सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Dholpur News ›   Life imprisonment in a five year old murder case; Know the major cases of Dholpur in sequence

Dholpur: आधी रात डकैती से सनसनी, पांच साल पुराने हत्या केस में उम्रकैद; सिलसिलेवार जानें धौलपुर के बड़े मामले

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धौलपुर Published by: शबाहत हुसैन Updated Sun, 01 Jun 2025 07:53 PM IST
विज्ञापन
सार

Dholpur: बीते दिनों हुए सड़क हादसों, लूट, पशु तस्करी और एक पुराने हत्या के फैसले ने सनसनी फैला दी। दिहौली थाना क्षेत्र में चचेरी बहन की शादी में आए अशोक बघेल की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वहीं विश्रोदा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ढोल-ताशा बजाकर लौट रहे तीन युवकों की जान चली गई। सैंपऊ क्षेत्र के करीमपुर गांव में आधी रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर से लाखों की नकदी, जेवर और भगवान का चढ़ावा लूट लिया। 

Life imprisonment in a five year old murder case; Know the major cases of Dholpur in sequence
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार

धौलपुर जिले के दिहौली थाना क्षेत्र में बाइक सवार व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। जिसकी पहचान गुनपुर निवासी 45 वर्षीय अशोक बघेल पुत्र देशराज के रूप में हुई है। बताया गया कि अशोक मंगलवार को चचेरी बहन की शादी में धौलपुर आया हुआ था। शादी का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह मैरिज होम से अपने गांव लौट रहा था। तभी गुनपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दौरान हादसे में अशोक सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल धौलपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तहरीर प्राप्त होने के बाद बुधवार सुबह पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

Trending Videos

धौलपुर में पशु तस्करी का बड़ा मामला उजागर, 8 आरोपी गिरफ्तार
धौलपुर में पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। सरमथुरा थाना पुलिस ने 8 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर 39 पशुओं को मुक्त कराया है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कृपाल सिंह के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी की। उत्तर प्रदेश की तरफ जा रही चार पिकअप गाड़ियों को रोका गया। इन गाड़ियों में पशुओं को अमानवीय तरीके से भरा गया था। पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन पशुओं को उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (1) (घ) समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

धौलपुर में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, दो चचेरे भाई शामिल
धौलपुर में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर 1 बजे सदर थाना इलाके में धौलपुर-करौली NH-11 बी पर विश्रोदा गांव के पास हुआ। युवक धौलपुर में एक शादी समारोह में ढोल ताशे बजाकर बसेड़ी की ओर लौट रहे थे। मृतकों में दो चचेरे भाई शामिल हैं, जबकि तीसरे युवक की अभी तक पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया मृतक युवक रवि (25) पुत्र पप्पू निवासी पथरोला थाना सदर के पिता ने बताया कि उनका बेटा रवि (20) और बड़े भाई दर्शन का बेटा रंजीत (25) बाइक पर सवार तीसरे युवक के साथ बाड़ी से धौलपुर एक शादी समारोह में ढोल ताशा से बजाने गए थे।


पढ़ें: विदेशी वस्तुओं की होली जलाकर स्वदेशी अपनाने का संकल्प, पाकिस्तान समर्थक देशों का बहिष्कार

शादी समारोह में शामिल होने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस बाड़ी की ओर रवाना हुए थे। रास्ते में विश्रोदा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी के तीनों युवक दूर जाकर गिरे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस तीनों युवकों को लहूलुहान हालत में लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टर ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाए हैं। घटना के बाद पुलिस तीसरी मृतक की पहचान करने में जुटी है।

करीमपुर गांव में हथियारबंद बदमाशों ने की लूट, 3 लाख नकदी समेत जेवरात ले गए
धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में बीती रात करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने हथियार की नोक पर एक परिवार के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है। सोने चांदी के आभूषण, करीब 3 लाख की नगदी समेत भगवान का चढ़ावा और बच्चे की गुल्लक को भी बदमाश लूट कर फरार हो गए हैं। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। करीमपुर गांव स्थित अचल सिंह परमार पुत्र हुकम सिंह परिवार के मकान को रात्रि को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया है। घटना की चश्मदीद सरोज देवी ने बताया रात्रि करीब पौने दो बजे के आसपास आधा दर्जन बदमाश जंगला को काटकर घर में घुस आए थे। अलग-अलग कमरों में महिला एवं बच्चे सो रहे थे। गर्मी होने की वजह से घर के पुरुष लोग सभी बाहर सो रहे थे। कमरे में घुसकर बदमाशों ने सीने पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 15 तोला सोना, आधा किलो चांदी समेत करीब 3 लाख की नगदी को निकाल लिया।

