{"_id":"69d1e234db2c0628e6022ef3","slug":"accident-on-delhi-mumbai-expressway-young-woman-dies-while-attending-fathers-funeral-accident-occurred-due-to-driver-dozing-off-dausa-news-c-1-1-noi1437-4128447-2026-04-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dausa News: पिता की मौत की खबर सुन दौड़ी बेटी, रास्ते में हादसे ने छीन ली जिंदगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dausa News: पिता की मौत की खबर सुन दौड़ी बेटी, रास्ते में हादसे ने छीन ली जिंदगी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दौसा
Published by: दौसा ब्यूरो
Updated Sun, 05 Apr 2026 11:53 AM IST
विज्ञापन
सार
राजस्थान में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवती की मौत हो गई और 6 से अधिक लोग घायल हो गए। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बांदीकुई के पास ड्राइवर को नींद आने से कार डिवाइडर पार कर दूसरी कार से टकरा गई, जिसमें 22 वर्षीय प्रीती शर्मा की मौत हो गई।
मौके पर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
राजस्थान में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि जयपुर-आगरा हाईवे पर कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत में 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Trending Videos
एक्सप्रेस-वे पर भीषण टक्कर, युवती की मौत
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बांदीकुई थाना क्षेत्र के झज्जर की ढाणी के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में प्रीती शर्मा (22) की मौत हो गई। बांदीकुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
ड्राइवर को आई नींद, हुआ हादसा
थाने के एएसआई महादेव सिंह ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली की ओर जा रही एक कार के ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर जयपुर लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जयपुर जा रही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में प्रीती शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत दौसा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि प्रीती दिल्ली में पढ़ाई कर रही थीं। एएसआई महादेव सिंह के अनुसार, प्रीती के पिता गामा शर्मा, जो हरमाड़ा (जयपुर) के निवासी थे, का शनिवार सुबह करीब 6 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया था। परिजनों ने प्रीती को पिता की तबीयत खराब होने की सूचना दी थी, जिसके बाद वह उनसे मिलने के लिए जयपुर लौट रही थीं। इसी दौरान यह दुखद हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें- -Bihar News : राज्यसभा जाने से पहले सीएम पहुंचे बिहटा, निर्माणाधीन एयरपोर्ट सहित एलिवेटेड पथ का किया निरीक्षण
अन्य दो लोग घायल
इस हादसे में कार में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। दूसरा सड़क हादसा जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां ट्रैक्टर और श्रद्धालुओं से भरी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
टक्कर के बाद सड़क पर जाम
हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क के बीचों-बीच पलट गया, जिससे सड़क पर जाम लग गया। लोगों ने ट्रैक्टर को सीधा कर यातायात को सुचारु कराया। टक्कर इतनी तेज थी कि हाईवे पर दूर तक धूल का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए सिकराय उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब 20 मिनट तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग डीग जिले के निवासी हैं। वे जयपुर से भरतपुर की ओर जाते समय जोबनेर धाम में दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में स्टोन डस्ट भरी हुई थी, जिससे टक्कर के बाद धूल का गुबार फैल गया और हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।