{"_id":"678fd4b6cd790d31b00ae9c2","slug":"rajasthan-dalit-was-brutally-beaten-up-for-touching-water-pot-in-jhunjhunu-then-had-to-pay-ransom-of-1-5-lakhs-2025-01-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan Dalit: झुंझुनूं में पानी का घड़ा छूने पर दलित को बेरहमी से पीटा, फिर देनी पड़ी डेढ़ लाख की फिरौती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan Dalit: झुंझुनूं में पानी का घड़ा छूने पर दलित को बेरहमी से पीटा, फिर देनी पड़ी डेढ़ लाख की फिरौती
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, झुंझुनूं
Published by: अरविंद कुमार
Updated Tue, 21 Jan 2025 10:39 PM IST
विज्ञापन
सार
राजस्थान के झुंझुनूं में एक दलित चालक की बेरहमी से इसलिए पिटाई की गई कि उसने मटके से पानी पीने की कोशिश की। ईंट-भट्ठे के मालिक ने चालक के परिवार से डेढ़ लाख रुपये की फिरौती भी ली।
दलित की पिटाई
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
झुंझुनूं जिले के पचेरी कलां थाना क्षेत्र में पानी का घड़ा यानी मटका छूने पर एक दलित व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई की वारदात सामने आई है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि एक ईंट-भट्ठा मालिक ने पानी के घड़े को हाथ लगाने पर कथित तौर पर दलित ट्रैक्टर चालक को बुरी तरह पीट दिया।
Trending Videos
बता दें कि पचेरी कलां थाना क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे पर यह घटना शनिवार को उस समय हुई, जब ट्रैक्टर चालक चिमनलाल मेघवाल वहां ईंट लेने गया था। पुलिस के अनुसार, पैसे देने के बाद चिमनलाल घड़े से पानी पीने लगा तो भट्ठा मालिक विनोद यादव ने उसे लात मार दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
बेल्ट से बेरहमी से की पिटाई
पुलिस ने बताया कि इसके बाद विनोद और दो अन्य लोग उसे कार से हरियाणा के रेवाड़ी ले गए और बेल्ट से उसकी पिटाई की। उसे छोड़ने के लिए परिवार से डेढ़ लाख रुपये मांगे। पीड़ित के भाई की ओर से पैसे दिए जाने के बाद उसे छोड़ा गया। पुलिस उप निरीक्षक राजपाल ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित ने इस संबंध में रविवार को मामला दर्ज कराया।
शरीर पर चोट के निशान
राजपाल के मुताबिक, चालक के शरीर पर चोट के निशान थे और उसका सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर इलाज कराया गया। उप निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे घड़े से पानी पीने पर पीटा गया। उन्होंने कहा कि अभी मामले में पूछताछ जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पायलट बोले, भाजपा राज में दलित-पिछड़ों पर बढ़ा अत्याचार
सचिन पायलट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को बयान जारी कर कहा, झुंझुनूं के मेघपुर में पानी के मटके को छूने को लेकर दलित व्यक्ति को बेरहमी से पीटने एवं वसूली की घटना पूर्ण रूप से अमानवीय है, जिसकी मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।
भाजपा राज में दलित प्रताड़ित
सचिन पायलट ने कहा कि हर प्रकार के भेदभाव एवं असमानता को मिटाकर लोगों को एकता, समानता और सद्भाव के सूत्र में बांधना है, यही बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के आदर्श हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार के शासन में हो रही इस प्रकार की घटनाएं उन आदर्शों और संवैधानिक मूल्यों को आहत करती हैं। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार के राज में दलितों, पिछड़ों एवं गरीबों पर अत्याचार किया जा रहा है, उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, यह बेहद शर्मनाक है।
टीकाराम जूली बोले, समतामूलक समाज के सपने को भाजपा ने किया तार-तार
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मेघपुर की घटना को भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता और जातिवादी मानसिकता का प्रत्यक्ष उदाहरण बताया है। वे बोले कि यह घटना न केवल दलित समाज के सम्मान और अधिकारों पर हमला है, बल्कि यह भाजपा सरकार की दलित विरोधी नीतियों को भी उजागर करती है। जूली ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर ने जिस समतामूलक समाज और संविधान का सपना देखा था, उसे राजस्थान की भाजपा सरकार ने तार-तार कर दिया है। बाबा साहब ने हमें समानता, न्याय और भाईचारे का मार्ग दिखाया था, लेकिन आज यह सरकार इन मूल्यों की खुलेआम अवहेलना कर रही है। दलितों को सिर्फ उनकी जाति के आधार पर अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।