कार-बाइक की भिड़ंत में उड़े परखच्चे: भीषण हादसे में मां और दो बेटों की मौत, बेटी समेत दो गंभीर घायल
Sirohi Road Accident: सिरोही के पादर-मैथीपुरा मार्ग पर कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां और दो बेटों की मौत हो गई। इस हादसे में बेटी सहित दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू की है।
विस्तार
सिरोही जिले के पादर-मैथीपुरा मार्ग पर जोगियों का धोरा स्थित गोगाजी थान के पास हुए सड़क हादसे में मां एवं दो बेटों की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटी और एक अन्य व्यक्ति का उपचार जारी है। घटना के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान, घायलों का उपचार जारी
पुलिस के अनुसार हादसे में वैराजेतपुरा, तहसील शिवगंज, जिला सिरोही निवासी श्रीपालसिंह पुत्र पूरणसिंह राजपूत (20), शैलकुंवर पत्नी पूरणसिंह राजपूत (45) और विपुल पुत्र पूरणसिंह राजपूत (13) की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।
वहीं मनीषा पुत्री पूरणसिंह राजपूत (16) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। कार में सवार इकबालगढ़, थाना अमीरगढ, जिला बनासकांठा (गुजरात) निवासी पंकज पुत्र रमेशभाई कोली का भी इलाज चल रहा है। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पढ़ें- Rajasthan: बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत, बाप-बेटे गंभीर; बांसवाड़ा में अब तक 250 से ज्यादा की गई जान
तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय मृतका मां और दोनों बेटे मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा कार के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पालनपुर ले जाने के बाद हुई मौत
प्राथमिक इलाज के बाद परिजन घायलों को पालनपुर, गुजरात ले गए, जहां मां और दोनों बेटों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। हादसे के बाद रेवदर वृताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, परिवहन निरीक्षक मनीष खत्री, सार्वजनिक निर्माण विभाग के जेईएन कमलेश कुमार, रेवदर तहसीलदार और मंडार थानाधिकारी प्रवीण आचार्य मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
