यूपीएसएसएससी: 27 सितंबर को वन रक्षक मुख्य परीक्षा, जारी हुआ प्रवेश पत्र; इन तीन तरीकों से कर सकते हैं डाउनलोड
UPSSSC Forest Guard Admit Card 2026: यूपीएसएसएससी ने वन रक्षक और वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा 2026 का प्रवेश पत्र जारी कर दिया है। 708 पदों के लिए परीक्षा 27 सितंबर को होगी। अभ्यर्थी आज, 23 सितंबर से वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र तीन तरीकों से हासिल किया जा सकता है।
विस्तार
UPSSSC Forest Guard Admit Card 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने वन रक्षक और वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आयोग के विज्ञापन संख्या 12-परीक्षा/2026, वन रक्षक व वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/13 के तहत कुल 708 रिक्त पदों पर चयन के लिए यह परीक्षा आयोजित की जा रही है।
27 सितंबर को कितने बजे होगी परीक्षा?
वन रक्षक और वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा 27 सितंबर 2026 को आयोजित की जानी प्रस्तावित है। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है।
- तिथि: 27 सितंबर 2026
- समय: पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- कुल पद: 708
आयोग ने इससे पहले 18 सितंबर 2026 को परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना से संबंधित विवरण अपनी वेबसाइट पर जारी किया था।
परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाना होगा?
आयोग ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है।
- अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा केंद्र पर तय तारीख और समय पर वैध प्रवेश पत्र के साथ पहुंचना होगा।
- मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए वैध प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है।
- अभ्यर्थी परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दिए गए निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें।
शुल्क जमा किए बिना प्रवेश पत्र डाउनलोड होगा?
नहीं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसलिए जिन अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होना है, उन्हें पहले निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद ही प्रवेश पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा।
किन तीन तरीकों से डाउनलोड कर सकते हैं प्रवेश पत्र?
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट या मोबाइल एप के जरिए अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, आयोग ने अभ्यर्थियों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी प्रवेश पत्र भेजा है। वेबसाइट के जरिए अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के स्टेप्स नीचे बताए गए हैं। इसके लिए मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।
- आयोग की वेबसाइट पर जाएं।
- वन रक्षक व वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
- मांगी गई प्रविष्टियां दर्ज करें।
- प्रवेश पत्र डाउनलोड करें।
- भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
अभ्यर्थी आयोग के अधिकृत एंड्रॉयड मोबाइल एप के माध्यम से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा पंजीकृत ई-मेल पर भेजे गए लिंक से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड किया जा सकता है।