{"_id":"66acdba53f99cae03d058b77","slug":"rajasthan-mp-bhajanlal-jatav-asked-criteria-declaring-nh-speaker-om-birla-interrupt-minister-ajay-tamta-reply-2024-08-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: कांग्रेस MP भजनलाल ने NH घोषित करने का पूछा मापदंड, मंत्री ने दिया ऐसा जवाब...स्पीकर को टोकना पड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: कांग्रेस MP भजनलाल ने NH घोषित करने का पूछा मापदंड, मंत्री ने दिया ऐसा जवाब...स्पीकर को टोकना पड़ा
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Fri, 02 Aug 2024 06:44 PM IST
विज्ञापन
सार
कांग्रेस सांसद भजनलाल जाटव के सवाल का मंत्री अजय टम्टा जवाब दे रहे थे। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने उन्हें टोका और दो बार सवाल बताया। लेकिन फिर भी वह नहीं समझे तो ओम बिरला ने उन्हें बैठाकर अगला प्रश्न ले लिया।
भजनलाल जाटव और अजय टम्टा
- फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
विस्तार
मानसून सत्र के नौवें दिन लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान नेशनल हाइवे को लेकर सवाल किया गया।कांग्रेस सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र का संदर्भ लेकर ये सवाल किया था कि राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का मापदंड क्या है? जवाब देने के लिए सरकार की ओर से सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा खड़े हुए।
Trending Videos
बता दें कि अजय टम्टा जब जवाब देना शुरू किए, स्पीकर ओम बिरला झुंझलाए और दो बार सवाल भी बताया। फिर जवाब के बीच में ही बैठाकर अगला प्रश्न ले लिया। दरअसल, हुआ ये कि प्रश्नकाल के दौरान राजस्थान के करौली-धौलपुर से कांग्रेस सांसद भजनलाल जाटव ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर सवाल किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
कांग्रेस सांसद ने पूछा, किसी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के क्या मापदंड होते हैं? उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में तीन तीर्थस्थल होने का उल्लेख किया और पूछा कि सरकार इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का विचार रखती है क्या? इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, आप पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे हो। आपको नहीं पता क्या कि कैसे होता है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि इसीलिए मापदंड पूछा है।
इसका जवाब देते हुए अजय टम्टा ने कहा, माननीय सदस्य ने महाराष्ट्र से जुड़ा सवाल पूछा है। इस पर उन्हें टोकते हुए स्पीकर ने कहा कि महाराष्ट्र से संबंधित नहीं, उन्होंने ये पूछा कि राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की क्या नीति होती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ प्रश्न किया था। उनको मैं राजस्थान के बारे में कुछ जानकारी...स्पीकर ने उन्हें फिर टोका।
स्पीकर ने कहा कि राजस्थान के बारे में नहीं पूछा है। मंत्री ने कहा कि नहीं-नहीं, अपने लोकसभा के बारे में जानकारी दी है। इस पर स्पीकर ओम बिरला की झुंझलाहट भी नजर आई। स्पीकर ओम बिरला ने फिर से धौलपुर के सांसद का सवाल दोहराया। केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा जवाब में मोदी सरकार के कार्यकाल में एनएच निर्माण से जुड़े आंकड़े बताने लगे। टम्टा ने जवाब में नरेंद्र मोदी की सरकार में बने एनएच का आंकड़ा बताया ही था कि आसन से स्पीकर ओम बिरला बोले, क्वेश्चन नंबर 144, बैजयंत पांडाजी। स्पीकर ने जवाब दे रहे मंत्री अजय टम्टा से बैठने के लिए कहा।