Dholpur: घनी आबादी में शराब की दुकान खोलने पर महिलाओं का विरोध, सैल्समैन को भगाया; सड़क पर फेंके कार्टन
Dholpur: स्थानीय महिलाओं का कहना है कि दुकान स्कूल, मंदिर और रिहायशी इलाकों के बीच खोली गई है, जिससे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने बताया कि दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है।
विस्तार
धौलपुर शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्र भामतीपुरा में आबकारी विभाग द्वारा नई शराब की दुकान खोले जाने का स्थानीय महिलाओं ने जोरदार विरोध किया। शुक्रवार को दर्जनों महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और जमकर हंगामा करते हुए वहां मौजूद सैल्समैन को भगा दिया। महिलाओं ने शराब के कुछ कार्टन सड़क पर फेंक दिए और दुकान के सामने बैठकर 'जय श्रीराम' और 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी' जैसे भजन गाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दुकान को लेकर कमेटी के समक्ष निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि भामतीपुरा की घनी आबादी में हाल ही में यह शराब की दुकान खोली गई है, जिसका लाइसेंस रामअवतार परमार के नाम पर जारी हुआ है। इससे पहले भी स्थानीय महिला और पुरुष इस दुकान के खिलाफ जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पढ़ें: ऑपरेशन ‘अखरोट’ के तहत सायला पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई,बजरी से भरे चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को किया जब्त
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि दुकान स्कूल, मंदिर और रिहायशी इलाकों के बीच खोली गई है, जिससे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने बताया कि दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है। महिलाओं का आरोप है कि आबकारी विभाग ने स्थानीय लोगों की राय लिए बिना ही इस संवेदनशील स्थान पर दुकान का ठेका दे दिया, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में आबकारी विभाग के प्रोग्राम ऑफिसर देव कश्यप ने बताया कि पहले यह दुकान अन्य स्थान पर थी, जहां विरोध के चलते इसका स्थान बदलकर भामतीपुरा में खोला गया है। अब यहां भी स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों की शिकायत कमेटी के समक्ष रखी जाएगी और उचित निर्णय लिया जाएगा।