Anta By-poll 2025: किस करवट बैठेगा अंता का ऊंट; वोटिंग प्रतिशत ने बढ़ाया सस्पेंस, जानें क्या कह रहे विशेषज्ञ?
Anta By-poll 2025: अंता उपचुनाव में 80.32% मतदान दर्ज हुआ, जो पिछले चुनाव के बराबर है। त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया, भाजपा के मोरपाल सुमन और निर्दलीय नरेश मीणा मैदान में हैं। नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे।
विस्तार
अंता विधानसभा सीट पर मंगलवार को हुए उपचुनाव के नतीजे 14 नवंबर को सामने आ जाएंगे। लेकिन वोटिंग प्रतिशत को देखते हुए नतीजों में कुछ बड़ा बदलाव होने के संकेत तो नहीं है। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान के आंकड़े लगातार अपडेट किए जा रहे हैं। शाम साढ़े आज बजे तक वोटर टर्नआउट एप पर कुल 80.32 प्रतिशत मतदान होना बताया गया है। जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में भी 80.35 प्रतिशत मतदान ही हुआ था। हालांकि मौजूदा उपचुनाव में मतदान के फाइनल आंकड़े बुधवार सुबह तक अपडेट होंगे। इसलिए संभावना यही है कि पिछले चुनावों हुए वोटिंग प्रतिशत को इस बार अंता पार कर लेगा। लेकिन यह कोई बड़ा फर्क नहीं है। बीते 3 विधानसभा चुनावों में अंता में वोटिंग प्रतिशत लगभग 80 प्रतिशत ही रहा है।
लेकिन इस बार मामला इसलिए अलग है क्योंकि यहां पहली बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला है। हालांकि इसे देखते हुए यहां वोटिंग प्रतिशत पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक रहने की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन अब जब वोटिंग प्रतिशत में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिल रहा हो नतीजों में भी कोई उलटफेर की संभावना कम ही नजर आती है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, शाम 5 बजे तक 77.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले दोपहर 3 बजे तक 63.9%, दोपहर 1 बजे तक 47.40%, सुबह 11 बजे तक 26% और सुबह 9 बजे तक लगभग 14.9% मतदान हुआ था।
भाया, सुमन और नरेश में से कौन मारेगा बाजी?
कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया अंता से 5वीं बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। अब तक लड़े 4 चुनावों में से उन्होंने 2 जीते और 2 बार हारे हैं। लेकिन हार का अंतर कभी बड़ा नहीं रहा। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में भी भाया बहुत नजदीकी मुकाबले में हार गए थे। सियासी जानकारों की मानें तो इस बार भी भाया ने यहां मजबूती से चुनाव लड़ा है।
मोरपाल सुमन के समर्थन में बीजेपी ने इस सीट पर अपने तमाम बड़े नेताओं को उतारा। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सुमन के समर्थन में वोट देने की अपील की। इनके अलावा सीएम भजनलाल शर्मा भी 2 बार यहां रोड शो करने आए थे। अंता विधानसभा में उपचुनाव से पहले 4 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। लेकिन पहली बार यहां त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिला। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने मुकाबले को रोचक जरूर बना दिया। हालांकि वोटिंग के बाद अब यहां से जो फीडबैक आ रहा है उसके अनुसार मुख्य मुकाबला प्रमोद जैन भाया और मोरपाल सुमन के बीच ही लड़ा गया है।
यह भी पढ़ें- Anta By-poll 2025: मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, शाम छह बजे तक 80.25% पड़े वोट; त्रिकोणीय मुकाबले कौन मारेगा बाजी?
जातिगत फैक्टर का असर कम रहा
अंता के जातिगत समीकरणों की बात करें तो यहां मुख्य रूप से मीणा, माली, धाकड़ और गुर्जर वोटर हैं। लेकिन जब चुनाव जातिगत समीकरणों में उलझता है तो वोटिंग प्रतिशत में बड़ा अंतर देखने को मिलता है। लेकिन अंता में वोटिंग प्रतिशत में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। खास तौर पर जबकि 3 प्रत्याशी प्रमुख रूप से मैदान में बताए गए थे।
वरिष्ठ पत्रकार मनीष गोधा का कहना है कि त्रिकोणीय मुकाबले को देखते हुए कॉफी अच्छा वोटिंग प्रतिशत रहा है। हालांकि पिछले 3 चुनावों में भी यहां लगभग यही वोटिंग पैटर्न और प्रतिशत देखने को मिला है। इसलिए इस बार नतीजों में ज्यादा सस्पेंस नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें- Ajmer News: अंता उपचुनाव पर पायलट ने कहा- जनता अब सही निर्णय लेगी, बिहार चुनाव पर क्या बोल गए डिप्टी CM बैरवा?
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.