Rajasthan Day: दौसा में राजस्थान दिवस पर सजी सांस्कृतिक संध्या, लोक रंगों और सुरों ने बांधा समां
Dausa News: दौसा में राजस्थान दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मांगणियार गायन, घूमर और मयूर नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी रही।
विस्तार
दौसा जिला मुख्यालय पर राजस्थान दिवस समारोह–2026 के उपलक्ष्य में गुरुवार को भांकरी रोड स्थित स्व. कप्तान छुट्टन लाल मीणा टाउन हॉल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह लोक संस्कृति के रंगों में रंगी नजर आई। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में परंपरा और कला का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार ने पारंपरिक नौबत बजाकर किया, जिससे माहौल में उत्सव का रंग और गहरा हो गया।
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार देर तक तालियों की गूंज से भरा रहा। बाड़मेर के जलाल खान एण्ड ग्रुप द्वारा प्रस्तुत मांगणियार गायन ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई दी। उनकी केसरिया बालम, झिरमिर, मोरचंग वाद्ययंत्र की धुन, दमादम मस्त कलंदर, छाप तिलक सब छीनी मोसे नैना मिलाके और थारी शरारत सब जानू मैं चौधरी जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पढ़ें- भीषण गर्मी से पहले प्रशासन अलर्ट: जलदाय विभाग के अवकाश रद्द, पेयजल आपूर्ति के लिए ये है सरकार का प्लान
नृत्य प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आकर्षण
कार्यक्रम की शुरुआत रवि एण्ड ग्रुप की भावपूर्ण गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक स्पर्श दिया। इसके बाद कुलदीप (दौसा) ने राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नन्दू पांखला एण्ड ग्रुप (लालसोट) द्वारा पद दंगल, देवेन्द्र एण्ड ग्रुप द्वारा पारंपरिक घूमर नृत्य और अशोक शर्मा (भरतपुर) एण्ड ग्रुप द्वारा मयूर नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने भी खूब सराहना बटोरी।
कलाकारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर सभी कलाकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें लालसोट विधायक रामविलास मीणा, दौसा पंचायत समिति प्रधान प्रहलाद मीणा, सिकंदरा प्रधान सुल्तान बैरवा, जिला परिषद सदस्य नीलम गुर्जर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर दौसा अरविंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर लालसोट मनमोहन मीणा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। बड़ी संख्या में शहरवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.