Jharkhand News: कांड्रा जंक्शन की बदलने वाली है तस्वीर, डीआरएम ने विकास कार्यों का लिया जायजा
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण होरिया ने कांड्रा जंक्शन स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माणाधीन परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने थर्ड और फोर्थ रेलवे लाइन के कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण होरिया ने बुधवार को कांड्रा जंक्शन स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
थर्ड और फोर्थ लाइन परियोजना का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कांड्रा जंक्शन में चल रहे थर्ड और फोर्थ रेलवे लाइन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
यात्री सुविधाओं का किया निरीक्षण
डीआरएम तरुण होरिया ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म की स्थिति, टिकट काउंटर, शौचालय और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का आकलन करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
पेयजल और गर्मी से राहत की व्यवस्था पर विशेष ध्यान
बढ़ती गर्मी को देखते हुए डीआरएम ने स्टेशन पर उपलब्ध पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रियों को गर्मी के मौसम में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य यात्री सुविधाओं की भी जानकारी ली और जहां जरूरत महसूस हुई, वहां सुधार के निर्देश जारी किए।
स्टेशन के समग्र विकास के लिए बनेगी विशेष योजना
निरीक्षण के बाद डीआरएम ने कहा कि कांड्रा जंक्शन के समग्र विकास के लिए एक विशेष योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
ये भी पढ़ें- Bihar News: रिशुश्री केस में 15 कंपनियों की कुंडली खंगालने में जुटी सरकारी एजेंसियां, जानिए पूरा मामला
प्लेटफॉर्म बढ़ेंगे, लिफ्ट की भी होगी व्यवस्था
उन्होंने बताया कि विकास योजना के तहत प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने का काम किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लिफ्ट भी स्थापित की जाएगी। रेलवे की कोशिश है कि स्टेशन को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिले।
आधुनिक रेलवे स्टेशन के रूप में उभरेगा कांड्रा जंक्शन
डीआरएम तरुण होरिया ने विश्वास जताया कि सभी विकास कार्य पूरे होने के बाद कांड्रा जंक्शन क्षेत्र के प्रमुख आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र में रेल सेवाओं का विस्तार भी होगा।