युवक की अपहरण कर हत्या: जंगल ले जाकर मारपीट कर अधमरा कर छोड़ भागे, मौत; परिजनों का पोस्टमार्टम से इनकार क्यों?
Dausa News: दौसा के लोटवाड़ा में कुंजीलाल मीणा की कथित अपहरण के बाद बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घायल अवस्था में छोड़ने के बाद अस्पताल में उसकी मौत हुई। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार कर रहे हैं। पुलिस जांच जारी है।
विस्तार
दौसा जिले के बैजूपाड़ा थाना क्षेत्र के लोटवाड़ा गांव में शुक्रवार रात एक युवक की कथित अपहरण के बाद मारपीट कर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश युवक को पीटकर गंभीर हालत में अपनी गाड़ी में डालकर कई किलोमीटर तक घुमाते रहे और बाद में अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।
बैजूपाड़ा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद के अनुसार मृतक की पहचान मुंड फोड़ी निवासी कुंजीलाल मीणा (30) के रूप में हुई है। रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि कुछ बदमाश कुंजीलाल के साथ मारपीट कर उसे अधमरी हालत में लोटवाड़ा गांव लेकर आए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
दोस्त से मिलने गया था, रास्ते में रोकी गई कार
मृतक के भाई सुरेश मीणा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कुंजीलाल अपनी स्विफ्ट कार से अपने दोस्त मोनू मीणा और चेतराम मीणा से मिलने गया था। चेतराम को बड़ा गांव छोड़ने के बाद जब कुंजीलाल और मोनू मीणा लौट रहे थे, तभी रलावता-रूपबास के जंगलों के पास तीन गाड़ियों में सवार करीब 10-12 बदमाशों ने उनकी कार रुकवा ली। परिजनों का आरोप है कि बदमाश पहले से योजना बनाकर आए थे।
जंगल में ले जाकर लाठी-डंडों से मारपीट
सुरेश मीणा के अनुसार मोनू मीणा ने बताया कि बदमाशों ने कुंजीलाल को कार से उतारकर जंगल में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान मोनू मीणा के साथ भी मारपीट की गई। कुंजीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि बदमाश उसे अधमरा कर अपनी गाड़ी में डालकर चार-पांच किलोमीटर तक घुमाते रहे।
पढ़ें- Bharatpur News: टेंपो चालक ने सुजान गंगा नहर में लगाई छलांग, हुई मौत; आर्थिक तंगी से था परेशान
सुरेश मीणा को गांव लोटवाड़ा से एक परिचित का फोन आया कि उसके भाई को कुछ बदमाश गाड़ी में पटक कर घुमा रहे हैं। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। लोटवाड़ा गांव में कुंजीलाल बदमाशों की कार में गंभीर हालत में पड़ा मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो चुके थे।
अस्पताल में मौत, बांदीकुई में रखवाया गया शव
पुलिस ने घायल कुंजीलाल को बैजूपाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को बांदीकुई उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। एसपी रोहिताश देवंदा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस का कहना है कि परिजनों से रिपोर्ट ली जा रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है, हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार
मृतक के परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बांदीकुई जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। शुक्रवार रात से अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.