{"_id":"69788a11be387fee1b029c8c","slug":"thousands-of-rupees-were-defrauded-from-a-businessman-by-creating-a-wholesale-shop-id-banswara-news-c-1-1-noi1402-3883418-2026-01-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Banswara: होलसेल शॉप की फर्जी आईडी बनाकर 49 हजार की ठगी, कोतवाली थाने में मामला दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Banswara: होलसेल शॉप की फर्जी आईडी बनाकर 49 हजार की ठगी, कोतवाली थाने में मामला दर्ज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा
Published by: बांसवाड़ा ब्यूरो
Updated Tue, 27 Jan 2026 03:59 PM IST
विज्ञापन
सार
Banswara: बांसवाड़ा में होलसेल शॉप की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक व्यापारी से 48 हजार 900 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। एडवांस भुगतान लेने के बाद आरोपी ने सामान नहीं भेजा और नंबर ब्लॉक कर दिया।
कोतवाली थाना, जहां प्रकरण दर्ज कराया गया।
विज्ञापन
विस्तार
होलसेल शॉप की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर बांसवाड़ा शहर के एक व्यापारी से करीब 49 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर पीड़ित व्यापारी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आईडी धारक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Trending Videos
इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर किया धोखाधड़ी
पुलिस के अनुसार शहर के जनरल स्टोर व्यापारी वैभव कुमार ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 जनवरी को उन्होंने इंस्टाग्राम पर बनी ‘श्री गणपति ट्रेडर्स’ नामक आईडी पर दिए गए मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के माध्यम से सामान की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में संबंधित व्यक्ति ने उन्हें सामान की पूरी जानकारी दी। व्यापारी के पूछने पर आरोपी ने दुकान का विजिटिंग कार्ड भी भेजा तथा बांसवाड़ा में ही सामान की डिलीवरी देने की बात कही। इसके साथ ही आरोपी ने सामान भेजने से पहले एडवांस भुगतान की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन
क्यूआर कोड के जरिए 48 हजार 900 रुपये ट्रांसफर
पुलिस को दिए अपनी रिपोर्ट में पीड़ित दुकानदार ने बताया कि आरोपी ने भुगतान के लिए व्हाट्सऐप पर क्यूआर कोड भेजा, जिस पर व्यापारी वैभव कुमार ने दो बार में 26 हजार 200 रुपये और 22 हजार 700 रुपये, कुल 48 हजार 900 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद सामान नहीं पहुंचाया गया। जब व्यापारी ने दोबारा संपर्क किया तो आरोपी ने सामान भेजने के नाम पर टालमटोल करना शुरू कर दिया और बाद में व्हाट्सऐप पर यह कहकर ब्लॉक कर दिया कि पुलिस में रिपोर्ट करा दो। 26 जनवरी तक भी व्यापारी को कोई सामान प्राप्त नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान को ‘बड़ा भाई’ बताने वाले बयान पर भड़के छात्र संगठन, प्राचार्य का फूंका पुतला
पुलिस ने शुरू की जांच
होलसेल शॉप की फर्जी आईडी बनाकर रुपये ऐंठने और ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम आईडी धारक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।