{"_id":"684154840dd32defc806644c","slug":"dholpur-news-agtf-got-a-big-success-two-miscreants-arrested-with-ak-47-and-34-live-cartridges-2025-06-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dholpur News: एजीटीएफ को मिली बड़ी कामयाबी, एके-47 और 34 जिंदा कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dholpur News: एजीटीएफ को मिली बड़ी कामयाबी, एके-47 और 34 जिंदा कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धौलपुर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Thu, 05 Jun 2025 01:55 PM IST
विज्ञापन
सार
जिले के राजाखेड़ा में एजीटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एके-47 और 34 जिंदा कारतूस के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक चंबल के कुख्यात सोनू चंबल का भाई है।
राजस्थान
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
राजस्थान पुलिस मुख्यालय की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने जिले के राजाखेड़ा में अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान में एक अत्याधुनिक एके-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 34 जिंदा कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
Trending Videos
राजाखेड़ा थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल और तेजपाल ठाकुर निवासी गांव बसई घीयाराम को गिरफ्तार किया है। जीतू चंबल कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रामदत्त उर्फ सोनू चंबल का भाई है, जिसे अवैध हथियारों की तस्करी का एक बड़ा सरगना माना जाता है। यह पूरी कार्रवाई राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के बसई घीयाराम गांव में सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस उप महानिरीक्षक क्राइम योगेश यादव के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एजीटीएफ सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम को इंवेस्टिगेशन के लिए भेजा गया था। इस टीम का मुख्य लक्ष्य धौलपुर के बीहड़ क्षेत्र के कुख्यात गैंगस्टर रामदत्त ठाकुर उर्फ सोनू चंबल और उसकी गैंग के खिलाफ सटीक जानकारी जुटाना था।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: कल रामेश्वरम के लिए रवाना होगी पहली एसी तीर्थयात्रा ट्रेन, सीएम भजनलाल शर्मा दिखाएंगे हरी झंडी
8 मई को हथियारों की पुख्ता सूचना मिलने के बाद एजीटीएफ और धौलपुर डीएसटी ने राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के सदापुर गांव के बीहड़ों में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च के दौरान कुख्यात बदमाश रामदत्त ठाकुर और उसकी गैंग ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस को भी आत्मरक्षा में गोलियां चलानी पड़ीं। इस मुठभेड़ में कुख्यात डकैत माधव सिंह (32) निवासी घड़ी करीलपुर थाना राजाखेड़ा को पुलिस ने पकड़ लिया।
उसके कब्जे से एक 12 बोर दुनाली बंदूक, एक 325 बोर कट्टा सहित कुल 23 जिंदा कारतूस 12 बोर, 7 जिंदा कारतूस 315 बोर और 5 जिंदा कारतूस 7.65 के.एफ. बरामद हुए। हालांकि रामदत्त उर्फ सोनू चंबल अपने अन्य साथियों और अत्याधुनिक हथियारों के साथ मौके से फरार होने में कामयाब रहा था। गिरफ्तार बदमाश माधव के खिलाफ राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और तेलंगाना में कुल 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। रामदत्त ठाकुर राजाखेड़ा का हिस्ट्रीशीटर है और उसका परिवार आपराधिक पृष्ठभूमि का है। उसकी गैंग राजाखेड़ा धौलपुर क्षेत्र में आतंक का पर्याय बनी हुई थी।
जांच में सामने आया है कि रामदत्त ने बसई घीयाराम और सदापुर पॉवर ग्रिड के पास स्थित बीहड़ों में अन्य राज्यों की गैंगों के कुख्यात बदमाशों को फरारी कटवाने और फायरिंग सिखाने के लिए एक अवैध फायरिंग रेंज बना रखी थी। वह वहां स्थित बगीची में फरार बदमाशों को शरण देता था। एजीटीएफ ने रामदत्त और जीतू चंबल के पास शरण लेने वाले सभी बदमाशों को चिन्हित कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। हाल ही में रामदत्त को हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। रामदत्त की गिरफ्तारी के बाद इस पूरी गैंग की कमान उसका छोटा भाई जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल संभाल रहा था।
ये भी पढ़ें: Sirohi News: बंजर जमीन पर उगाई जा रही हैं सब्जियां और फल, जैविक और यौगिक खेती का आदर्श मॉडल बना आरोग्य वन
बुधवार 4 जून को एजीटीएफ टीम को मुखबिर से एक बेहद पुख्ता सूचना मिली कि एक आधुनिक हथियार जो एके-47 राइफल हो सकती है, जिसे रामदत्त और उसका भाई जीतू कुछ समय पहले लाए थे, वह अब जीतू और उसके पिता के पास उनके गांव में ही मौजूद है। इस महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर धौलपुर एसपी सुमित मेहरडा के समन्वय में, राजाखेड़ा थानाधिकारी और जाप्ते की सहायता से एजीटीएफ टीम ने जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल के घर ग्राम बसई घीयाराम पर तुरंत दबिश दी। इस अचानक की गई दबिश के दौरान पुलिस ने उसके घर से एक एके-47 राइफल मय मैगजीन और 34 जिंदा कारतूस बरामद किए और मौके से जितेंद्र उर्फ जीतू चंबल और तेजपाल ठाकुर निवासी बसई घीयाराम, थाना राजाखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में एजीटीएफ से एएसआई शैलेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल मदन लाल, अरुण कुमार, कांस्टेबल बृजेश शर्मा, श्रवण कुमार एवं धौलपुर पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल रामसहाय की विशेष भूमिका रही। एजिटिव टीम में हेड कांस्टेबल सन्नी कांस्टेबल चालक श्रवण राम भी शामिल थे। धौलपुर पुलिस टीम से एसएचओ राजाखेड़ा रामकिशन यादव मय टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सफल अभियान से राजस्थान में संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी पर एक बार फिर बड़ी चोट पड़ी है।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन