सैफई में ठुमके: विवाद पर क्या बोले सलमान-माधुरी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दंगे के दर्द के बीच सैफई में 'रंगीला महोत्सव' आयोजित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ-साथ कार्यक्रम में परफॉर्म करने वाले कलाकारों की भी खूब किरकिरी हो रही है। सैफई समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का पैतृक गांव है।
सैफई महोत्सव के आखिरी दिन बॉलीवुड कलाकारों के नाच-गाने पर उठा विवाद इतना बढ़ा कि इससे जुड़े कलाकारों को इस मामले पर सफाई तक देनी पड़ गई।
सोशल मीडिया पर सलमान-माधुरी की आलोचना
मुजफ्फरनगर दंगे के बाद सैफई में आयोजित उत्तर प्रदेश सरकार के सांस्कृतिक महोत्सव में भाग लेने पर सलमान और माधुरी की भी काफी आलोचना हो रही है। सोशल मीडिया पर इन कलाकारों की काफी आलोचना हुई।
फिल्म अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने उत्तर प्रदेश के सैफई महोत्सव में अपने शो को जायज ठहराया है। दोनों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने चैरिटी के लिए यह शो किया था।
सलमान बोले, दान किए 25 लाख रुपए
विवाद बढ़ने पर सलमान खान ने कहा कि शो के कलाकारों ने राज्य में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल को 25 लाख रुपए का दान भी दिया है।
उन्होंने कहा कि इटावा (सैफई) में भी उनके चैरिटी संगठन ने शो के सभी कलाकारों की तरफ से 200 पीडियाट्रिक हार्ट सर्जरी के लिए फंड देने का फैसला किया है। हमने जवाहरलाल मेडिकल कालेज हास्पिटल को आवश्यक मेडिकल उपकरण खरीदने के लिए 25 लाख रुपए का दान भी दिया है।
सलमान को फिल्म के 'बहिष्कार की धमकी'
सलमान को शो के लिए विरोध स्वरूप कई टिप्पणियां ट्विटर पर मिली। कई प्रशंसकों ने तो उनकी आगामी फिल्म ‘जय हो’ के बहिष्कार की बात भी कही।
विरोध होने पर सलमान ने अपने फेसबुक पेज में लिखा, ‘जब भी मैं कहीं शो करने जाता हूं तो मैं वहां के स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और शिक्षा पर कुछ मदद करने का अवसर पाता हूं।’
माधुरी ने किया शो का बचाव
बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित ने भी शो का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार और प्रसिद्ध हस्ती होने के नाते हम लोग दूसरों की सहायता करने पर भी जोर देते हैं।
उन्होंने कहा कि शो के हम सभी कलाकारों ने जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज को 25 लाख रुपए का दान दिया।
उल्लेखनीय है कि शो में आलिया भट्ट, सारा खान, इली अवराम, मल्लिका शेरावत, जरीन खान आदि कलाकारों ने भी भाग लिया था।