पढ़ें: साइक्लोनर के शिकंजे में पांच इनामी अपराधी, एक साथ सफल हुए तीन ऑपरेशन; 'सगरवंशी, शकीरा और दंश'

अलमारी से लूट करने के बाद बदमाश घर में बने भगवान के मंदिर पर पहुंच गए। मंदिर के दान पात्र में रखी नगदी को भी लूट लिया। तीसरे कमरे में घुसकर सामान की तलाशी ली, जिसके अंदर रखी बच्चों की गुल्लक को भी लूट लिया। करीब आधा घंटे तक बदमाश लूटपाट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद महिलाओं ने घर के पुरुष लोगों को अवगत कराया। हथियार की नोक पर हुई लूट की घटना से करीमपुर कस्बे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह, एएसआई अजय सिंह पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का पुलिस ने मौका मुआयना किया है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। पुलिस द्वारा फिंगरप्रिंट भी कलेक्ट किए हैं।

धौलपुर में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

शनिवार सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम राहुल पुत्र सुरेंद्र गिरी है, जो मठ बिहार, थाना बसेड़ी का निवासी था। परिजनों के अनुसार, राहुल पिछले 10 दिनों से बीमार चल रहा था और उसे टीबी की शिकायत थी, जिसका इलाज चल रहा था। बीमारी से परेशान होकर शुक्रवार शाम को उसने शराब में किसी विषैले पदार्थ को मिलाकर पी लिया। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया है। शव का पोस्टमार्टम बसेड़ी पुलिस के पहुंचने के बाद कराया जाएगा।

हत्या के प्रकरण में आरोपी को आजीवन कारावास, 50 हजार का जुर्माना भी

एडीजे कोर्ट धौलपुर ने करीब 5 साल पुराने हत्या के एक प्रकरण में दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उसे 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। मामला 27 जुलाई 2020 का है, जिसमें आरोपी अब जीवन के अंतिम क्षण तक आजीवन कारावास भुगतेगा। एडीजे कोर्ट धौलपुर के अपर लोक अभियोजक मुकेश सिकरवार ने बताया कि करीब 5 साल पुराने मामले में चुन्ना का पुरा थाना कौलारी निवासी रंजीत पुत्र रमेशचंद बैरागी को सजा हुई है।

एपीपी मुकेश सिकरवार ने बताया कि 28 जुलाई 2020 को थाना कौलारी क्षेत्र के गांव नयापुरा निवासी विक्रम पुत्र कैलाशी लोधा ने अपने भाई की हत्या को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उसने बताया कि 27 जुलाई की देर शाम वह बसई नवाब से अपने गांव लौट रहा था। तभी चुन्ना का पुरा और नया पुरा गांव के चौराहे पर उसने अपने भाई धर्मेंद्र को रंजीत के साथ बैठा देखा, जिसके बाद वह घर चला आया। जब 28 जुलाई की सुबह भाई धर्मेंद्र घर वापिस नहीं आया तो उसे तलाशने निकल गया। इसी दौरान चुन्ना का पुरा और नया पुरा गांव के चौराहे के पास खेत में उसके भाई की बाइक और भाई धर्मेंद्र मृत अवस्था में पड़ा हुआ मिला।

पढ़ें:  कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की क्लास में नहीं दिखे लापरवाह अधिकारी, किसानों ने रखी थी अपनी समस्या

उसके बाद विक्रम लोधा ने अपने भाई की हत्या को लेकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें आरोपी रंजीत के साथ सिंटू का भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच अनुसंधान कर चालान पेश किया। उसी प्रकरण में एडीजे कोर्ट ने रंजीत बैरागी को दोषी माना। न्यायाधीश राकेश गोयल ने शनिवार 31 मई 2025 को फैसला सुनाते हुए आरोपी रंजीत को जीवन के अंतिम क्षण तक आजीवन कारावास भुगतने की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आरोपी को 50 हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed