बताया जा रहा है कि लोहागढ़ किले की उस जगह का चुनाव भी पहले से किया गया था जहां लोगों की आवाजाही कम रहती है और किसी घटना को हादसा साबित करना आसान हो सकता था।

क्या हत्या की पहली कोशिश पहले ही की जा चुकी थी?

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और केतन 31 मई को भी लोहगढ़ किले गए थे। इसी दौरान सिया ने कथित तौर पर केतन को मारने का विचार बनाया। पुलिस को यह भी शक है कि 14 जून को हत्या की पहली कोशिश की गई थी। आरोप है कि सिया ने उस दिन केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन जब प्रयास असफल रहा तो उसने सांप दिखाई देने का शोर मचाया और बाद में घटना को दुर्घटना बताने की कोशिश की।

सिया के माता-पिता ने क्या कहा?

मामले में सिया गोयल के माता-पिता ने भी पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी कहा कि केतन उनके बेटे जैसा था और बेटे को खोने का दर्द सबसे बड़ा होता है। उन्होंने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



केतन के परिवार ने क्या मांग की?

केतन अग्रवाल के चाचा विजय अग्रवाल ने कहा कि उनका परिवार केवल न्याय चाहता है। उन्होंने कहा कि केतन पढ़ा-लिखा और समझदार युवक था, जिसने परिवार की इच्छा पर अरेंज मैरिज के लिए सहमति दी थी। परिवार का कहना है कि अब वे देश के कानून पर भरोसा कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

अब जांच कहां तक पहुंची है?

सिया गोयल और चेतन चौधरी फिलहाल 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, चैट और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सबूतों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि आखिर सच कौन बोल रहा है। दोनों के बयान लगातार बदल रहे हैं और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। ऐसे में पुलिस डिजिटल सबूतों, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट पर ज्यादा भरोसा कर रही है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed