डायबिटीज गंभीर स्वास्थ्य समस्या है जिसका खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। कम उम्र के लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। डायबिटीज को साइलेंट खतरे के तौर पर देखा जाता है, क्योंकि अगर आपका शुगर लेवल अक्सर बढ़ा हुआ रहता है तो इसका संपूर्ण स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर हो सकता है। समय के साथ इससे आंखों, किडनी, हार्ट और तंत्रिकाओं के डैमेज होने का खतरा भी बढ़ जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को शुगर लेवल कंट्रोल में रखने की सलाह देते रहे हैं।
सेहत की बात: टाइप-1 और टाइप 2 डायबिटीज में क्या अंतर है? कैसे होती हैं ये दोनों बीमरियां और कैसे करें बचाव
Type-1 vs Type-2 Diabetes: डायबिटीज के टाइप 1 और टाइप 2 में कारण, लक्षण और इलाज के तरीके अलग होते हैं। टाइप 1 में शरीर इंसुलिन बनाना बहुत कम या बंद कर देता है, जबकि टाइप 2 में इंसुलिन का इस्तेमाल प्रभावित होता है। दोनों के लक्षण पहचानना, समय पर जांच कराना और सही इलाज लेना जरूरी है।
डायबिटीज के दोनों प्रकारों के बारे में जानिए
डायबिटीज के मुख्य प्रकार टाइप 1 और टाइप 2 हैं, लेकिन इन दोनों की वजह, लक्षण और इलाज का तरीका अलग-अलग हो सकता है।
- टाइप-1 डायबिटीज में शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं पर हमला करता है, जिससे शरीर में इंसुलिन की कमी हो जाती है।
- वहीं, टाइप 2 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता या जरूरत के मुताबिक इंसुलिन नहीं बना पाता।
टाइप 1 डायबिटीज अक्सर बच्चों और युवाओं में सामने आती है, जबकि टाइप 2 का खतरा उम्र बढ़ने, वजन अधिक होने, शारीरिक गतिविधि की कमी और फैमिली हिस्ट्री जैसे कारणों से बढ़ सकता है। ऐसे में सवाल है कि इन दोनों में अंतर कैसे पहचानें, इनके शुरुआती लक्षण क्या हैं और इनसे बचाव के लिए कौन-से कदम उठाने चाहिए?
यदि आपमें टाइप-1 डायबिटीज का निदान होता है, तो इसका मतलब है कि आपका अग्न्याशय या तो इंसुलिन नहीं बना रहा है या बहुत कम मात्रा में इसका उत्पादन कर रहा है। इंसुलिन, ब्लड शुगर को ऊर्जा के रूप में उपयोग करने के लिए शरीर की कोशिकाओं में प्रवेश करने में मदद करती है। इंसुलिन के बिना, रक्त शर्करा कोशिकाओं में नहीं जा पाता है और खून में बढ़ने लग जाता है।
- टाइप-1 और टाइप-2 दोनों प्रकार के डायबिटीज में लक्षण लगभग एक तरह के ही होते हैं। इसमें रोगियों को बहुत प्यास लगने, सामान्य से अधिक बार पेशाब आने, बहुत थकान महसूस, जननांग क्षेत्र के आसपास खुजली और दृष्टि धुंधली होने जैसी समस्या हो सकती है।
टाइप-2 डायबिटीज की समस्या
टाइप-2 डायबिटीज ऊर्जा के रूप में ग्लूकोज के उपयोग करने के तरीके में होने वाली समस्या का संकेत है। यह भी शरीर में इंसुलिन नामक हार्मोन की समस्याओं के कारण होता है। अधिक वजन या निष्क्रिय जीवनशैली, टाइप-2 डायबिटीज की फैमिली हिस्ट्री वाले लोगों में इसका जोखिम अधिक होता है। इस प्रकार के डायबिटीज का खतरा किसी को भी हो सकता है, सभी लोगों को इससे बचाव के तरीकों को प्रयोग में लाते रहना चाहिए।
- टाइप-1 डायबिटीज के लक्षणों की ही तरह इस प्रकार के मधुमेह वाले लोगों को भी अक्सर अधिक प्यास लगने, बार-बार पेशाब आने, वजन घटने, थकान-धुंधली दृष्टि, घाव को ठीक होने में अधिक समय लगने और बार-बार संक्रमण होने की समस्या हो सकती है। टाइप-2 डायबिटीज वाले लोगों को आहार और दिनचर्या को ठीक रखने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी जाती है।
टाइप 1 और टाइप 2 डायबिटीज में क्या है अंतर?
टाइप 1 और टाइप 2 डायबिटीज, दोनों ही ऐसी बीमारियां हैं जिनमें खून में शुगर का स्तर बढ़ जाता है, लेकिन इनके कारण अलग-अलग होते हैं।
- टाइप 1 डायबिटीज में शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। इससे शरीर में इंसुलिन बनना बहुत कम या बंद हो जाता है।
- वहीं, टाइप 2 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता या पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता।
- दोनों प्रकार में बार-बार प्यास लगना, पेशाब आना, थकान और वजन में बदलाव जैसे लक्षण दिख सकते हैं।
- टाइप 1 को जीवनशैली से नहीं रोका जा सकता, जबकि टाइप 2 का खतरा संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ वजन बनाए रखने से कम किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।