Rajasthan: दौसा को 607.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM भजनलाल शर्मा ने दिया फुले जयंती का संदेश
Dausa News: दौसा के बांदीकुई में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर 607.66 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने सामाजिक न्याय, योजनाओं, रोजगार, शिक्षा और बिजली सुधारों पर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
विस्तार
दौसा जिले के बांदीकुई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन महिला, किसान, मजदूर और शोषित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके अनुसार, महात्मा फुले ने समाज में शिक्षा और सामाजिक न्याय की अलख जगाई और महिलाओं को शिक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की, जिसकी शुरुआत सावित्री बाई फुले को शिक्षित कर की गई।
द्विशताब्दी जयंती वर्ष मनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अप्रैल 2027 तक पूरे वर्ष को द्विशताब्दी जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
607.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बांदीकुई क्षेत्र में 607.66 करोड़ रुपये की लागत से 213 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं, जिनमें आगरा रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण, पोलोटेक्निक कॉलेज का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर रखने और बसवा व बांदीकुई में सीवरेज सिस्टम विकसित करने की योजनाएं शामिल हैं।
जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे गरीब, किसान, महिला और युवाओं को लाभ मिला है। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपये करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद पर 150 रुपये बोनस देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षित कर 16 लाख को लखपति दीदी बनाया गया है।
पढ़ें- Politics: राजस्थान की सियासत में मचा घमासन; वसुंधरा राजे पर मदन राठौड़ का तंज, बोले- हर बार कुर्सी नहीं मिलती
रोजगार, शिक्षा और बिजली पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन के लिए बड़े निवेश हो रहे हैं और राइजिंग राजस्थान के तहत हुए एमओयू में से बड़ी राशि धरातल पर उतर रही है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी खोलने और महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श स्कूल विकसित करने की योजना भी साझा की। इसके साथ ही 2027 तक प्रदेश को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की बात कही।
राजनीतिक बयान और कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि लंबे शासन के बावजूद उन्होंने महात्मा फुले के सिद्धांतों पर काम नहीं किया। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में पेपर लीक की घटनाएं नहीं हुई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.