Banswara News: सीएम भजनलाल शर्मा का बांसवाड़ा दौरा, एक परिवार को मिली बड़ी राहत, तो दो अधिकारियों पर गिरी गाज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बांसवाड़ा दौरे में जनसुनवाई का असर तुरंत देखने को मिला। एक परिवार की समस्या का समाधान हुआ तो शिकायतों के बाद दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुशलगढ़ के चूड़ादा गांव में गुरुवार को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बांसवाड़ा शहर की एक महिला ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उनके पति हेमेंद्र कलाल पीएचईडी विभाग में सहायक अभियंता हैं और डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा क्षेत्र में कार्यरत हैं। दूर पोस्टिंग होने के कारण परिवार को काफी परेशानी हो रही है। घर में बुजुर्ग सास-ससुर अस्थमा से पीड़ित हैं, जबकि उनका एक बच्चा गंभीर मानसिक बीमारी से ग्रसित और दिव्यांग है।
महिला अपने दिव्यांग बच्चे को भी साथ लेकर पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए और दोपहर तक सहायक अभियंता का तबादला बांसवाड़ा कर दिया गया।
शिकायतों पर दो अधिकारियों पर कार्रवाई
कुशलगढ़ के सरकारी अस्पताल और चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को पूर्व बीसीएमओ डॉ. गिरीश भाभोर के खिलाफ शिकायत सौंपी। शिकायत में वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ियों के आरोप लगाए गए। बताया गया कि 15 जनवरी 2025 को उनका तबादला हो चुका था, लेकिन बाद में वे हाईकोर्ट से स्टे लेकर फिर उसी स्थान पर लौट आए।
ये भी पढ़ें: Nagaur News: शोक सभा से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, तेज रफ्तार कार की टक्कर के बाद बाइक में लगी आग, एक की मौत
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि डॉ. भाभोर ने बिना अनुमति फर्जी दस्तावेज तैयार कर एनपीए राशि उठाने और ऑडिट टीम को गुमराह करने का प्रयास किया। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्हें एपीओ कर दिया गया।
नगर परिषद आयुक्त भी एपीओ
स्वायत्त शासन विभाग ने बांसवाड़ा नगर परिषद के आयुक्त दुर्गेश रावल को भी तत्काल प्रभाव से एपीओ कर जयपुर मुख्यालय भेज दिया। विभागीय आदेश में कारण प्रशासनिक बताया गया, लेकिन बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक में उनके खिलाफ शिकायतें सामने आई थीं।
बांसवाड़ा के आम की मिठास का लिया स्वाद
बैठक के बाद डूंगरपुर रवाना होते समय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बांसवाड़ा के प्रसिद्ध आम का स्वाद भी लिया। उन्होंने स्थानीय आम विक्रेता से बातचीत कर आम की गुणवत्ता और उत्पादन के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्वाद किसानों की मेहनत, समर्पण और स्थानीय व्यापारियों के परिश्रम का प्रतीक है। उन्होंने वोकल फॉर लोकल के संकल्प के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही।

आम का स्वाद लेते सीएम

जनसुनवाई में सीएम भजनलाल शर्मा