Dausa: पंचायत चुनाव का बिगुल! दौसा की 362 ग्राम पंचायतों में मतदान, 14 समितियों में 10 लाख से ज्यादा मतदाता
जिले में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। 14 पंचायत समितियों की सैकड़ों ग्राम पंचायतों में चुनाव होने जा रहे हैं। इस बार 10 लाख से अधिक मतदाता अपने मत का उपयोग कर पंचायत प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।
विस्तार
जिले में पंचायत चुनाव की आहट के साथ ही गांवों की चौपाल से लेकर कस्बों तक सियासी हलचल तेज हो गई है। जिले की 14 पंचायत समितियों के अंतर्गत 362 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने जा रहे हैं। इस बार 10 लाख 6 हजार 783 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर गांव की सरकार चुनेंगे। हालांकि मतदाता सूची का अंतिम प्रारूप 21 फरवरी को प्रकाशित किया जाएगा।
इस चुनाव में 240 पंचायत समिति सदस्य और 14 प्रधान चुने जाएंगे। ऐसे में हर पंचायत समिति में राजनीतिक समीकरण बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। पंचायत चुनाव 2025-26 को लेकर जिले में निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रशासन मतदाता सूची को अंतिम रूप देने और निर्वाचन क्षेत्रों की व्यवस्था को लेकर तेजी से काम कर रहा है। पंचायत समितियों के पुनर्गठन के बाद नवसृजित समितियों में मतदाताओं की संख्या और वार्डों का निर्धारण भी पूरा कर लिया गया है।
पंचायत समितिवार सामान्य सूचना जारी
आगामी पंचायत समिति चुनाव को लेकर प्रशासन ने पंचायत समितिवार सामान्य सूचना जारी कर दी है। जनगणना 2011 के अनुसार जिले की 14 पंचायत समितियों की कुल जनसंख्या 13 लाख 5 हजार 35 है। पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 240 तय की गई है, जबकि जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 37 है। समितियों के अंतर्गत कुल 262 ग्राम पंचायतें और 3 हजार 330 वार्ड शामिल हैं। प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 10 लाख 6 हजार 783 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
सबसे छोटी और सबसे बड़ी पंचायत समिति
जिले की सबसे छोटी पंचायत समिति मंडावर है, जहां केवल 15 ग्राम पंचायतें हैं। वहीं सबसे बड़ी पंचायत समिति बांदीकुई है, जिसके अंतर्गत 44 ग्राम पंचायतें आती हैं। दूसरे स्थान पर दौसा पंचायत समिति है, जिसमें 37 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जनसंख्या के आधार पर भी बांदीकुई पंचायत समिति सबसे बड़ी है। जबकि लवाण पंचायत समिति सबसे छोटी मानी जाती है।
छह पंचायत समितियों में 15-15 वार्ड
जिले की छह पंचायत समितियों में 15-15 वार्ड हैं। इनमें शिवसिंहपुरा (नवसृजित), मनोहरपुर-खेड़ला (नवसृजित), लवाण, मंडावर, महवा और बैजूपाड़ा शामिल हैं। इन समितियों में 15-15 सदस्य चुने जाएंगे। वहीं बांदीकुई पंचायत समिति में सबसे अधिक 23 पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव होंगे।