सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Balotra News ›   Stir over LPG Crisis in Jaisalmer and Balotra Administration Mobilized Congress Protests Against PM Modi

LPG Crisis: जैसलमेर-बालोतरा में गैस किल्लत को लेकर हलचल, प्रशासन सक्रिय; कांग्रेस ने पीएम मोदी का किया विरोध

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर/बालोतरा Published by: जैसलमेर ब्यूरो Updated Sat, 14 Mar 2026 09:02 PM IST
विज्ञापन
सार

Rajasthan LPG Crisis: जैसलमेर में गैस आपूर्ति को लेकर अफरातफरी के बीच जिला कलेक्टर ने गैस गोदामों का निरीक्षण किया। वहीं जैसलमेर और बालोतरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन कर सरकार से राहत की मांग की।

Stir over LPG Crisis in Jaisalmer and Balotra Administration Mobilized Congress Protests Against PM Modi
जैसलमेर और बालोतरा में गैस किल्लत को लेकर अफरातफरी और विरोध-प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

जैसलमेर जिले में पिछले कुछ दिनों से घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल देखा जा रहा है। गैस सिलिंडर की उपलब्धता और बुकिंग प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को शहर की महेंद्र गैस सर्विस (एचपी) और इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की लंबी कतारें दिखाई दीं, जहां लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

Trending Videos

 
ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत से बढ़ी परेशानी
कतार में खड़े उपभोक्ताओं का कहना था कि मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है। इसके कारण उन्हें एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बुकिंग में तकनीकी समस्याओं और वितरण में देरी के कारण लोगों के बीच भ्रम और चिंता का माहौल बन गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 
जिला कलेक्टर ने गैस गोदामों का किया निरीक्षण
गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों और स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने जैसलमेर स्थित इंडेन गैस गोदाम खुहड़ी रोड और महेंद्र गैस सर्विस के मलका प्रोल स्थित गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदामों में मौजूद गैस सिलिंडरों के स्टॉक, बुकिंग और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जांच की।
 
स्टॉक और डिलीवरी व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने एजेंसी संचालकों से स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच की और ऑनलाइन बुकिंग की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही पेंडिंग बुकिंग और गैस सिलिंडरों की डिलीवरी प्रक्रिया को भी समझा। उन्होंने अधिकारियों और एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े और निर्धारित समय सीमा में गैस सिलिंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
 
अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस आमजन की एक अत्यंत आवश्यक सेवा है और इसके वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने एजेंसी संचालकों को चेतावनी दी कि यदि गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध वितरण का कोई मामला सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
जिला प्रशासन ने गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। उपभोक्ता कंट्रोल रूम नंबर 02992-250082, पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 और खाद्य विभाग की हेल्पलाइन 1445 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
 
कांग्रेस का गैस किल्लत और महंगाई को लेकर विरोध-प्रदर्शन
इसी बीच गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर जैसलमेर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली निकालकर हनुमान सर्किल तक मार्च किया। वहां गांधी दर्शन स्थल के सामने धरना देकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई।


 
चूल्हे पर कॉफी बनाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए हनुमान सर्किल पर चूल्हा जलाया और उस पर कॉफी बनाकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलिंडरों की बढ़ती कीमतों और कमर्शियल गैस की आपूर्ति में कमी को लेकर नाराजगी जताई।
 
सालेह मोहम्मद ने सरकार की नीतियों की आलोचना की
मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से गैस सिलिंडर ले जाने वाले वाहनों के साथ लूटपाट की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत नीतियों और कमजोर प्रबंधन के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

पढ़ें- LPG Crisis: सिलिंडर के लिए तड़के पांच बजे से लगी लंबी कतारें; बुकिंग को लेकर भीड़ में भड़के लोग, पहुंची पुलिस
 
पर्यटन कारोबार पर असर की बात
सालेह मोहम्मद ने कहा कि जैसलमेर एक प्रमुख पर्यटन शहर है, जहां बड़ी संख्या में होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट कमर्शियल गैस पर निर्भर हैं। लेकिन कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति लगभग ठप होने की स्थिति में पहुंचने से पर्यटन और होटल व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
 
घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी भी सामने आई
प्रदर्शन में शामिल पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने कहा कि समस्या केवल कमर्शियल गैस तक सीमित नहीं है। घरेलू उपभोक्ताओं को भी लंबी कतारों में खड़े होकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
 
बुकिंग प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं की शिकायत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि गैस सिलिंडर की बुकिंग प्रक्रिया भी कई उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बन गई है। फोन कॉल के माध्यम से बुकिंग करने के बावजूद कई लोगों को ओटीपी नहीं मिल पा रहा है, जिससे बुकिंग पूरी नहीं हो पा रही और लोगों को बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
 

Stir over LPG Crisis in Jaisalmer and Balotra Administration Mobilized Congress Protests Against PM Modi
बालोतरा में गैस सिलिंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला

बालोतरा में भी महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन
उधर बालोतरा में भी घरेलू एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों और संभावित किल्लत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता गैस सिलेंडर हाथों में लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रधानमंत्री के खिलाफ जताया विरोध
कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान महंगाई कम करने और गैस सिलिंडर की कीमतों में राहत देने की मांग उठाई गई। इस मौके पर पचपदरा के पूर्व विधायक मदन प्रजापत ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका मेघवाल ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है और रसोई का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed