Rajasthan News: खाटू में उमड़ा आस्था का सैलाब! निर्जला एकादशी मेले में लाखों भक्तों की दस्तक
सीकर जिले के विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में निर्जला एकादशी के दो दिवसीय मेले की शुरुआत के साथ ही श्याम नगरी भक्तिमय माहौल में डूब गई है। बुधवार रात से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में निर्जला एकादशी के दो दिवसीय मेले की शुरुआत के साथ ही पूरी श्याम नगरी भक्तिमय माहौल में डूब गई है। बुधवार रात से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। प्रशासन का अनुमान है कि मेले के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु खाटूश्यामजी पहुंचेंगे।
प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और श्याम मंदिर कमेटी ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रींगस से खाटू तक तीन दिन के लिए नो-व्हीकल जोन लागू किया गया है, ताकि मंदिर क्षेत्र में जाम और भीड़ की स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।
24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी जरूरी सेवाएं
जिला कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली, चिकित्सा, पेयजल, सफाई और आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा बड़ा पुलिस बल
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है। करीब 250 पुलिसकर्मी, आरएसी जवान, होमगार्ड और सादा वर्दी में पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए मंदिर समिति के गाइड भी तैनात किए गए हैं। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस रखा जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रेलवे ने भी बढ़ाई सुविधाएं
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ा दी गई है। इसके अलावा भिवानी-दोहर बालाजी-भिवानी स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है। रींगस रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।
विशेष श्रृंगार बनेगा आकर्षण का केंद्र
इस बार बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। मंदिर को दिल्ली और कोलकाता से मंगवाए गए रंग-बिरंगे फूलों और ड्राई फ्रूट्स से सजाया जाएगा। एकादशी के अवसर पर बाबा का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं की आस्था का विशेष केंद्र रहेगा।

पार्किंग और यातायात के लिए अलग व्यवस्था
वाहनों की पार्किंग के लिए 52 बीघा पार्किंग स्थल और सांवलपुरा रोड पर विशेष व्यवस्था की गई है। छोटी गाड़ियों को शाहपुरा मार्ग से 52 बीघा पार्किंग तक भेजा जाएगा, जबकि बड़े वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। मंढा-खाटू मार्ग को वन-वे बनाकर यातायात को व्यवस्थित किया जाएगा।
हाथों में निशान लेकर पैदल चल रहे श्रद्धालु
रींगस से खाटू तक के मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने हाथों में बाबा श्याम का निशान लेकर पैदल यात्रा करते हुए नजर आ रहे हैं। श्रद्धालुओं के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा मार्ग भक्तिमय माहौल में रंगा हुआ है। निर्जला एकादशी मेले के साथ खाटूश्यामजी धाम में आस्था का विशाल संगम देखने को मिल रहा है। प्रशासन, मंदिर समिति और सुरक्षा एजेंसियां लाखों श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम दर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।