{"_id":"65f41c65a500d40a1e007341","slug":"dholpur-news-troubled-by-blackmailing-10th-class-student-commits-suicide-2024-03-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dholpur News: ब्लैकमेलिंग से परेशान 10वीं कक्षा के छात्र ने की आत्महत्या, फोटो एडिट कर कर रहे थे ब्लैकमेल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dholpur News: ब्लैकमेलिंग से परेशान 10वीं कक्षा के छात्र ने की आत्महत्या, फोटो एडिट कर कर रहे थे ब्लैकमेल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धौलपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Fri, 15 Mar 2024 03:31 PM IST
विज्ञापन
सार
ब्लैकमेलिंग से परेशान कक्षा दसवीं के छात्र ने आत्महत्या कर ली। अश्लील फोटो एडिट कर ब्लैकमेलर छात्र को ब्लैकमेल कर रहे थे। छात्र ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट लिखकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी।
मृतक छात्र
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
धौलपुर शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले दसवीं कक्षा के एक छात्र ने गुरुवार देर रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले छात्र ने सुसाइड नोट लिखकर कुछ लोगों पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। छात्र के परिजनों के मुताबिक, कुछ लोग साल 2022 से छात्र का फोटो लड़की के साथ एडिट कर ब्लैकमेल कर रहे थे, जिसको लेकर पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की गई थी।
Trending Videos
दसवीं कक्षा के छात्र शुभम मीणा (15) के पिता धौलपुर पुलिस में कांस्टेबल ड्राइवर के पद पर तैनात हैं। छात्र के पिता रामनाथ मीणा ने बताया कि उनके बेटे को कुछ लोग साल 2022 से लड़की के साथ फोटो एडिट कर ब्लैकमेल कर रहे थे, जिसकी एवज में आरोपियों ने उनके बेटे से करीब 70 हजार रुपये भी ले लिए थे। मामले को लेकर तत्कालीन समय में कोतवाली थाने में शिकायत भी दी गई, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद एक बार फिर से ब्लैकमेलर ने उनके बेटे को परेशान करना शुरू कर दिया, जिसके बाद आरोपियों ने 13 मार्च को उनका बेटा घर में अकेला था तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
ब्लैकमेल करने वाले आरोपी 37 हजार रुपये की नकदी सहित करीब पांच लाख रुपये के गहने चुरा कर ले गए। जब बच्चे के माता-पिता घर लौटे तो उन्हें बेटे ने ब्लैकमेलरों द्वारा चोरी किए जाने की जानकारी दी, जिसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को फिर से दी गई। इससे आहत होकर देर रात 1:30 बजे छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र द्वारा मौके पर एक सुसाइड नोट लिखा गया है, जिस सुसाइड नोट में छात्र ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात स्वीकार की है। मृतक छात्र हाउसिंग बोर्ड स्थित एक निजी स्कूल का छात्र था। जो ब्लैकमेलिंग के चलते मानसिक तनाव में चल रहा था। मामले को लेकर थाना प्रभारी प्रवेंद्र कुमार रावत ने बताया, पोस्टमॉर्टम करा कर शव पिता को सुपुर्द कर दिया है। पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट पर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में शीघ्र कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
शनिवार को देना था छात्र को पेपर
मृतक छात्र के पिता रामनाथ ने बताया कि उनके बेटे के दसवीं कक्षा के बोर्ड के एग्जाम चल रहे थे। इसको लेकर वह अपने कमरे में तैयारी करता था। उन्होंने बताया कि शनिवार को उनके बेटे का बोर्ड का पेपर था, जिस वजह से वह अपने कमरे में अकेला था। जहां उसने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली। रात को जब छात्र की मां उसे कमरे में देखने गई तो उन्हें छात्र फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। आत्महत्या के लिए उसने खुद के साथ हो रही ब्लैकमेलिंग को जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड नोट में लिखी ब्लैकमेलिंग की बात
छात्र द्वारा आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा गया है। इसमें छात्र ने लिखा, मेरे साथ स्कैम की जानकारी मुझे नहीं दी जा रही थी। 9101740800 मोबाइल नंबर से एक लड़के ने 2500 रुपये लिए थे। इसलिए मुझे डर लगा कि अब मेरे पे मार पड़ेगी। इसलिए मैंने यह चोरी का बहाना लगाया। मेरे से अब और नहीं देखा जा रहा और भी बात थी। लेकिन उन बातों को शॉर्ट में ही समझा देता हूं कि मैंने शुरू में 6/8/2022 में जब निकला था, उस दिन मेरे को ब्लैकमेल किया था। उसके बाद बस अब हिम्मत नहीं है कहने की और मेरा वक्त भी खत्म हो गया है। बस अब तो कॉपी के पेज ने भी साथ छोड़ दिए दो लाइन बची है। सोनू भैया और मोनू भैया और पापा से और मम्मी से बहुत प्यार करता हूं। वैसे तो मैं कहने के लायक नहीं। लेकिन बात आधी बता दी है, अब मुझे नहीं पता कि मेरी डेथ के बाद क्या होगा। लेकिन दिल पर पत्थर रखकर मुझे जला देना, बस मेरा साथ यहां तक ही था, आपका शुभम...
पिता ने की आरोपियों की पहचान
छात्र शुभम के पिता रामनाथ मीणा ने बताया कि जब पहली बार उसके साथ ब्लैकमेल हुई, तब उसकी शिकायत थाने में की गई। शिकायत के बाद की गई पुलिस की जांच में सामने आया था कि मनियां के रहने वाले आरोपी गौरव पोसवाल, धीरज और अमन त्यागी के साथ धौलपुर के अर्पित शर्मा और आकाश कुशवाहा उसके बेटे के साथ ब्लैकमेलिंग कर रहे थे। उसके बावजूद भी पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।