सीकर में मेहरबान हुआ मानसून: झमाझम बारिश से खेत हुए गुलजार, सड़कें बनीं दरिया, शहर पानी-पानी
सीकर जिले में मानसून ने एक बार फिर जोरदार वापसी करते हुए कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज कराई। लक्ष्मणगढ़, खंडेला, नीमकाथाना, दांतारामगढ़, फतेहपुर और अन्य इलाकों में हुई बारिश से किसानों को राहत मिली और खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल माहौल बना।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लंबे इंतजार के बाद मानसून ने सीकर जिले में एक बार फिर दमदार वापसी की है। अल सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया। एक ओर बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी और खरीफ फसलों के लिए नई उम्मीद जगाई, तो दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में जलभराव ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सड़कें पानी में डूब गईं, वाहन बीच रास्ते में फंस गए और कई निचले इलाकों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिलेभर में झमाझम बारिश, कई क्षेत्रों में अच्छी बरसात
सीकर जिले में मानसून एक बार फिर पूरी तरह मेहरबान नजर आया। अल सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया। लक्ष्मणगढ़, दादिया, सीकर ग्रामीण, खंडेला, नीमकाथाना, धोद, श्रीमाधोपुर, दांतारामगढ़, रामगढ़ शेखावाटी और फतेहपुर सहित लगभग सभी क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जिले के कई अन्य स्थानों से भी लगातार वर्षा की खबरें मिलीं। बारिश से जहां किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नवलगढ़ रोड पर दो किलोमीटर तक सड़कें पानी में डूबीं
सीकर शहर में देर रात से लेकर सुबह करीब साढ़े सात बजे तक रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। सबसे ज्यादा असर नवलगढ़ रोड पर देखने को मिला, जहां करीब दो किलोमीटर तक सड़कें पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया, जिससे छोटे-बड़े वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए। दुपहिया वाहन चालकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जबकि लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया।
जाट बाजार, चांदपोल गेट और पुलिस लाइन में बढ़ी परेशानी
जाट बाजार, चांदपोल गेट और अन्य निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। कई बाजारों में दुकानों के सामने पानी भर गया, जिससे व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ी। दूसरी ओर, पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टरों में बारिश का पानी भरने के साथ सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी भी घरों में घुस गया। इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- Rajasthan: हवेली में दफन खजाना मिलने का दावा, मालिक ने ठेकेदार पर सोने-चांदी की संपत्ति हड़पने का केस कराया
तापमान में गिरावट, लेकिन उमस बरकरार
बारिश के बाद जिले के मौसम में भी बदलाव देखने को मिला। तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि हवाएं नहीं चलने के कारण वातावरण में उमस बनी रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में अच्छी और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है।
किसानों के लिए राहत, खरीफ फसलों को मिलेगा फायदा
बारिश कृषि क्षेत्र के लिए राहत लेकर आई है। लंबे समय से अच्छी बरसात का इंतजार कर रहे किसानों ने इसे खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभकारी बताया। खेतों में नमी बढ़ने से बाजरा, मूंग, ग्वार, तिल और अन्य फसलों की बुवाई को गति मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, जोहड़ों और जलाशयों में भी पानी की आवक शुरू हो गई है, जिससे जल संकट से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
बारिश ने बढ़ाई मानसून की रफ्तार, जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
जिले में हुई इस जोरदार बारिश ने एक ओर मानसून की रफ्तार तेज होने के संकेत दिए हैं, तो दूसरी ओर शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। यदि आने वाले दिनों में इसी तरह बारिश जारी रही तो निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।