मुलायम के जन्मदिन पर सपा में संग्राम, चले लात-घूंसे
मुजफ्फरनगर में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मनाने के लिए एकत्र हुए नेताओं में जमकर लात-घूंसे और पत्थर चले।
महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दीकी और छात्रसभा के प्रदेश सचिव अनस के समर्थकों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मंच से लेकर सड़क तक हुए महासंग्राम को देखकर सपा नेता भाग खड़े हुए। वरिष्ठ नेताओं ने बड़ी मुश्किल से अपनी इज्जत बचाई।
सपा कार्यालय पर रविवार को सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला महासचिव वसी अंसारी ने बोलने के लिए छात्रसभा के प्रदेश सचिव अनस खान का नाम पुकारा। अनस ने जैसे ही भाषण देना शुरू किया, मंच पर बैठे राशिद सिद्दीकी ने कह दिया कि छुटभैये लोगों को समय मत दो।
अनस अपना भाषण बीच में छोड़कर नीचे उतर आया। कुछ ही देर में वह वापस मंच पर आया और राशिद सिद्दीकी को थप्पड़ जड़ दिए। अचानक हुई इस घटना से मंच पर सन्नाटा छा गया।
मंच पर बैठे नेता जान बचाने के लिए दौड़े
राशिद समर्थकों ने भी अनस और उसके पिता बब्बूखान के साथ मारपीट की। सपा नेताओं ने बीच में आकर मामले को शांत किया और अनस और उसके समर्थकों को कार्यक्रम से भगा दिया गया। ये लोग बाहर सड़क पर आकर खड़े हो गए।
इसी बीच राशिद सिद्दीकी परिवार के लोगों के साथ मंच छोड़कर कार्यालय के मुख्य द्वार पर आ गया। यहां दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। सपा कार्यालय संग्राम स्थल बन गया। लोग इधर -उधर भागने लगे। दोनों गुटों में जमकर लात-घूंसे और पत्थर चले।
सपा के बुजुर्ग नेता हमीद कस्सार लड़ाई रोकने को बीच में आए तो राशिद सिद्दीकी ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी ने रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ भी हॉट टाक हुई। बवाल के बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता और सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह ने लोगों को समझाया।