{"_id":"6a71b172491d514d2f095d80","slug":"trailer-collides-with-traveller-carrying-pilgrims-3-killed-including-two-sisters-13-injured-sikar-news-c-1-1-noi1552-4574635-2026-08-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: खाटूश्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर को ट्रेलर ने रौंदा, दो सगी बहनों समेत तीन की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: खाटूश्याम से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर को ट्रेलर ने रौंदा, दो सगी बहनों समेत तीन की मौत
Tue, 04 Aug 2026 05:12 PM IST
सीकर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीकर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीकर
Published by: सीकर ब्यूरो
Updated Tue, 04 Aug 2026 05:12 PM IST
सार
Rajasthan News: राजस्थान के चूरू जिले में सालासर रोड पर ट्रेलर और ट्रैवलर की भीषण टक्कर में कोलकाता के एक ही परिवार के दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया।
विज्ञापन
दुर्घटना
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के चूरू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीर्थ यात्रा पर निकले परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सुजानगढ़ सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर सालासर रोड स्थित बोबासर पुलिया के पास एक बेकाबू ट्रेलर ने सामने से आ रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। तीन गंभीर घायलों को सीकर रेफर किया गया है।
विज्ञापन
कोलकाता के एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतकों की पहचान कोलकाता निवासी सुशीला साहू (70) पत्नी गंगाप्रसाद साहू, उर्मिला साहू (65) पत्नी छोटेलाल साहू और आनंदी कहार (16) पुत्री उत्पल कहार के रूप में हुई है। सुशीला और उर्मिला सगी बहनें थीं, जबकि आनंदी उनकी भतीजी की बेटी थी।
विज्ञापन
खाटूश्याम और सालासर दर्शन के बाद हुआ हादसा
परिजन गंगाप्रसाद साहू ने बताया कि परिवार के 20 सदस्य कोलकाता से जयपुर पहुंचे थे। इसके बाद सभी ने खाटूश्यामजी के दर्शन किए और वहीं रात्रि विश्राम किया। सुबह परिवार ट्रैवलर से सालासर बालाजी पहुंचा। दर्शन करने के बाद सभी पुष्कर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान बोबासर पुलिया के पास यह भीषण हादसा हो गया।
विज्ञापन
ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह
सुजानगढ़ सदर थाना प्रभारी मुकुट बिहारी मीणा के अनुसार, ट्रेलर जसवंतगढ़ की तरफ से सालासर की ओर जा रहा था। चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैवलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर पलट गई, जबकि ट्रेलर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़कर हाईवे से नीचे लटक गया।
यह भी पढ़ें: जोधपुर जेल में बंद आसाराम को 13 साल बाद बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने 20 दिन की पैरोल को दी मंजूरी
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ट्रैवलर में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 16 वर्षीय आनंदी कहार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए सीकर रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।