Jalore News: ट्यूशन के बहाने घर बुलाकर दुष्कर्म का आरोप, दो साल तक ब्लैकमेल करता रहा सरकारी शिक्षक, जांच शुरू
जालौर में एक सरकारी वरिष्ठ अध्यापक पर ट्यूशन के बहाने युवती के साथ कथित दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र में एक युवती ने सरकारी वरिष्ठ अध्यापक पर ट्यूशन के बहाने घर बुलाकर कथित रूप से दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और करीब दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी आरोपी शिक्षक की दुराचरण रिपोर्ट तलब की है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान वर्ष 2023 में युवती की मुलाकात सरकारी वरिष्ठ अध्यापक से हुई थी। आरोप है कि शिक्षक वहां ट्यूशन भी पढ़ाता था।
पीड़िता का आरोप है कि शिक्षक ने ट्यूशन के बहाने उसे अपने घर बुलाया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने और जीएनएम परीक्षा में फेल कराने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया।
ये भी पढ़ें: Jhalawar News: खून से लाल हुए रिश्ते, मामूली कहासुनी में भतीजे ने ताऊ को गंडासी मारी, अस्पताल ले जाते समय मौत
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसी दबाव का फायदा उठाकर आरोपी ने करीब दो वर्षों तक कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी भी दी जाती रही। पीड़िता का कहना है कि सामाजिक बदनामी और मानसिक दबाव के कारण वह लंबे समय तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने भीनमाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता की शिकायत पर भीनमाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपी शिक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।
उधर मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जसवंतपुरा सीबीईओ कार्यालय के माध्यम से आरोपी शिक्षक की दुराचरण रिपोर्ट तलब की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पुलिस रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निलंबन सहित आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच भीनमाल पुलिस कर रही है।