Banswara News: सात दिन से लापता विवाहिता का जंगल में मिला शव, पीहर पक्ष ने पति पर जताया संदेह
बांसवाड़ा में सात दिन से लापता 23 वर्षीय विवाहिता का शव जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला। पीहर पक्ष ने पति पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए संदेह जताया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांसवाड़ा शहर के सदर थाना क्षेत्र के बोरखड़िया पाड़ा, झुपेल में सात दिन से लापता 23 वर्षीय विवाहिता का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में नीम के पेड़ से लटका मिला। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। बाद में परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान लीला पत्नी परमेश मईड़ा के रूप में की।
सदर थाने के एएसआई कांतिलाल हाड़ा ने बताया कि महिला पिछले शुक्रवार से बिना बताए घर से लापता थी। जंगल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ने अपनी ही साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतका अपने पीछे तीन छोटी बेटियों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, पीहर पक्ष ने महिला की मौत को लेकर गंभीर संदेह जताया है।
पढ़ें: हाईकोर्ट सख्त, सरकार और जेल प्रशासन से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
मृतका के पिता रामजी पुत्र हुका, निवासी कुल्लरखेड़ी (थाना आबापुरा), ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि लीला का पति परमेश आए दिन उसके साथ मारपीट और झगड़ा करता था। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी लीला के साथ मारपीट की गई थी। रिपोर्ट में पति सहित ससुराल पक्ष के कुछ अन्य लोगों पर भी संदेह जताया गया है।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई कांतिलाल हाड़ा ने बताया कि पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर घरेलू विवाद, प्रताड़ना और अन्य सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।