कौन हैं वर्षाबेन दोशी: नगरपालिका सदस्य से BJP की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने का सफर कैसा, पहले किन पदों पर रहीं?
नगरपालिका सदस्य से राजनीतिक सफर शुरू करने वाली वर्षाबेन दोशी दो बार विधायक और गुजरात भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। करीब तीन दशक के संगठनात्मक अनुभव के बाद अब उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। आइए उनके बारे में विस्तार से जानते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का एलान किया। 65 राष्ट्रीय पदाधिकारियों वाली इस टीम में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जगह दी गई है। कुल 12 महिलाओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिली है, जबकि 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में छह महिलाएं हैं। गुजरात की वरिष्ठ भाजपा नेता वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वर्षाबेन दोशी लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी हुई हैं। उनका राजनीतिक सफर स्थानीय निकाय की राजनीति से शुरू हुआ। उन्होंने 1995 में नगरपालिका सदस्य के तौर पर राजनीति में कदम रखा। इसके बाद वह भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ीं और जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष की जिम्मेदारी दो कार्यकाल तक संभाली। वह करीब तीन दशक से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं।
दो बार वढवाण से विधायक रहीं
वर्षाबेन दोशी की राजनीतिक पहचान मुख्य रूप से सुरेंद्रनगर जिले की वढवाण विधानसभा सीट से जुड़ी है। उन्होंने पहली बार 2007 के गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर वढवाण सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के हिमांशुभाई चिमनलाल व्यास को हराया। 2007 में दोशी को 47,466 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार हिमांशुभाई चिमनलाल व्यास को 40,564 वोट मिले। इस तरह उन्होंने 6,902 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
इसके बाद 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में भी दोशी को वढवाण सीट पर दोबारा जीत मिली। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के हिमांशु चिमनलाल व्यास को 17,558 वोटों से हराया। इस तरह वर्षाबेन दोशी ने 2007 से 2017 तक वढवाण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और दो बार विधायक रहीं।
भाजपा संगठन में भी मिली अहम जिम्मेदारियां
विधायक रहने के अलावा दोशी लगातार भाजपा संगठन में सक्रिय रहीं। वह गुजरात भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2021 में उन्हें गुजरात भाजपा की नई टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें गुजरात भाजपा के स्टेट पार्लियामेंट्री बोर्ड में भी जगह मिली। दोशी गुजरात एजुकेशन बोर्ड, गांधीनगर की पूर्व सदस्य भी रह चुकी हैं।
कितनी पढ़ी हैं वर्षाबेन दोषी?
वर्षाबेन दोशी के पति का नाम नरेंद्रभाई है। उनकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक है। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है। अपने चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपना पेशा प्रधानाध्यापक बताया है। उनके पति लिपिकीय कर्मचारी हैं। उनके पास करीब 1.20 करोड़ रुपये की संपत्ति है और कोई देनदारी दर्ज नहीं है।
सोशल मीडिया पर भी सक्रिय
वर्षाबेन दोशी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। उनके फेसबुक पेज पर करीब 1.29 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं एक्स पर 74.8 हजार फॉलोअर्स हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद क्या कहा?
भाजपा की नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद वर्षाबेन दोशी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष पटेल, संगठन महामंत्री रत्नाकर और प्रदेश के महामंत्रियों का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह सभी की आभारी हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वह पार्टी नेतृत्व की ओर से जताए गए विश्वास के लिए हृदय से आभार व्यक्त करती हैं।