Kota News: रिटायर्ड फौजी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश; पूछताछ में कबूला राज
कोटा में रिटायर्ड फौजी हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ ही चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस हिरासत में पत्नी से की गई पूछताछ में सामने आया कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई थी।
विस्तार
कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी मनोज कुमार शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस हिरासत में ली गई पत्नी दीपिका से पूछताछ में सामने आया है कि उसने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार पति उसके रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना की रात घर में शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद प्रेमी देवेश और उसके साथी ने दीपिका की मौजूदगी में मनोज का गला घोंट दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने मामला छिपाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी थी।
ये भी पढ़ें: फर्जी पुलिसकर्मी होटल से गिरफ्तार: सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को फंसाता था, करता था ऐसे-ऐसे काम; गंभीर आरोप
बता दें कि गुरुवार रात आवंली रोजड़ी क्षेत्र में मनोज शर्मा का शव घर के पलंग पर मिला था। शुरुआत में मौत को सामान्य बताने की कोशिश की गई, लेकिन पड़ोसियों को कुछ शक हुआ। अजमेर से पहुंचे मृतक के पिता ने गले पर निशान देखे तो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।
पुलिस ने मामले में पत्नी दीपिका और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी देवेश फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस अब मोबाइल डेटा व अन्य सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
मृतक मनोज शर्मा करीब 5 साल पहले सेना से रिटायर हुआ था और वर्तमान में अजमेर डिस्कॉम में कार्यरत था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है और परिजन पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
