Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Ranchi News ›   swedish runners ladakh to ranchi 2600 km run for asha jharkhand children

झारखंड: लद्दाख से रांची तक 2600 किमी दौड़े स्वीडन के दो धावक, बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए चला रहे अभियान

Fri, 13 Nov 2026 10:30 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Fri, 13 Nov 2026 10:30 AM IST
सार

स्वीडन के धावक ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन 'रन फॉर आशा' अभियान के तहत लद्दाख से 2,600 किलोमीटर दौड़कर गुरुवार शाम रांची पहुंचे। 30 अगस्त को शुरू हुई इस यात्रा में दोनों ने रोहतांग पास समेत कई दुर्गम रास्तों को पार किया।

विज्ञापन
swedish runners ladakh to ranchi 2600 km run for asha jharkhand children
2600 किमी दौड़े स्वीडन के दो धावक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

झारखंड के बच्चों और युवाओं को बेहतर भविष्य और अवसर दिलाने के उद्देश्य से स्वीडन के दो धावकों ने अनोखी पहल की है। स्वीडन के ब्योर्न स्वेन्सन और क्रिस्टीना पाल्टेन लद्दाख से करीब 2,600 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय करने के बाद गुरुवार शाम रांची पहुंचे। दोनों धावक 'रन फॉर आशा' अभियान के तहत यह यात्रा कर रहे हैं। इसका मकसद झारखंड में बच्चों और युवाओं के लिए बेहतर अवसर जुटाना और स्वयंसेवी संस्था 'आशा' के सामाजिक कार्यों को आर्थिक और सामाजिक सहयोग देना है।

विज्ञापन

दोनों ने यह सफर 30 अगस्त को लद्दाख से शुरू किया था। करीब ढाई महीने तक चली इस यात्रा में उन्हें रोहतांग पास (13,058 फीट) जैसे दुर्गम पहाड़ी रास्तों से गुजरना पड़ा। ठंड, बर्फ और कीचड़ भरे रास्तों पर भी उन्होंने अपनी दौड़ जारी रखी। खास बात यह रही कि दोनों धावक अपने सामान से भरी गाड़ी को खुद धकेलते हुए आगे बढ़े। इस दौरान उनके पास भारत और स्वीडन के झंडे भी रहे।

विज्ञापन

1994 में भारतीय पोर्टर की मदद ने बदल दी ब्योर्न की जिंदगी

ब्योर्न स्वेन्सन की इस पहल के पीछे वर्ष 1994 की एक घटना जुड़ी है। उस समय हिमालय में ट्रेकिंग के दौरान ब्योर्न एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए थे। मुश्किल हालात में तेनजिंग नाम के एक भारतीय पोर्टर ने अपनी जान जोखिम में डालकर उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

ब्योर्न ने मदद के बदले तेनजिंग को पैसे देने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया। तेनजिंग का कहना था कि उन्होंने यह मदद पैसों के लिए नहीं की है। इस निस्वार्थ व्यवहार ने ब्योर्न के जीवन पर गहरा प्रभाव डाला।
इसके करीब आठ साल पहले, जब ब्योर्न झारखंड के खूंटी क्षेत्र में घूमने आए थे, तब उनकी मुलाकात 'आशा' संस्था से जुड़ी लड़कियों से हुई थी। संस्था के सामाजिक कार्यों को देखकर वह काफी प्रभावित हुए। इसके बाद उन्होंने बच्चों की मदद करने और उनके बेहतर भविष्य के लिए कुछ करने का संकल्प लिया। अब 'रन फॉर आशा' अभियान के जरिए वह इसी संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

ईरान में अकेले 1840 किमी दौड़ चुकी हैं क्रिस्टीना

इस अभियान में ब्योर्न के साथ स्वीडन की प्रसिद्ध लंबी दूरी की धाविका क्रिस्टीना पाल्टेन भी शामिल हैं। क्रिस्टीना इससे पहले ईरान में करीब 1,840 किलोमीटर की अकेले दौड़ पूरी कर चुकी हैं। इसके अलावा वह तुर्की से फिनलैंड तक 3,262 किलोमीटर की यात्रा भी कर चुकी हैं।
दोनों धावकों का मानना है कि खेल और व्यक्तिगत प्रयासों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस लंबी यात्रा के दौरान उन्होंने कई चुनौतियों का सामना किया। दोनों अपनी रनिंग कार्ट को खुद धकेलते हैं, रास्ते में गाड़ी का पंचर ठीक करते हैं और खुले में खाना बनाते हैं। रात में टेंट लगाकर आराम करना भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा।
रांची पहुंचने के बाद दोनों धावक झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भुसुर स्थित आशा संस्था के कार्यालय में उनके स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां से दोनों खूंटी जाएंगे।

महिलाओं और बच्चों के लिए काम कर रही है आशा संस्था

संस्था के सचिव अजय कुमार जायसवाल के अनुसार, आशा संगठन झारखंड में कई सामाजिक समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर रहा है। संस्था डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा को रोकने के लिए समुदाय, पंचायत और प्रशासन के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाती है।
इसके अलावा मानव तस्करी और असुरक्षित पलायन के खतरों को लेकर किशोरियों को जागरूक किया जाता है। संस्था रांची, सरायकेला और खूंटी में तीन मौसमी छात्रावास भी संचालित कर रही है। इन छात्रावासों में ईंट-भट्ठों पर काम करने के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने वाले परिवारों के करीब 200 बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं।


संस्था अब तक 150 से अधिक लड़कियों को बाल विवाह से बचाकर उन्हें बेहतर जीवन का अवसर दे चुकी है। 'रन फॉर आशा' अभियान के जरिए स्वीडन के दोनों धावक संस्था के इन प्रयासों को सहयोग देने के साथ ही बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed