{"_id":"6a1e5a395cd98356a10e3573","slug":"tragic-accident-in-sam-sand-dunes-storm-turns-deadly-wall-collapse-kills-young-folk-artist-three-others-seriously-injured-balotra-news-c-1-1-noi1407-4349939-2026-06-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"सम के धोरों में आंधी का कहर: मंच पर जाने से पहले छिन गई जिंदगी, ड्रेसिंग रूम की दीवार गिरने से कलाकार की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सम के धोरों में आंधी का कहर: मंच पर जाने से पहले छिन गई जिंदगी, ड्रेसिंग रूम की दीवार गिरने से कलाकार की मौत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोतरा
Published by: बालोतरा ब्यूरो
Updated Tue, 02 Jun 2026 10:20 AM IST
विज्ञापन
सार
भीषण गर्मी से राहत लेकर आई आंधी जैसलमेर में एक दर्दनाक हादसे की वजह बन गई। सम सैंड ड्यून्स स्थित एक रिसोर्ट में तेज हवाओं के चलते दीवार गिरने से एक लोक कलाकार की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज आंधी ने ली युवा लोक कलाकार की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सम सैंड ड्यून्स में सोमवार रात आए तेज अंधड़ ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। सम क्षेत्र स्थित एक निजी रिसोर्ट में तेज हवाओं के चलते ड्रेसिंग रूम की दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आने से एक युवा लोक कलाकार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कलाकार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार सम सैंड ड्यून्स स्थित जुमा हेरिटेज रिसोर्ट में सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान देर रात तेज आंधी और हल्की बारिश के बीच मंच के पीछे बने ड्रेसिंग रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही वहां मौजूद कलाकार मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद रिसोर्ट कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
इस हादसे में बेरसियाला गांव निवासी 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान पुत्र करीम खान की मौके पर ही मौत हो गई। स्वरूप खान लंबे समय से लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े हुए थे तथा सम क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नियमित प्रस्तुति देते थे। हादसे में रवीना पुत्री राजू नाथ, बीरबल पुत्र करमाली और मोनू पुत्री राजू नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रैफर किया गया है।
ये भी पढ़ें: Sawai Madhopur News: मंच पर लोकगीत गूंजते ही खुद को रोक नहीं पाए किरोड़ी; लोक कलाकारों संग लगाए ठुमके
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अधिकारी प्रहलाद चंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज आंधी को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। साथ ही जिस ड्रेसिंग रूम की दीवार गिरी, उसकी निर्माण गुणवत्ता और संरचनात्मक मजबूती की भी जांच की जा रही है। मृतक का शव सम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। स्वरूप खान की असमय मौत की खबर से लोक कलाकार समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी कलाकारों ने उन्हें प्रतिभाशाली और मिलनसार व्यक्तित्व बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं परिजनों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गौरतलब है कि सम सैंड ड्यून्स जैसलमेर का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और विभिन्न रिसोर्टों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में इस हादसे ने पर्यटन स्थलों पर बने अस्थायी ढांचों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोमवार रात आई आंधी का असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही और अस्थायी ढांचे क्षतिग्रस्त होने की सूचना भी सामने आई। हालांकि गर्मी से राहत देने वाला यह मौसम एक युवा लोक कलाकार की जिंदगी छीनकर पूरे क्षेत्र को गमगीन कर गया।